गुरुवार, 13 अगस्त 2015

तमिळ क्षेत्रे डाभिल संवादं - 1

_____________________________________________________________________

वे रामायण की एक बात के पक्के समर्थक हैं – बिना पंगे के कोई ‘आर्य’ दक्षिण नहीं आता।
इस प्रकार वह मुझे राम की परम्परा से जोड़ते हैं। आनन्ददायी सज्जन हैं क्यों कि उनके
पास सब कुछ कसौटी कसा है, शालिग्राम ऐसे ही नहीं कहा मैंने? उत्तर कभी नहीं गये
लेकिन इतना खूब जानते हैं कि वहाँ अभी भी बर्बर बसते हैं जिन्हें हगने तक का सहूर नहीं!
______________________________________________________________________

उनका नाम मैं डाभिल रख देता हूँ, ‘द्रविड़’ से ध्वनि साम्य है और वैदिक युग की पवित्र वनस्पति दर्भ के भोजपुरी संस्करण डभिला से भी। शालिग्राम शिला सम वर्ण और The Core चलचित्र के Mr. Rat जैसा चेहरा अर्थात डी एम के के समर्थक ये सज्जन स्वयं को घनघोर द्रविड़ मानने के बावजूद ‘अनास’ नहीं, मेरी सूँड़ की तरह ही लम्बी नाक वाले हैं। देह बिचुके घेंवड़े जैसी है अर्थात पेट अच्छा खासा निकला हुआ किंतु ऊपर नीचे धड़ पतला।

जिस दिन से आया हूँ उस दिन से बहुत उत्सुक रहते हैं – मेरा दायित्त्व क्या है? कार्यभार कितना है और कौन सा? कहीं मैं अतिरिक्त तो नहीं? रामायण की एक बात के पक्के समर्थक हैं – बिना पंगे के कोई ‘आर्य’ दक्षिण नहीं आता। इस प्रकार वह मुझे राम की परम्परा से जोड़ते हैं। आनन्ददायी सज्जन हैं क्यों कि उनके पास सब कुछ कसौटी कसा है, शालिग्राम ऐसे ही नहीं कहा मैंने? उत्तर कभी नहीं गये लेकिन इतना खूब जानते हैं कि वहाँ अभी भी बर्बर बसते हैं जिन्हें हगने तक का सहूर नहीं!

गंगा प्रदूषण समस्या का हल पहले दिन ही बता दिये थे – दोनो ओर एक किमी तक के पाट क्षेत्र में मनुष्यों के प्रवेश पर प्रतिबन्ध लगा दिया जाय! मेला और स्नान जैसे ढकोसलों के लिये गंगा का पानी पम्प कर स्थान स्थान पर टोटियाँ लगा दी जायँ। बाकायदा पेपर पर प्लान बना कर मुझे समझाये भी। मैंने पूछा – आप विज्ञान स्नातक हैं? (विज्ञान पढ़े मित्र कोहनायें नहीं, कॉमन सेंस की कमी वैज्ञानिकों में होती ही है। वैसे मैं भी विज्ञान का ही विद्यार्थी रहा हूँ।) वह प्रसन्न हो कर उत्तर दिये – केमिस्ट्री में पी जी हूँ, आप को कैसे पता? मैंने कहा – उत्तर में ऐसे बहुत से वैज्ञानिक पाये जाते हैं। इस पर चिढ़ गये और दक्षिण की वैज्ञानिकता के गुण गाने लगे। मैं आनन्दित होने लगा। बहुत बाद में समझ पाये कि मैं मजे ले रहा हूँ तो उठ कर चले गये।

