शनिवार, 18 जनवरी 2014
द्वीप में मस्सा
शनिवार, 11 जनवरी 2014
ट्यूब में दो एक जन पल
हम दो एक बराबर तीन थे। भागते जीवन की एक साँस भर ठहर में अनचाहे यूँ ही मिल जाने वालों के लिये 'हम' कहना अब अधिकई होगी लेकिन रेल यात्रा के उस सीमित समय में हम हम ही थे। उन्हों ने मुझे कैसे देखा, नहीं पता लेकिन मैं तीनों के बारे में बता सकता हूँ, दो के लिये तो प्राणवायु भरा रंगहीन कैनवस और अँखिया गहरानी थीं और स्वयं को तो पाँच छ: लाख बार उस चौंध में निहारा ही है जिसके पीछे आत्ममुग्धता की कलई लगी होती है।
भारी भीड़ के रेले में उस लघु वृत्त की परिधि पर तीन सिरों के व्यवस्थित होते ही मैंने जिस पहली बात का अनुभव किया वह यह थी कि उसके अधोमुखी शंकु केन्द्र पर तीखी गन्धों वाली साँसें इकट्ठी हो रही थीं क्यों कि हम समान ऊँचाई के थे। उस केन्द्र पर मुझे बहुत दया आई कि तीन तीन मानवों को झेलता वह बिन्दु वासना भावहीन ऊष्मा से तप्त हो जाने किस असंतुलन से ग्रसित हो रहा होगा।
एक ऐसा था जिसे ऐसे जाना जा सकता है कि अश्वेत अभिनेता वाशिंगटन उस आर्य ललछौंहे रंग को ओढ़ सामने खड़ा हो जिसके साथ आक्रांता होने का विशेषण बाइ डिफाल्ट जुड़ा हुआ है। प्रकृति के इस अलबेले खेल पर मैं मुस्कुराया, जाने उसकी माँ अश्वेत थी या पिता या वह बस उत्परिवर्तन की उपज था! अपरिचित की मुस्कान पर मुस्कुराने का जो सहज आदिम संस्कार है, उसने जोर मारा तो वह भी मुस्कुराया और मैंने जाना कि उसके उभरे भरे पुरे होठ अद्भुत सुन्दर थे। संस्कृत उपमा ध्यान में आई बिम्बाफल! मैंने अपनी मुस्कान इस स्वार्थ हेतु चौड़ी की कि वह भी चौड़ा हो और मुझे दाड़िम दंत उपमा के दर्शन हो जायें लेकिन वह शमित हो पुन: अपरिचित हो चुका था। मुझे तेज भागती ट्यूब पर झल्लाहट हुई जो अपरिचय को सान्द्र करने पर बाध्य करती थी।
और तब मैंने अनुभव किया कि उसकी साँसों से रह रह आती गन्ध पायरिया रोग को अगोपित कर रही थी। सभ्यता वश मैं निर्विकार बना रहा किंतु उसने मुझे प्राणवायु के रंगहीन कैनवस में निहारना आरम्भ कर दिया। मुझे लगा कि वह इस बात की प्रतीक्षा कर रहा था कि कब मेरा निर्विकार भाव टूटे, कलई के पीछे से घिरना झाँके और तब वह चेहरे पर वह तिरस्कार भाव लाये जो असहिष्णु जन के लिये माया सँजो कर रखती है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ, असह्य को निरपेक्ष निर्जीव रूप हो सहने की मुझमें अद्भुत क्षमता है। मैंने उससे दृष्टि हटा दूसरे की ओर फेर दी और वह उस अंतरंगताहीन घेरे के केन्द्र पर स्थिर हो गया।
जो दूसरा था वह गेंहुआ था, इसलिये बहुत ही परिचित लगा वैसे ही जैसे प्रतिदिन थाली में गर्म रोटी लगती है हालाँकि उसमें न तो भूख को और उच्छृंखल बनाती वह गन्ध थी और न वह भाप, ममत्त्व का तो प्रश्न ही नहीं उठता। वह ताजे नहाये दाढ़ी बनाये क्रीम लगाये उस संतुष्ट कर्मचारी सा दीप्त हो रहा था जिससे मातहत और ऊपर वाले दोनों प्रसन्न रहते हैं। मुझे उससे ईर्ष्या हो आई, बहुत ही गहरी ईर्ष्या क्यों कि कलई केपीछे छिपी अपनी इस सचाई से मैं भिज्ञ था - मुझसे सब घृणा करते हैं। मुझे वह गेंहुअन साँप सा लगा - कुछ भय, कुछ रहस्य, कुछ सम्मोहन किंतु ढेर सा विष!
