कुत्ता कटहा होता है और कुतिया कटही। सामान्यत: इन शब्दों का प्रयोग आदी हो चुके प्राणियों के लिए होता है लेकिन मैंने इन्हें सामान्य प्रवृत्ति के रूप में कहा है। इंसान कुत्ता पालता है। इस लिहाज से उसकी दो श्रेणियाँ बनती हैं - कुत्ता पालक और कुत्ता विहीन। बहुत पहले से ही इंसान की दो मोटी श्रेणियाँ बताई गई हैं - एक कुत्ता और दूसरी इंसान(तीसरी श्रेणी ब्लॉगर अभी निर्माण प्रक्रिया में है)। कुत्ता श्रेणी काटती है, दूसरों को कटवाती है और इंसान श्रेणी शिकार होने में यकीन रखती है। मेरी यह पोस्ट उन कुत्तों के ऊपर है जो कुत्ता पालते हैं। उन कुत्तों के ऊपर भी है जो पाले जाते हैं और उन अभागे इंसानों के ऊपर भी है जो कटते हैं, कटवाए जाते हैं। अब आप कहेंगे ये अचानक प्रेमपत्र लिखते लिखते कुत्ते कहाँ से आ गए?
पश्चिम भारत में अपनी पोस्टिंग के दौरान मुझे एक कहावत से साक्षात्कार हुआ - किस्मत खराब हो तो ऊँट पर बैठे आदमी को भी कुत्ता काट लेता है। मैं ऊँट पर तो नहीं बैठा था लेकिन प्रेममयी हवाओं पर सवार था और मुझे कुतिया ने काट लिया । इंसान टाइप नहीं कुत्ती टाइप - वाकई वाली।
काटने वाली हर चीज विघ्नकारी होती है। जाहिर है वह कुतिया भी थी । कल सोचा था कि प्रेमकहानी को विस्तार से लिखूँगा, लोग छुटंकी फुलझड़ियों से तंग आ गए हैं और कहने लगे हैं - बाज आओ ऐसी हरकतों से! लेकिन आदमी का सोचा हरदम होता तो दुनिया कभी की नरक बन गई होती। वाक्यों में प्रेम का नरक से इस तरह सट जाना कुतिया के कारण ही हुआ है - न काटती और न यह लेख लिखता। तो कल इस कारण प्रेमकहानी लिखना स्थगित हो गया और मैं एंटी रेबीज वैक्सिन, टिटबैक लगवाने में ही व्यस्त रहा।

हुआ यह कि अपने एक पड़ोसी के यहाँ गया था। उन्हों ने पॉमरेनियन कुतिया पाल रखी है - देखन को सुन्दर लगें, घाव करें गम्भीर वाली। नाम में 'पामर' ऐसे ही नहीं है (आ और ऑ को भूल जाइए)! नए जमाने के छोकरे छोकरियाँ देखते ही कहेंगे - वो: हाउ क्यूट ! वह कुतिया बाहर उनके साथ हमेशा दिखती है। मुझे कई बार यह शंका भी होती रही है कि उसने उन्हें पाला है या उन्हों ने उसे पाला है! खैर, उसका मुझसे भी परिचय है - वही सो काल्ड दुलार दिखाने वाला। लिपटना, सूँघना, छू कर भाग जाना। मैं सावधान रहता हूँ। लिपटने, सूँघने और छू कर भागने की कोशिश करने वाले प्राणियों से मैं हमेशा सतर्क रहता हूँ। अब सतर्क रहने का अर्थ यह तो हरगिज नहीं होता कि आप काटे भी नहीं जाएँगे।
वह सज्जन घर पर नहीं थे। इसलिए तुरंत ही लौट चला। हादसा तब हुआ जब मैंने निकलते हुए एक ब्लॉगर महोदय को फोन लगाया। हमदोनों बातें कर रहे थे, भौंक नहीं रहे थे (उसके लिए ब्लॉग है ही) और उसी दरम्यान चोर की तरह पीछे से आकर उस कुतिया ने काट लिया। मुझे बहुत आश्चर्य हुआ और जैसा कि हर आश्चर्य के साथ अमूमन होता है, कुछ ही देर में तिरोहित भी हो गया। मैंने अनुमान लगाया कि कुतिया को मेरा इंसान से यूँ तीसरी श्रेणी ब्लॉगर में परिवर्तित होना समझ में नहीं आया और बाद में जाँच पड़ताल के लिहाज से उसने अपने दंतचिह्न मेरी देह पर छोड़ दिए। कुत्ता होता तो शायद सू सू कर के ही छोड़ देता। एक सीख मिली कि कभी श्वान नस्ल नहीं पालूँगा और दुर्भाग्य से अगर पालना पड़ गया तो कुत्ता पाल लूँगा लेकिन कुतिया हरगिज नहीं।
मैंने उस सज्जन के दो जवान पठ्ठों से बताया कि काट लिया तो उन्हों ने कृपा पूर्वक देखते हुए कहा - अरे नहीं! ऐसे ही खेलती रहती है। पिंडली में पिरपिरी हो रही थी और वे दोनों मानने को भी नहीं तैयार! उनके पितामह से कहा तो उन्हों ने अगली बात पूरी तसल्ली से कही - वैक्सिनेटेड है, निश्चिंत रहिए। दिखाइए। दिखाने पर बोले खरोंच ही तो लगी है। मैं दाँत चियारते घर लौट आया। श्रीमती जी ने सुना तो आग बबूला। मामला ऑब्जेक्टिव से सब्जेक्टिव हो गया। वे सब इंसान थोड़े हैं ! क्या करने गए थे? घर के सारे बर्तनों में कुतिया खाती रहती है लेकिन कूड़े वाले को इसलिए नहीं रखते कि कूड़े की बाल्टी थमाते छू जाएगा। मैं हैरान ! अभी पिछले हफ्ते ही उस गली में हाथ जोड़ कर आया था कि कूड़ा सड़क पर न फेंका करें ! यह ऐंगल मुझे नहीं पता था। श्रीमती जी जारी रहीं - कामवालियाँ तक उनके यहाँ चाय नहीं पीतीं। कितनी बार ही वह कुतिया बच्चों को दौड़ा चुकी है, एक बकरी को काट चुकी है और ये सूअर उसे पट्टा पकड़ कर नहीं घुमाते !