आज बड़ी विचित्र बात हुई। संसद का हंगामा मेरी टेबल तक ले आये जैसे कि उनकी गाढ़ी कमाई के 300 करोड़ रुपयों की बरबादी का मैं ही जिम्मेदार हूँ! मैंने बस इतना कहा – देखिये, बरबादी भी रसूख के हिसाब से होती है। आप हल्ला काटेंगे, ऑफिस में काम करने के बजाय इधर उधर डोलेंगे तो बरबादी हजार में सिमट कर रह जायेगी। वह संसद है, पूरे भारत का कार्यालय। वहाँ काम नहीं होगा तो...। मैंने बात जान बूझ कर अधूरी छोड़ दी कि देखें अब क्या करते हैं? दाँव उल्टा पड़ गया। उत्तर में कार्यालय के डाभिल बमकते हैं तो उठ कर चाय पीने चले जाते हैं लेकिन ये तो कुर्सी खींच जम गये। मैंने भी गोदऊपर का फाटक नीचे दबाया और कागज कलम ले कर गांधी वंश के पाड़ा के गुरु की तरह सुन्दर अक्षरों में नकलनोट बनाने लगा।

उन्हों ने बात शुरू की - Bloody Hell! These RSS goons. एक्स्प्लायट करते हैं। पहले दलितों पिछड़ों को शोषित कर राज करते रहे और इस युग में कल्याण सिंह, गोविन्दाचार्य, बंगारू और अब ये साला मोदी, सबकी बुद्धि खराब कर के मजे ले रहे हैं – शोषक! मैंने छींटा मारते हुये कहा – प्राचीन भारत में आर एस एस कहाँ था? घी की छिड़क से जैसे आग भड़कती है वैसे ही भभक उठे – नाम बदल लेने से क्या होता है? मेंटलिटी तो वही रहेगी न, पिस्सू कहीं के। अचानक उन्हें कुछ याद आया तो एकदम शीतल माइनस चार अंश सेल्सियस हो कर पूछे – You are Brahmin? No… मैंने कहा – अरे नहीं, मैं मूलनिवासी हूँ।

ट्रैक बदल गया जैसे ‘चोरबजारी दो नयनों की गीत’ समाप्त हो और ‘मन तरपत हरि दरसन को आज’ शुरू – How come you call yourself aboriginal? Your skin is fair. मैंने कहा – श्वेत नहीं, गेंहुआ wheatish. क्या आप जानते हैं कि गेहूँ को राक्षस अन्न क्यों कहा जाता था? उनके लिये नयी बात थी। ऐसे मौकों पर वे बहुत ही आनन्ददायी मुद्रा अपना लेते हैं – ओठ गोल कर सीटी बजाने का अन्दाज लिये आगे की ओर झुकते हुये फुसफुसाते हैं – ऐसा क्या? कहो, कहो! उनके बायें पैर की थरथराहट का आप अनुभव कर सकते हैं और साँसों से आती फेकराहिन बू का भी।

मैंने उन्हें विजयी भाव से उत्तर दिया – इसलिये कि गेहूँ का रंग भी यहाँ के मूलनिवासियों की तरह ही स्वर्णिम भूरा था और यहाँ के मूलनिवासी तो राक्षस ही थे न? तो चावल खाने वाले आक्रमणकारी आर्यों ने उनके अन्न को भी राक्षस बता दिया! उनकी आँखें गोल हो फैल गयीं – क्या बकवास कर रहे हो? यूरोप में चावल कहाँ होता है?

मैंने कहा – हजारो साल पहले जब वहाँ आर्य थे तब वहाँ खूब वर्षा होती थी। आप तो जनबे करते हैं कि चावल अर्थात धान पानी का कीड़ा होता है। जब घटा उमड़ती, बिजली कड़कती तो वर्षा के देवता इन्द्र की स्तुति में वे लोग प्रसन्न हो मंत्र पढ़ने लगते। सफेद चावल से प्रेम करने वाले आर्य उसके बिना रह नहीं सकते थे। जलवायु परिवर्तन से वहाँ जब धान होना बन्द हो गया तो वे भारत अर्थात दक्षिण की ओर बढ़े क्यों कि यहाँ पानी ही पानी था - नीचे नदियों का जाल, ऊपर से वर्षा विकराल! धान ही धान खेत खलिहान। वे ही यहाँ धान ले कर आये थे।

उन्हों ने मेरी और ठीक वैसे ही देखा जैसे आप पढ़ते हुये सोच रहे हैं – क्या फालतू आदमी है! हँसते हुये उठ खड़े हुये – सुबह से कोई मिला नहीं था क्या बकवास सुनाने को?

