बुधवार, 27 मई 2020

murder of lomaharshan जुरासिक पार्क, क्षेपक पुराण परम्परा, जातिवाद, अर्थशास्त्र व सूत लोमहर्षण


जुरासिक पार्क फिल्म में लुप्त डाइनासॉरों को पुनर्जीवित करने के उद्योग में खण्डित गुणसूत्र ही मिल पाते हैं। जो अंश नहीं मिलते, उनके स्थान पर मेढक के सूत्र जोड़ कर लड़ी पूरी की जाती है और डाइनासॉर पुन: रचे जाते हैं। पुराण परम्परा के साथ भी यही हुआ। शताब्दियों के अंतर पर स्थित विविध सत्त्रों में लुप्तप्राय परम्परा को कथा कहानियों से जोड़ पुन: पुन: जीवित किया गया। कालान्तर में आई जातिवादी प्रवृत्ति ने इसमें अपने दुराग्रह भी जोड़ दिये। सूत लो(रो)महर्षण का अंत प्रकरण भी वही है।
अब उपलब्ध 'हरिवंश पुराण' व्यास परम्परा का ग्रंथ है किंतु द्वैपायन व्यास द्वारा रचा हुआ नहीं है। जनमेजय के आग्रह पर वैशम्पायन ने वृष्णिवंशियों का पुराण सुनाया। इतिहास पहले से उपलब्ध था, उसे पौराणिक रूप वैशम्पायन द्वारा दिया गया। सूत शब्द के विविध अर्थ हैं - जन्मा, प्राप्त किया हुआ, जन्म दिया हुआ, उत्पन्न, विमुञ्चित, नियोजित। इतिहास का गायन परम्परा से ही घुमन्तू चारण वर्ग किया करता था। चारण शब्द भी बहुअर्थी है। एक अर्थ है जो चारो वेदों में प्रवीण हो, एक चरैवेति चरैवेति से जुड़ा हुआ है। वह दीक्षित शिक्षित वर्ग जो परम्परा द्वारा ही इतिहास गायन हेतु नियुक्त किया गया था, सूत कहलाता था। शस्त्र व शास्त्र परम्परा से ही रथ आदि का जो शिल्पी वर्ग विमुञ्चित हुआ, नियुक्त हुआ वह सूत सारथी कहलाया। सूत शब्द एक प्रकार के प्रतिलोमज हेतु भी प्रयुक्त होता था - क्षत्रिय पिता व ब्राह्मण माता की संतान। कौटल्य तक इस वर्ग की पौराणिक सूत से भिन्नता ज्ञात थी किंतु जातिवादी आग्रहों के कारण भेद को तनु करने का प्रयास आरम्भ हो गया था। अर्थशास्त्र में कौटल्य को बताना पड़ा - पौराणिकस्त्वान्यो सूतो। सूत लोमहर्षण सबसे प्रसिद्ध थे क्योंकि उनकी कथा गायन की शैली इतनी प्रभावी थी कि श्रोताओं के रोंये खड़े हो जाते थे। मूल लुप्त हुआ किंतु सूतों ने अपना काम जारी रखा। परिणाम यह हुआ कि बहुत लम्बे अंतराल के पश्चात जब पुराणों व इतिहास को पुन: संयोजित करने की आवश्यकता पड़ी तो विद्वत्‌ परिषद को उन्हीं सूतों के चरणों में बैठना पड़ा। ऐसा अनेक बार हुआ जिसके स्पष्ट अंत:प्रमाण पुराणों में ही मिलते हैं। धीरे धीरे सूतों के स्थान पर छंद सुव्यवस्थित व संस्कृत कथ्य प्रभावी होता चला गया। कालक्रम में सूत चारण लुप्त हुये। पौराणिकों द्वारा मेढक के सूत्रों की भाँति जोड़े गये जातिवादी सूत्र मुख्य कथ्य हो गये। भागवती व आधुनिक चूना कली सम्प्रदाय द्वारा औचित्य स्थापन के चक्र में उलझे गल्प गढ़े गये।अर्थशास्त्र तो जाने कब से लुप्त था, उसके स्थान पर कामंदकीय सार पढ़ाया जाता था। जब मूल ही बिला गया था तो सूत सूत में भेद जैसी सूक्ष्म बात की स्मृति कैसे रहती? एक वर्ग को यह सदैव खटकता था कि नीच सूतों से कैसे शिक्षा ली जा सकती है! सूत परम्परा तो भुला ही दी गयी थी, भागवती भक्ति उत्साहवश पुराण में जोड़ कर सूतों के मुख से कहलाया गया कि भगवच्चरित्र की महिमा है कि हम नीच उत्पन्न भी ऋषि मुनियों को कथा सुनाने के अधिकारी बन गये! अरे बंधु! वे नीच थे ही कब? सिद्ध होता है कि यह अंश तब जोड़ा गया जब कौटलीय अर्थशास्त्र ही नहीं, उसकी स्मृति तक विलुप्त हो चुकी थी अर्थात बहुत ही नया है। इसी क्रम में मदोन्मत्त बलराम द्वारा लोमहर्षण का वध दर्शाया गया। आजकल चूना कली करते हुये चाहे जो लिखा या बताया जाय, वास्तविकता यह है कि लोमहर्षण का वध कथा सुनाते समय इस कारण हुआ बताया गया कि नीच जाति के हो कर श्रेष्ठ ब्राह्मणों को कथा सुनाने का दुस्साहस कैसे किया! वैष्णव भक्तों को यह खटकता रहा है तो उस पर चूना कली लगाया जाता है कि ऋषियों का अनादर देख कि व्यासपीठ पर ऊँचे बैठ नीच उन्हें कथा सुनाता है! ऐसा सोच बलराम ने उन्हें मारा। बलराम को व्यासपीठ की महिमा ज्ञात ही नहीं थी! अरे भई, जिन्हें अवतार बताते नहीं थकते, वे इतने अज्ञानी थे! वास्तविकता यह है कि व्यासपीठ की अवधारणा बहुत परवर्ती है, बलराम के समय इसके होने का कोई प्रश्न ही नहीं उठता! इतिहास, नाराशंसी व पुराण कथायें वैदिक यज्ञों तथा सत्रों में मुख्य कर्मकाण्डों से विराम के समय सुनने सुनाने का प्रचलन था। उनके लुप्त होने के उपरांत जो निर्वात हुआ, उसे व्यासपीठ की रचना द्वारा भरा गया और ऐसा होने के बीच में शताब्दियों का सङ्क्रमण काल रहा। यही सच है। शुकदेव, भागवत कथा, व्यासपीठ आदि विशिष्ट पौराणिक शैली की परवर्ती स्थापनायें हैं जिनके नेपथ्य में जातिवादी कलुष भी अपने खेल खेलता रहा। 'हरि अनन्त हरिकथा अनंता' गाते हुये जो सर्वसमावेशी उत्साह में सब कुछ स्वीकार करने के पक्ष में हैं, यह लेख उनके लिये नहीं है। कृष्ण और शुक्ल का अंतर स्पष्ट करना बहुत आवश्यक है। कभी कभी 'धूसर' रंग विष के अतिरिक्त कुछ नहीं होता, त्याज्य।

