प्रेमगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
प्रेमगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 25 सितंबर 2011

प्रार्थना

आज मन बहुत उदास है। प्रख्यात गायक जगजीत सिंह मस्तिष्क रक्त स्राव के कारण गम्भीर स्थिति में हैं। कहते हैं कि पहला प्रेम कभी नहीं भूलता। उनका गाया फिल्म ‘प्रेमगीत’ का अमर गीत ‘होठों से छू लो तुम’ संगीत के प्रति मेरे प्रेम का पहला कारण बना। आज भी आठवीं कक्षा की वह आठवी घंटी याद आती है जब कहानियों के क्षेत्र से गायन की ओर पहला पग लिया और उससे आगे कभी नहीं बढ़ा। पता नहीं गीत की सादगी है, संगीत की सहजता है या स्वर में भोले से स्वीकार और आग्रह का पुट है – आज भी जब यह गीत सुनता हूँ तो पग ठिठक जाते हैं। कुमार गन्धर्व, मल्लिकार्जुन मंसूर तो बहुत बाद में मन में समाये लेकिन जगजीत सिंह! पता नहीं कब...

उनका ऋणी हूँ कि भक्ति संगीत से मुझे जोड़ रखे हैं। ‘जनम सफल होगा रे बन्दे मन में राम बसा ले’ भजन में स्वर की वही सहजता है जैसे कोई साधू दिन भर के थके माँदे को समझा रहा हो। जिन चन्द विभूतियों के कारण यह नास्तिक समर्पण और प्रार्थना के स्वरों का अवगाहन आज भी करता है, उनमें जगजीत सिंह भी हैं।

ऋणी हूँ कि व्यर्थ सद्भावना के बवंडरों के बीच औसत दर्जे के पाकिस्तानी गायकों के प्रमोशन और भारतीय प्रतिभाओं की उपेक्षा के विरुद्ध अकेले जगजीत सिंह ने स्वर उठाया है। 

आज जाने किससे प्रार्थना में झुका हूँ कि नहीं, कुछ भी अवांछित नहीं होना चाहिये। आज भगवद्गीता नहीं देखनी मुझे ...




'पहला प्रेम' गीत 

'और' प्रार्थना - मुझे निर्वेद या वैराग्य नहीं चाहिये। यह बस एक नासमझ प्रार्थना है, ठीक गीत के वीडियो जैसी।