मैंने कहा – अभी बात पूरी नहीं हुई। यहाँ भारत में अर्थात रक्षभूमि में गोधूम होता था। वे लोग उपले जला कर उनमें गेहूँ की लिट्टियाँ पका कर खाते थे। गाय के गोबर यानि गोमय और आग के धुँये का संगम उस भोजन के लिये अति आवश्यक था इसलिये आज का गेहूँ तब गोधूम कहलाता था। आर्यों को वह पसन्द नहीं आया क्यों कि सफेद आटा भी पकने पर राक्षस रंग का अर्थात गेंहुआ हो जाता था।

वे अट्टहास कर उठे – यार तुम हो बहुत मनोरंजक! तुम्हारे पास रोज आना पड़ेगा। अच्छा अब यह भी बता दो कि तुम्हारे आर्यों का रंग कैसा था?

मैंने तरस खाते हुये बता दिया – काला। रंग से देखें तो आप शुद्ध आर्य अर्थात देव हैं। यूरोप के राक्षसों की गोराई देख हीन भावना रखने वाले आर्य जितना प्रेम सफेदी से करते हैं उतना कोई नहीं करता। उनके इस प्रेम के आगे सब फीके – चाहे रामदेव का सफेद धन से हो, चाहे भुअरी भँइस का अपने गोरे पड़वे से ...

... नोट बनाने में तल्लीन मुझ बकवासी को पता ही नहीं चला कि वे कब चले गये। मुझे शंका है कि मेरी अंतिम बात वे सुन पाये होंगे। कोई बात नहीं, अगली बार सुना दूँगा, जब पुष्पक विमान और रंग बिरंगी बिल्लियों की बात बताऊँगा तब!

रविवार, 14 जून 2015

योग दिवस, ग्रीष्म अयनांत, तीन देवियाँ और माँ की आँख

IDY_Logo_in_English(1)इस वर्ष ग्रीष्म अयनांत 21 जून रविवार के दिन जब कि भुवन भाष्कर उत्तरी गोलार्द्ध में अपने सर्वोच्च स्तर पर प्रखरतम स्थिति में होंगे, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने का शुभारंभ होगा। इस दिन शुक्ल पक्ष की पंचमी होगी।

इसके आधिकारिक चिह्न का वर्णन ऐसा बताया गया है:

जुड़े हाथ वैयक्तिक चेतना का वैश्विक चेतना से योग, शरीर और मस्तिष्क एवं मनुष्य और प्रकृति में आदर्श संतुलन और स्वास्थ्य और नैरोग्य के प्रति समेकित सम्पूर्ण पद्धति के प्रतीक हैं। भूरी पत्तियाँ पृथ्वी, हरी पत्तियाँ प्रकृति, नीला रंग जल तत्त्व, कांति अग्नि तत्त्व और सूर्य ऊर्जा एवं प्रेरणा को अभिव्यक्त करते हैं। यह चिह्न मानवता के बीच सामंजस्य और शांति को दर्शाता है जो कि योग का सत्त्व है।

idy logoप्रतीकों के साथ एक समस्या रही है। आधुनिक समय में जब हम प्राचीन पद्धति से जुड़ा कोई आयोजन करते हैं तो अवचेतन में युगों युगों से अनवरत प्रवाही संस्कार और सूचनायें सामने आ जाते हैं। समानतायें अपना अवगुंठन हटा देती हैं।