उसके केश उड़ रहे थे। चेहरा ऐसा था जैसे सपाट भूदृश्य पर दूर सूर्योदय हो रहा हो। मुझे लगा कि सम्मोहित सा मैं शब्दहीन बुदबुदाया - हेलो! तत्काल ही मैंने सोचा कि यदि ऐसी बुदबुदाहट उस गन्धाते बिम्बाफल से आती तो गेंहुआ अवश्य उत्तर देता। साँप सुन्दरता के प्रेमी जो होते हैं लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। हमदोनों एक दूसरे को यूँ घूरते रहे जैसे दुर्गापूजा पंडाल की द्वितीयक प्रतिमायें आमने सामने हों।
सबअर्बन क्षेत्र के स्टेशन के निकट होने की उद्घोषणा से हम तीनों की तन्द्रायें टूटीं और मुझे आश्चर्य नहीं हुआ कि तीनों वहीं उतरने वाले थे। वृत्त टूटा, उसके केन्द्र को अनचाही साँसों से मुक्ति मिली। ट्यूब के वातानुकूलित वातावरण में उत्पन्न हो गये छोटे से उत्पाती क्षेत्र में ऊष्मागतिकी के नियम अपनी गणित लगाने लगे। रेला आगे बढ़ा। कल्पित बिम्बाफल पैरों के नीचे आ गिरा। गेंहू की रोटी और उसके विष आने वालों के लिये छोड़ दिये गये और मैं अपनी कलई ठीक करते संसार में पुन: उतर गया।
शनिवार, 28 दिसंबर 2013
योनि वास्तुशिल्प
फुटबाल और लॉन टेनिस मेरे प्रिय खेल हैं (खेलता तो एक भी नहीं!)। इन्हें ले कर उत्सुकता बनी रहती है। वास्तुशिल्प का विद्यार्थी होने के कारण क़तर में होने वाले 2022 के प्रस्तावित फुटबाल स्टेडियम को ले कर भी उत्सुकता रही सो आज सर्च किया तो यह सामग्री हाथ लगी।
कहूँ तो वास्तुशिल्प के क्षेत्र में 2013 नैराश्यपूर्ण रहा। कोणार्क शृंखला में मैने स्त्री और पुरुष वास्तुशिल्प अवधारणाओं की बात बताई है। पश्चिमी वास्तु में अंग विशेष को ले कर संकल्पना की जाती है जब कि पारम्परिक भारतीय वास्तु में समग्र देह को लेकर जिसके कारण एक पूर्णता और समन्वय की स्थिति बनती है। क़तर देश में वर्ल्ड कप स्टेडियम का प्रस्तावित स्त्री वास्तुशिल्प चर्चा में है। इसका विरोध भी हो रहा है। इसे योनि वास्तु का एक उदाहरण बताया जा रहा है। इसकी डिजाइनर हैं - ज़हा हदीद।
इस स्टेडियम का वास्तु स्त्रीवादी रुझान लिये है जिसके मूल में यह है कि लिंग का आकार अब तक वास्तुशिल्प पर छाया रहा है, योनि आकार को भी स्थान मिलना चाहिये। एक मध्यपूर्वी देश में इसे आकार लेते देखना रोचक होगा।
__________________
चित्राभार:http://www.dezeen.com
शुक्रवार, 20 दिसंबर 2013
अय्याsss ऊssss अकबक! और जगराता
प्रात:काल का समय ऐसा होता है कि आप मौन, शांति और सुकून चाहते हैं। यदि कोई उससे पहले की ब्रह्मबेला में जगने वाला मनुष्य है तो परम शांति की अपेक्षा रखता है। दुर्भाग्य से भारत ही नहीं संसार के अनेक देशों से यह शांति छीन ली गयी है। समय होता नहीं कि दायें बायें ऊपर नीचे हर ओर से लाउडस्पीकरों की ध्वनियाँ कानों से बलात्कार करने लगती हैं – अय्या sss ऊ ssss अकबक!
