बेटी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
बेटी लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 31 अक्टूबर 2009

बड़ी होती स्कॉलर बेटी

आज बिटिया को स्कॉलर बैज मिला। कुल प्रतिशत 85%, किसी विषय में 60% से कम नहीं और उपस्थिति 90% - इन तीन प्रतिमानों पर खरे उतरने वाले छात्र छात्राओं को यह बैज दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, शिक्षा अधिकारी और माता-पिता समुच्चय को जुटा कर जो माहौल बनाया गया था, उसमें विजयी स्कॉलर बहुत उत्साहित दिखे।
गला काटू प्रतिस्पर्धा के जमाने में प्रतिभाएँ संकुचित न हों, दूसरे प्रोत्साहित हों और ध्यान केवल सकल प्रतिशत मार्क्स पर आधारित पहले तीन स्थानों पर ही न हो -यह आयोजन इन सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करता दिखा। अच्छा लगा। अच्छी बात यह लगी कि ग्रेडिंग सिस्टम लागू हो जाने पर भी यह व्यवस्था जारी रह सकती है।
_____________________________________________________________
कार्यक्रम के पहले जो प्रार्थना बच्चों ने गाई, उसके कुछ अंश इस प्रकार हैं:
    1

हम को मन की शक्ति देना ,मन विजय करें
दूसरो की जय से पहले, ख़ुद को जय करें..
झूठ से बचे रहें, सच का दम भरें..
ख़ुद पर हौसला रहें बदी से न डरें.
लगा कि प्रार्थनाएँ ऐसी होने के लिए अभिशप्त हैं। मन विजय, खुद पर जय, सच, हौसला, बदी से न डरना - हम जो स्कूलों में सिखाते हैं क्या उसका पालन करते हैं? ये आदर्श बस बच्चों के लिए ही हैं क्या? हम वयस्क कहीं डरे हुए हैं शायद कि हमारी हरकतों को बच्चे अपना कर हमारे लिए सिरदर्द न हो जाँय। बाद में वे असफल भी हो सकते हैं।
क्या सफल होने के लिए अच्छी और बुरी बातों का प्रयोग, समन्वय और संतुलन आवश्यक नहीं है?
हम उन्हें समय पड़ने पर बदी से डरने, झूठ बोलने, कायरता और कमजोरी दिखाने जैसी निवेदन वाली प्रार्थनाएँ क्यों नहीं सिखाते? तब जब कि वास्तविक जीवन में हम हमेशा यही होता देखते हैं। दुनिया चलती रहती है, झूठ बोलने या बदी से डरने या कायरता दिखाने से कहीं कोई प्रलय भी नहीं आता। समाज गतिशील बना रहता है। फिर ये और ऐसी प्रार्थनाएँ क्यों?
__________________________________________________________
एक दूसरे समवेत गायन की ये पंक्तियाँ चौंका गईं:
राम और मुहम्मद की धरती 

किसी से भेदभाव नहीं करती।

ये धरती मुहम्मद की कब से हो गई? अगर इस्लाम की ही बात करनी थी तो मुहम्मद ही मिले थे? राम और मुहम्मद को इकठ्ठा कर क्या कहना चाहता है रचयिता? दोनों की संगति कहाँ बैठती है? राम ने आदर्शों को जिया, मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाए। मुहम्मद ने एक मजहब चलाया और अपने जीवन काल में ही उसका बाइ हुक या क्रुक प्रचार प्रसार किया। मुहम्मद के चलाए मजहब में तो इंसानों को बाँट कर भेदभाव को क़ोडिफाई तक कर दिया गया है। फिर ये भेदभाव न होने के सन्दर्भ में वह कहाँ से संगत हो जाते हैं? सेकुलरी साधारणीकरण के जोश में हम जाने कितना कूड़ा करकट बच्चों के जेहन में भरते जा रहे हैं! उनके मन मस्तिष्क में एक निहायत ही अवास्तविक दुनिया बिठा रहे हैं। सचाई ठीक उलट है। ये बच्चे जब वास्तविकता का सामना करेंगे तो उन्हें अपने प्रतिमानों को बदलने और दुहराने में कितनी मानसिक यातना भुगतनी होगी - हम यह क्यों नहीं सोच पाते? हम उन्हें सही क्यों नहीं बताते? सच से कैसे नुकसान के होने से हमें डर है? हम इतने कमजोर हैं कि अपनी संतति को सच बता भी नहीं सकते और प्रार्थना सच का दम भरने की गवाते हैं ! हम किसे धोखा दे रहे हैं ?
     
जैसा कि होता है शिक्षा अधिकारी और प्रधानाचार्या जी आधे घण्टे विलम्ब से आईं - तब जब कि दोनों कार्यालय में ही विराजमान थीं। अभिभावक तो समय से आ ही गए थे - कुछेक विशिष्टों को छोड़ कर। अच्छा लगा कि इस एक हरकत से उन्हों ने बच्चों को जीवन की एक महत्त्वपूर्ण सीख दे दी - यदि समय वग़ैरह की पाबन्दी न माननी हो और फिर भी जलवे बनाए रखने हों तो विशिष्ट बनो। फिर अशिष्टता, झूठ वगैरह मायने नहीं रखते। उनके लिए प्रार्थनाएँ तो वाकई बेमानी हो जाती हैं।
____________________________________________________________________________

स्कॉलर बेटी जोर देती है
मम्मी अपनी बेस्ट ड्रेस में आना
पापा को कहना कि दाढ़ी बना लेंगे।
आज मुझे स्कॉलर बैज मिलेगा।



स्कॉलर बेटी पापा को टोकती है
आप की 'डबल चिन' हो रही है
च्युंगम चबाया कीजिए।



स्कॉलर बेटी बिना कहे
होम वर्क पूरा कर लेती है
निकाल लेती है समय
'फाइव प्वाइंट सम वन'
पढ़ने के लिए। 



जब कि मैं सोचता ही रह जाता हूँ कि उसे 'मुझे चाँद चाहिए' पढ़नी चाहिए कि नहीं?

जब भी पापा ऑफिस से आते हैं,
स्कॉलर बेटी चुपचाप
मेज पर पानी का गिलास और
किसमिस के दाने रख जाती है।






स्कॉलर बेटी मम्मी से लड़ती है 
भाई को इतना दुलार ? 
श्रीमती जी घबराती हैं - 
आज कल की ये लड़कियाँ 
भाइयों से इतनी जलन क्यों? 
बेटा तो कभी नहीं टोकता !


स्कॉलर बेटी सतर्क है
उसे श्रीमती जी नहीं
व्यक्ति बनना है
उसे सहचर भी शायद
श्रीमान नहीं
व्यक्ति ही चाहिए होगा !
 ...

2


बड़ी होती बेटियाँ
शंकालु बनाती हैं !
 ....
मैं समझाऊँगा - श्रीमान/मती भी व्यक्ति होते हैं।