कभी अरब पठार से ले कर भारत तक इस धरती पर मिलते जुलते संस्कारों वाली सभ्यतायें जीवित थीं। इन सभ्यताओं में मातृपूजा का भी प्रचलन था। तीन देवियों के रूप में यदि मिस्र में मुत, वाड्जेट और बस्त थीं तो एशियाई अरब में apri_thumb[13]उज़्ज़, अल-मनात और अल-लात। भारतीय सारस्वत सभ्यता की तीन देवियाँ थीं इळा, भारती और सरस्वती जिन्हें ऋग्वैदिक आप्री मंत्रों में सभी ऋषि कुलों ने पुकारा और सम्मान दिया।

IDY_Logo_1वाड्जेट निचले मिस्र की भूमि से जुड़ी देवी थीं जिनकी संगति भारती और अरबी उज़्ज़ से लगाई जा सकती है। भूमि को धारण करने वाले भारतीय शेषनाग की तरह ये भी सर्पों से जुड़ी उन के द्वारा भी अभिव्यक्त होती थीं। इस देवी से जुड़े आयोजनों में महत्त्वपूर्ण था ग्रीष्म अयनांत 21 जून का आयोजन जब कि पृथ्वी पर रक्षक दृष्टि रखने वाले रा देवता सूर्य अपने चरम पर होते। सूर्य के पुत्र देवता होरस की आँख का प्रतीक वाड्जेट से जुड़ा था, माँ की आँख सब पर दया दृष्टि रखती थी। साथ ही उनके लिये चन्द्रमास की पाँचवी तिथि का पाँचवा घंटा आरक्षित था। नहीं पता कि योग दिवस के कर्ता धर्ता इन तथ्यों से अवगत हैं या नहीं। कुछ भी हो संयोग बड़बोले हैं! आधिकारिक चिह्न और होरस की आँख में समानता देखिये। कथित पुराने संसार का दीर्घवृत्तीय मानचित्र योगाभ्यास करते मनुष्य के दीर्घवृत्तीय लम्बवत सिर और हाथों के घेरे से जुड़ होरस की आँख सा हो जाता है!

Mohammed_kaaba_1315यह ध्यान रखना होगा कि आज का मिस्र कथित अंतिम मजहब का अनुयायी है और यह भी कि मजहब से पहले के समय का संग-ए-मूसा काला पत्थर आज भी पूजनीय है। उस पत्थर के वर्तमान रूप की होरस की आँख से समानता उल्लेखनीय है।

जिस तरह से मिस्र के लिये दिन से जुड़ी देवी वाड्जेट महत्त्वपूर्ण थी वैसे ही एशियाई अरबों के लिये रात में सबसे चमकीले शुक्र की रूप देवी उज़्ज़। उनके अनुयायी नेबाती जन हर वर्ष एक बार काबा की तीर्थयात्रा करते जहाँ यह पत्थर स्थापित था। वहाँ श्वेत, रक्त और अन्य रंगों के पत्थर भी स्थापित थे जिनका सम्बन्ध अन्य देव देवियों से था और उनमें देवी उज़्ज़ का पत्थर अत्-ताइफ भी था। आठवीं हिज़री में स्वघोषित अंतिम दूत ने खालिद इब्न अल-वालिद को भेज कर देवी उज़्ज़ मन्दिर नष्ट करवा दिया। काबा की 360 देव प्रतिमाओं में से एक संग-ए-मूसा को छोड़ सभी नष्ट कर दिये गये। उस एक पत्थर को छोड़ देने के पीछे व्यवसायिक, धार्मिक और राजनैतिक कारण भी थे।