पहले कोई एक कढ़ाता है और तदुपरांत एकाध मिनट के अंतर से एक के बाद एक वही ध्वनि चारो ओर मानो गन्ने के खेत में सियार देखा देखी हुँआ हुँआ कर रहे हों! जब लाउडस्पीकर नहीं थे तब क्या लोग आराधन को नहीं उठते थे? किसी को सर्वोपरि सर्वश्रेष्ठ एकमएक मानते हो तो दूसरों को भी उसे ही श्रेष्ठ मनवाने को क्यों आमादा हो भाई? अपने काम से काम रखो न!
तनातनी परम्परा में रतजगे या जगराते के उल्लेख तक नहीं मिलते। निशापूजन की परम्परा भी गुह्य ही बताई गई जिसे बहुत ही संयम और सावधानी के साथ किया जाना चाहिये लेकिन चिढ़ और नैराश्य को कैसे निकालना चाहिये, नहीं बताया गया। अब तनातनी तो हर काम विस्तृत विशाल ढंग से करने के आदी ठहरे - बिना दो चार अरब शंख वर्ष और एकाध लाख योजन के इनके काल आयाम पूरे ही नहीं होते, तो प्रतिक्रिया भी वैसी ही होनी चाहिये कि नहीं!
इसलिये हुँआ हुँआ से तंग किसी तनातनी नासपीटे ने जगराते की योजना मय लाउडस्पीकराँ बनायी होगी - तुम मेरा प्रात:काल खराब करते हो! लो झेलो अब रात भर माई के गुणगान को। देखता हूँ कौन माई का लाल रोकता है?
जिस प्रकार से सरस्वती का प्रसार सप्तसैन्धव पँचनद होता हुआ गंगा यमुना के प्रयागी संगम तक हुआ उसी प्रकार यह योजना भी पंजाब से चल कर गोबरपट्टी तक पहुँची होगी। खरमास में विवाही वाद निनाद बन्द हैं तो यह फोकटी परम्परा चालू आहे। बजरंग बली से साँई तक, फिल्मी धुनों की मलिकाइन से ले कर भोजपुरिया माई तक ये बेसुरे चंचलचंट गलाबाज गले के साथ साथ रात भर स्पीकर फाड़ते आम जन की नींद का सत्यानाश किये रहते हैं, कमबख्तों को न ठंड लगती है और न उनका गला खराब होता है! सुर ताल तो खैर मनविनाशन होते ही हैं!
यदि आप ध्यान दें तो अय्या sss ऊ ssss अकबक! हो या रतजगा, इनका आराधना से कुछ नहीं लेना देना। ये बस वर्चस्व के अस्त्र हैं। मध्यपूर्वी सर्वोच्चता का अघोषित किंतु बहुत ही स्पष्ट एजेंडा लिये समूचे संसार को रौंदता मत हो या पड़ोस के नये मान्नीय कोई सिंघ, यादो, पाँड़े, साँड़े; ऐसे आयोजनों से इन्हें बस यही तसल्ली मिलती है - हम हैं तो हैं, हमें कौन रोक सकता है, हमारी बड़ी प्रतिष्ठा है, देखो कैसे सबका जीना हराम किये रखते हैं!
इस प्रतिष्ठा के अंत में जो 'ठ' है, उसका भाईचारा ठसक से जुड़ता है और इसका एक ही उपचार है - शोर करने वाले का टेंटुआ दबा देना - बहुत चिल्ला रहे थे न अब चिल्ला कर दिखाओ लेकिन कोई भी सभ्य अमनपसन्द नियम क़ानून को मानने वाला, उनसे डरने वाला व्यक्ति लाख चाहने, मन्नते माँगने या शाप देने के बावजूद ऐसा कर नहीं सकता। हम भी उसी श्रेणी के हैं, यहाँ लिख कर भँड़ास निकाल ले रहे हैं। कल को पुन: झेलना ही है - अय्या sss ऊ ssss अकबक! ....माई तू है शोराँ वाली, घनचक्कर वाली साँई तू :(
... लाहौर बिना कुवैत!!
_________________________________
नोट:
इस आलेख का संसार के किसी भी भूतपूर्व, वर्तमान या भावी अत मत सत आय दाय गाय सम्प्रदाय लगाय बझाय से रत्ती भर का भी सम्बन्ध नहीं है। यह प्योर फ्रस्ट्रेशन का उद्घोषण भषण भर है, दिल पर न लें; सीरियसली तो कत्तई नहीं क्यों कि इसमें कुछ भी सीरियस नहीं है, हो ही नहीं सकता। यह तो सतरंगी जीवन पद्धति का एक क्षुद्र आयाम भर है।