मामला इंसान और कुत्तों से सूअर पर आ पहुँचा था। कुछ अधिक ही सब्जेक्टिव न हो जाय इसलिए मैंने रोका - अब ?
जैसा कि हर प्राणप्यारी साली का फर्ज होता है, चाह होती है; इन्हों ने अपने डाक्टर जीजू को फोन लगाया । उधर से यह सलाह मिली कि कहने पर न जाइए, उन लोगों से कुतिया के वैक्सिनेशन का कार्ड माँगिए। फिर मुझे बताइए। अगर अपडेटेड है तो फर्स्ट एड और शायद एंटी बायटिक से ही काम बन जाएगा। मैं पुन: उनके घर पहुँचा। इस बार कार पर सवार था - क्या पता दुबारा न ... ! उनके बड़े सुपुत्र से कहा तो उन्हों ने थोड़ी सी आश्चर्यमिश्रित प्रशंसा दिखाई - अच्छा, वाकई काट लिया! मेरे मन में धमक उठी - कुत्ते!
मैंने कार्ड की बात की तो उनके प्रसन्न मुखमंडल पर दुविधा के बादल आए और चले गए। पापा नहीं हैं और उन्हें ही पता है । मैं चकित नहीं हुआ ।
पितामह बोले - आप निश्चिंत रहिए। यह उन्हों ने दो बार कहा। पिछली बार वाला मिला कर तीन बार हो गया। कोई बात बार बार कही जाय तो कई बार उसके गूढ़ार्थ विपरीत होते हैं। अब अमरेन्द्र जी ही बता पाएँगे कि इसे लक्षणा कहते हैं या व्यञ्जना? बड़े बेटे ने आकर बड़े प्रेम से कहा - ऐसा करिए, आप वैक्सिन लगवा ही लीजिए। कह कर पुन: कुर्सी पर बैठ तन्द्रा में लीन हो गया और मैं अपने अभियान पर चल पड़ा ...
अब जब कि दोनो बाहों और एक पिंडली पर निशान हैं, यह लिख रहा हूँ। साथ ही सोच रहा हूँ कि प्रेमपत्र में इस बारे में लिखना ठीक होगा या नहीं ? आप लोग अपनी राय अवश्य दें।
घरों में कुत्ते कुत्ते टाइप के इंसानों से सुरक्षा के लिए पाले जाते हैं । दुलार, प्यार, अँकवार आदि के अलावा यह भी एक अहम उद्देश्य होता है। लेकिन होता उलट है। कुत्तों से तो बचाव नहीं होता, इंसान टाइप के इंसान घर में आते घबराते हैं। बड़ा अजीब लगता है जब घर में पहुँचते ही इंसान से पहले कुत्ता लिपट कर, सूँघ कर और छू कर स्वागत करता है। जैसे जाँच पड़ताल कर रहा हो कि आया हुआ इंसान इंसान ही है, कुत्ता नहीं। अब चूँकि आया हुआ अधिकतर इंसान ही होता है, उसे बड़ी कोफ्त होती है। कोफ्त होती रहती है और दाँत निपोरते कहता रहता है - ये तो बड़ा अच्छा कुत्ता है ! सुन्दर है। कौन सी नस्ल का है? कुत्ता है या कुतिया? मन में भय भनभनाता रहता है । मारे डर के न तो भाभी जी के मेकअप पर ध्यान जाता है और न ही भाई साहब के रंगे बालों पर। ऐसे घरों के बच्चे तो वैसे ही कुत्तामय होते हैं। सोफे पर बैठता है तो फिर वही कुत्ता। ... ...
अधिक लिखूँगा तो सुबह ही कुत्तामय हो जाएगी। इसलिए विराम देता हूँ। चलते चलते बता दूँ कि इस कांड के बारे में मैंने अरविन्द जी को रात ही में बताया। वैज्ञानिक चेतना सम्पन्न बड़े भैया ने मेरे पूर्वग्रहों पर शांत भाव से अपनी प्रतिस्थापनाएँ बताईं। कुत्तापालनशास्त्र संक्षिप्त रूप से समझाया। जो कुछ कहा उसका लब्बो लुआब यह है कि पालतू कुत्ते का व्यवहार इस बात पर निर्भर करता है कि उसे कुत्ते ने पाला है या इंसान ने। यह बताना भी नहीं भूले कि उनके व्यवहार का लिंग, जाति, धर्म आदि से कोई सम्बन्ध नहीं होता। कुत्ते बस कुत्ते होते हैं। वे इंसान नहीं जो बीस तरह के खाँचों में भी न फिट हो पाएँ। मैंने यह सोचते हुए शुभरात्रि बोला कि कम से कम इस बात के लिए तो उन पर हमले नहीं होंगे। ब्लॉग जगत इतना भी कुत्ता नहीं है।