कथित अंतिम मजहब ने स्वयं द्वारा पारिभाषित कुछ एक को छोड़ कर किसी अन्य के लिये किसी भी तरह के सम्मान या पूजा भाव का निषेध किया है। मूर्तिपूजा और प्रतीकों के प्रति उनकी भयावह हिंसायुक्त घृणा सबको पता है। अब यदि कोई चिह्न अनजाने ही सही उन मूलों से जुड़ता हो जो कि उन्हें अपने हिंस्र, विनाशी और नैषधिक परिपाटियों से युक्त इतिहास की स्मृति दिलाते हों तो विश्व के इस सबसे कट्टर और जड़ मत के अनुयायियों के लिये उसे या उससे जुड़े किसी आयोजन को स्वीकारना लगभग असम्भव ही होगा। यदि कुछ स्वीकार कर रहे हैं और समय के स्वस्थ प्रवाह के साथ चलने को तैयार हैं तो उनका समुचित स्वागत होना चाहिये साथ ही जड़मतियों के लिये सहानुभूति और प्रार्थना भी – तमसो मा ज्योतिर्गमय।

__________________________________________
चित्राभार: http://www.cgiguangzhou.gov.in/ और https://en.wikipedia.org

बुधवार, 10 जून 2015

पुन: घर बसेगा?

घर गिरा है कोई
निखर आया है भूमा का एक टुकड़ा
पियराया जैसे पहली वर्षा में निकला बेंग
अबेर उगी दूब लटजीरे की लघु छाँव 
झिंगुर ने लिया नया वास
ऋतुविरुद्ध टेरता हर रात
अगोरता नये सहवास को
बरसेगा नेह मेह
पुन: घर बसेगा?    