रविवार, 17 मई 2020

कथावाचक को दक्षिणा एवं अर्पण


भविष्यपुराण लिखे जाने तक कथावाचकों द्वारा व्यासपीठ से रामायण एवं महाभारत को भी सुनाने का प्रचलन था -
भगवन्केन विधिना श्रोतव्यं भारतं नरैः चरितं रामभद्रस्य पुराणानि विशेषतः
अर्थात महाभारत को लेकर प्रचलित रूढ़ि कि 'घर में रखना ही नहीं चाहिये' इस पुराण से परवर्ती है। यह भी कह सकते हैं कि कथावाचकों में उतनी योग्यता ही नहीं रही कि महाभारत को सुना सकें।
कथा का माह पूर्ण होने पर द्क्षिणा का विधान है। माष कहते हैं उड़द को जोकि भार-मापन की एक इकाई थी तथा आठ रत्ती या चौसठ धान के दानों के समान होती थी। स्पष्टत: यह साधारण ड़द  हो कर राजमाष या राजमा रहा होगा। वर्तमान में इसका तुल्य भार लगभग एक ग्राम होता है।
मासि पूर्णे द्विज श्रेष्ठे दातव्यं स्वर्णमाषकम् ब्राह्मणेन महाबाहो द्वे देये क्षत्रियस्य तु वाचकाय द्विजश्रेष्ठ वैश्येनापि त्रयं तथा शूद्रेणैव चत्वारो दातव्याः स्वर्णमाषकाः
ब्राह्मण एक माष, क्षत्रिय दो माष, वैश्य तीन माष एवं शूद्र चार माष भार सोने की दक्षिणा दे। यहाँ दलहितवादी शूद्रों के शोषण की बात उठा सकते हैं किंतु मेरा ध्यान उत्पादन धनसम्पदा पर जाता है। शूद्र कुशीलव, शिल्पी आदि थे जिनके अपने गण होते थे। ये धनी होते थे। वैश्यों को कृषि एवं सार्थवाह व्यापारादि से पर्याप्त आय थी। सामान्य धारणा के विपरीत राजकर्म से इतर क्षत्रिय या तो सैनिक होता था या रक्षक, वेतनभोगी। राजसत्ता से इतर ब्राह्मण वह भी नहीं, मुख्यत: शिक्षा दीक्षा में लगा। अत: यह विधान विविध वर्णों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रख कर बनाया गया हो सकता है। अर्थशास्त्र भी सम्पत्ति विभाजन के विधान के समय इसी आर्थिक स्थिति का आभास देता है - ब्राह्मण की बकरी, क्षत्रिय का अश्व, वैश्य की गौ एवं शूद्र की भेड़। आज हम जिन्हें शूद्र मान बैठे हैंवे वस्तुत: अन्त्यज या पञ्चम हैं, वर्णव्यवस्था से बाहर के श्वपच आदि।
व्यास को सर्वोत्तम ब्राह्मण बताया गया है तथा पूजन के पश्चात श्रोताओं द्वारा उसे अर्पण के विधानों में ये पङ्क्तियाँ चकित करती हैं -
अन्नं चापि तथा पक्वं मांसं कुरुनंदन ।दातव्यं प्रथमं तस्मै श्रावकैर्नृपसत्तम
पक्वं मांसम्का अर्थ हिंदी अनुवादक ने 'पका हुआ मांस' किया है किन्तु मांस पर अपने एक पूर्ववर्ती लेख में मैं बता चुका हूँ कि इसका अर्थ फलों का गूदा भी पुरातन वैदिक परम्परा से ही चला रहा है। अत: इसका अर्थ पका हुआ फल भी किया जा सकता है।
भविष्यपुराण को राजस श्रेणी में रखा जाता है। यह भी सम्भव है कि सूतों से ब्राह्मणों तक के सङ्क्रमण काल में राजस प्रभाव रह गया हो। तब पका हुआ मांस अर्थ भी सम्भव है।