रविवार, 15 मार्च 2015

गाय और उसके पालन पर निबन्ह - भाग 1

(1)
गाय पालना एक कठिन काम होता है। भोर भिंसहरे ब्रह्म मुहुर्त में उठ कर मशीन पर छाँटी काटनी पड़ती है, बहुत श्रम का काम होता है। अगर बिजली नहीं हुई तो ढेबरी लनटेन जरा के करना पड़ता है। नाद अर्थात उसका फीडिंग बाउल साफ कर दाना पानी भरना होता है। उसके बाद गोबर गोथार। गायें अपना पॉटी स्वयं साफ तो कर नहीं सकती तो आप को गोबर को हाथ से उठा कर खाँची में भर कर कपारे पर रख घूरे में फेंकना होता है। गाय जब तक खाये तब तक एक गृहिणी की तरह उसकी ताक झाँक की प्रतीक्षा करनी पड़ती है, गाय कह तो सकती नहीं कि तस्मई और लाओ और दो चम्मच तरकारी भी! इस दौरान आप को भी झाड़ा फिरने के बाद दतुवन मंजन कर लेना होता है वरना चना चबेना समय से पाने से रहे।  खिलाने पिलाने के बाद गाय को साफ सुथरे किये घारी में बाँध कर दुहना होता है। गायें मोदी जी की तरह बहुत सफाई पसन्द होती हैं। गन्दे स्थान पर दूध नहीं देतीं। मस, कुकरौंछी, अँठई आदि से निस्तार के लिये धुँअरहा कर उसे सहलाते हुये परजीवी निकालने होते हैं। गाय अगर मरखही हुई तो इस पूरी क्रिया के दौरान सींग प्रसाद से स्वयं को बचाना भी होता है। अगर गोड़ चहलने वाली हुई तो और सतर्कता की माँग करती है। जब उसका मूड सही हो जाय तो धीरे से दोनो पिछले गोड़ रस्सी से छानने होते हैं। इस क्रिया में दुलत्ती का प्रसाद न मिले तो आप स्वयं को भाग्यशाली समझ सकते हैं। बछरू या बछिया को छोड़ कर उसे थन चूसते हुये देखना होता है कि अब दूध की धार उतरी की तब, इस क्रिया को पेन्हाना कहते हैं। पेन्हा जाने के बाद जबरन उसकी संतान को दूध पीने से हटाना होता है, उसे खींच कर खूँटे से गाय के सामने बाँधना होता है ताकि गइया देखती रहे वरना दूध की धार टूट सकती है। दोनो पैरों में बाल्टी दबा के दूध गर्र गों गर्र गों दुहना होता है। दूध दुहना सबको नहीं आता,, इसके विशेषज्ञ हर गाँव में अलग अलग होते हैं। कोई दूध अधिक निकाल लेता है लेकिन थन पर नाखून लगा देता है तो कोई इतना दयालू होता है कि आधा दूध बछरू को ही पिला देता है। कोई अधूरा ही छोड़ देता है जिसके कारण गाय को थनैली हो सकती है या वह असमय ही बिसुक भी सकती है। इसलिये गाय दुहना स्वयं आना चाहिये। इस क्रिया में बाजुओं का अच्छा व्यायाम हो जाता है अर्थात आप को स्वस्थ शक्तिशाली भी होना होता है।  दूध दुहने के बाद थन में थोड़ा सा छोड़ देना होता है ताकि अंत में बछरू बछिया को उस पर छोड़ा जा सके। यह गाय के वात्सल्य की पूर्ति करता है। इस मामले में गाय मनुष्य समान ही होती है।
(2)
परयाग जी में रहते थे तो कुछ भयानक बातें पता चलीं। ‪पाड़ा बड़ा होने पर भैंसा हो कर गर्भाधान करने के अलावा किसी काम का नहीं होता। पूरब में उसे न तो जोता जाता है और न ही भारवाही के रूप में काम में लाया जाता है। भँइस पाड़ा बियाती थी तो पालक नाले में फेंक आते थे। उसके बाद इंजेक्शन दे पेन्हाने का काम संपन्न करते थे। कुछ के बारे में ये भी सुना गया कि दूहने के समय मरे पाड़े की खाल में भूसा भर कर भैंस के सामने पुतला खड़ा कर देते थे ताकि पेन्हा सके।
टट्टर और कम्बइन के आ जाने के कारण अब बैलों की आवश्यकता भी बहुत कम रह गयी है तो बछरू का भी इनडाइरेक्टली लगभग यही हाल होता है। कुछ नहीं तो भर पेट दूध ही कुछ दिन पीने देते हैं ताकि किरा कर गोलोकवासी हो जाय! गाय भैंस से दूध या तो इंजेक्शन लगा कर निकाला जाता है या दूर पश्चिम में प्रचलित वह पुरानी फूँके की क्रिया द्वारा जिसके कारण गन्ही बाबा ने गाय भैंस का दूध पीना छोड़ दिया था! 
(3)
हमारे यहाँ गाय नहीं पाली जाती थी। तीन कारण थे: 
(एक) बड़के बाबू जी को गायें पसन्द नहीं थीं। उनके दूध और घी से बास आती थी। 
(दो) गायें गुहखइनी होती हैं अर्थात चराते समय आप को ध्यान देना होता है कि मानव मल पर मुँह न मार दें। (नोट - स्वच्छ भारत अभियान के पीछे यह भी एक कारण है) 
(तीन) गाय पवित्र होती है। उसे नाथा नहीं जाता। नाथा हुआ पशु यदि उसी अवस्था में किसी कारण मर जाय तो पाप लगता है। गाय के लिये ऐसे ही बाहर से पगहा जुगाड़ कर दिया जाता है ताकि संकट में समय नियंत्रित की जा सके। ऐसे में भी यदि पगहा समेत गाय मर जाय तो गोहत्या महापातकं! कौन रिक्स ले? 
नाथना किसे कहते हैं? जनावर के नथुनों के बीच की कोमल हड्डी को छेद कर उसमें रस्सी पहना कर घुमाते हुये बाँध दिया जाता है। केतनो मरखाह मवेशी हो, नाथ पकड़ते ही नियंत्रण में आ जाता है। इसे आजकल ऐसे समझें कि कुछ कूल ड्यूड ड्यूडी ढोंढ़ी, ओठ, आँख, गाल आदि गतर गतर छेदवा कर मिनी झुलनी जैसा पहने होते हैं। अगर उनसे भिड़ंत हो तो टीप कर वही पकड़ लें फिर देखिये कैसे चोकरते हुये वे नियंत्रण में आ जाते हैं! मानव को जनावर बनने का नवा शौक चढ़ रहा है। पहिले के युग में भी झुलनी, बाली, कुंडल आदि होते थे लेकिन उनमें बहुत मरजाद होती थी सो ऐसा नुस्खा कोई सोचता भी नहीं था, अब भी खंडहरों में सोमयाग के कुछ मंत्र बचे हैं सो झुलनी आदि को छूट दे रहा हूँ। 
हइ देखिये! हमरी निबन्ह गइया तो बहक गयी, फिर से लैन पर लाते हैं। 
(4)
पूर्वांचल के महानगरों (अगर कह सकें तो) में गौ पालन प्रकल्प नगरनिगम के आलस्य पर फलता फूलता है। गोपाष्टमी के दिन गो रक्षा आन्दोलनकारियों को इस क्षेत्र के हर नगर निगम आयुक्त को 'गौद्योगश्री' की उपाधि से सम्मानित करना चाहिये। 
आवारा संतानों को आजकल बाइक/बाइकी, मोबाइल और पेटरोल अलाउंस दे कर घर से हाँक दिया जाता है। पालित गायों को तो वह भी देने की आवश्यकता नहीं। दूहने के समय ढूँढ़ कर ले आइये बकिया टैम पॉलीथीन, पेपाइरस, गू मूत, सड़े भोजन आदि के पौष्टिक आहार का भोग लगाने के लिये राजमार्ग पर छोड़ दीजिये, एक सौ आठ बैकुंठ का पुण्य रोज चित्रगुप्त के खाते में लिखा जाता है! सर्वदा उदररोग पीड़ित ऐसी गायें गोबर नहीं देतीं, गुह छेरती हैं जिसकी दुर्गन्ध मानव मल को भी मात करती है। भारत की राष्ट्रीय गन्ध रेलवे प्लेटफार्म पर मिलती है और राष्ट्रीय देन ऐसे नगरों की सड़कों पर! 
एक बार पैर पड़ जाये तो जूते चप्पल को पंचस्नान करा गुलाबरी से नहलाने के पश्चात ही गन्ध दफा होती है। पुराने युग के गँवई बैद उजाला होने पर निपटने को जाते थे। खेत में गुह के रंग, आकार, प्रकार, अवस्था आदि को देख गाँव के ओवरआल स्वास्थ्य का अद्यतन रखते और तदनुसार पथ्य कुपथ्य बताते। आज भी अगर अच्छे होमियोपैथ के यहाँ आप जायें तो वह आप से आप के गुह के बारे में इतने प्रकार के प्रश्न पूछेगा कि आप हैराँ हो जायेंगे - यह व्यक्ति मास्टर शेफ प्रतियोगिता में क्यों नहीं जाता? 

तो गायों की छेर देख कर ही आप उनके और उनका दूध पीने वालों के स्वास्थ्य के बारे में पता कर सकते हैं। इसलिये ज्ञानी जन कहते हैं कि नगर में दूध पंचमेल पॉश्चुराइड ही पियो! (जारी)

शनिवार, 7 मार्च 2015

अकेली जरा का पर्व

नीम झरे दुअरा पर सूखी, चौकी पर है धूर। 
शमी गाछ की छाँह कँटीली, स्वामी घर से दूर॥
सोने के पिजड़े में सुगना, ना दाना ना ठोर। 
रामनाम की टेर लगी है, जाना है उस छोर॥
गइया सब को कौरा पहुँचे, चिरई सब को नीर। 
मनपूओं की बात अधूरी, ज्यों स्मृतियों की खीर॥
सूगर फ्री में बनी तस्मई, देवकुर पाकड़ घाट। 
गदबेरा अबीर में सुत की, मइया जोहे बाट॥
सन्नाटा है घर के आँगन, सिमटा सकल वितान। 
भीगी आँखों बुढ़िया देखे, बासी सब पकवान॥