रविवार, 20 अक्टूबर 2013
प्रसाद
रविवार, 6 अक्टूबर 2013
अथर्वण संहिता - 2
नवरात्र पर्व स्त्री तत्त्व को समझने का पर्व है। ऋतु परिवर्तन के साथ जननी के नव रूपों की आराधना का पर्व है। वर्ष में विषुव के दो दिन जब कि दिन रात बराबर होते हैं और ऋतु परिवर्तन की भूमिका बनती है, धरती गहिमणी होती है, नभ आतुर होता है तो सृष्टिजनक काम के अनुशासन को नवरात्र पर्व मनाया जाता है। छ: महीने पश्चात 20 मार्च को विषुव पड़ेगा और 31 मार्च को युगादि या वर्ष प्रतिपदा यानि नववर्ष का प्रारम्भ। मदनोत्सव कामपर्व उच्छृंखल होली बीत चुकी होगी। पुन: अनुशासन पर्व होगा मातृ आराधना के नव दिनों के रूप में।
इस बार नवरात्र के पश्चात विजया पड़ेगी यानि सुपुरुष राम की कुपुरुष रावण पर विजय। उस समय रामनवमी पड़ेगी यानि राम का जन्म। यह जो जन जन में रमा राम है न, बहुत पुराना है। ऋतुचक्र के साथ उसके जन्म और विजय को देखिये। मातृशक्ति उपासना के साथ उसकी संगति को समझिये और समझिये कि ये पर्व महज प्रदर्शन या ढकोसले नहीं, समाज के नियामक रूप में ऋतुचक्र की संगति में गढ़े गये हैं। अब यह हम पर है कि हम इनका क्या करते हैं।
छान्दोग्य उपनिषद में देवकीपुत्र कृष्ण को घोर आंगिरस का शिष्य बताया गया है। कृष्ण मगदेश (वर्तमान ईरान) से सूर्यपूजक अग्नि परम्परा के (सकलदीपी, शाकल या शकद्वीप के वासी, वर्तमान पारसी) ब्राह्मणों को बुला कर मूलस्थान (मुल्तान) में सूर्यमन्दिर की स्थापना करवाते हैं। ये सकलदीपी आज भी यातुविद्या प्रवीण माने जाते हैं। कृष्ण के पुत्र साम्ब का कोढ़ अर्कक्षेत्र कोणार्क में इन्हीं पुरोहितों के निर्देशन में की गयी आराधना से दूर होता है।
पुराण भी मगदेशियों के चार वेद बताते हैं - वाद, विश्ववाद, विदुत और 'आंगिरस'।
एक बात स्पष्ट है कि देव दानव या आर्य अनार्य के आजकल के अकादमिक भेद अति सरलीकरण हैं और दूसरी यह कि वैदिक संस्कृति का प्रसार वर्तमान भारत की सीमाओं से परे बहुत दूर तक था। कतिपय भेदों के साथ उनमें आपसी सम्वाद, सम्पर्क और प्रतिद्वन्द्विता भी थी। तीसरी यह कि चाहे मगदेशियों को बुलाना हो या द्वारिका तट से समुद्र मार्ग दवारा यमदेश (मालागासी, मेडागास्कर?) से सम्पर्क बनाना हो, कृष्ण का योगदान अप्रतिम है।
बृहदारण्यक को ही ले लीजिये। यह बहुत पुरानी शतपथ परम्परा का अंश है। इसके पाँचवे अध्याय के तेरहवे ब्राह्मण में चार मंत्र हैं। ये चार वेदों से एक एक कर जुड़ते हैं। पहले में ऋग्वेद के लिये उक्थं का प्रयोग है, दूसरे और तीसरे के यजु: और साम स्पष्ट हैं। चौथे के लिये 'क्षत्रं' का प्रयोग है:
'क्षत्रं प्राणो वै क्षत्रं हि वै क्षत्त्रं त्रायते हैनं प्राण: क्षणितो: प्र क्षत्त्रमन्नमाप्नोति क्षत्त्रस्य सायुज्य ँ सलोकतां जयति य एवं वेद।'
आचार्य शर्मा आगे अन्यत्र बताते हैं:
गायत्री का चतुर्थ पद 'परो रजसे सावदोम्' भी आठ अक्षरों वाला कहा गया है। विश्वामित्र कल्प तथा प्राचीन संध्या प्रयोगों में इसका उल्लेख मिलता है। उपनिषद् का कथन है कि गायत्री के तीन पाद ही जपनीय हैं, यह चौथा पाद 'दर्शत' पद - देखा जाने वाला - अनुभूतिगम्य कहा गया है। इसका पदच्छेद होता है - परो रजसे - असौ- अद: ॐ अर्थात रजस् पदार्थ या प्रकाश से परे यह और वह सब ॐ अक्षररूप ब्रह्म ही है। जब साधक के प्राणों के स्पन्दन गायत्री के तीन पदों से एकात्मकता स्थापित कर लेते हैं, तो चौथे पद का आभास-अनुभव होने लगता है। इसलिये इसे दर्शत पद कहा है।... (विद्रोही) विश्वामित्र पर अटक जाता हूँ। याद आता है कन्हैयालाल मुंशी के उपन्यासों लोपामुद्रा लोमहर्षिणी में कहीं एक अवैदिक स्त्री को गायत्री का दर्शन कराता और उसे आश्रम की प्रथम पूजनीया बनाता विद्रोही विश्वामित्र। ... 'दर्शन' महत्त्वपूर्ण है। महत्त्वपूर्ण हैं राजा के दरबार में दार्शनिक बहसें, महत्त्वपूर्ण है philosophy के लिये दर्शन शब्द का प्रयोग और महत्त्वपूर्ण है मंत्र के लिये 'द्रष्टा' की परिकल्पना। कहीं यह विश्वामित्र की गायत्री के बाद ही तो प्रचलित नहीं हुई?
...पहले देख चुका हूँ - इक्ष्वाकुओं की राम धारा में फलते फूलते अथर्वण आचार्य। यह रजस, यह प्रकाशमार्गी सूर्य, अग्नि और उससे भी परे जाने की क्षात्र अभिलाषा, गोपन यातु, अवतारवाद, विष्णु के वक्ष पर लात मार कर उसकी महत्ता सिद्ध करते 'आंगिरस' परम्परा के भृगु... जाने कितने संकेत छिपे हुये हैं।
यह एक उत्सुक प्रयास भर है। फुटकर नोट हैं, मन की तरंगे हैं। अकादमिक गुणवत्ता की अपेक्षा न रखें।
सोमवार, 23 सितंबर 2013
अथर्वण संहिता - 1
शुक्रवार, 13 सितंबर 2013
चुपचाप चले
सोमवार, 9 सितंबर 2013
शायर कुहासा गढ़ता है
जब जलते हुये घरों से धुँये उठ रहे होते हैं, जब चीखें अंतर्लय में बेसुरापन भर रही होती हैं तो शायर कुहासा गढ़ता है। वह देखता है कि धुँये उसके चूल्हे की आँच से तो नहीं जुड़ रहे, वह सुनता है कि चीखें उस तरफ से तो नहीं आ रहीं जिस ओर का मसीहा बना बैठा वह वाह वाही और जाम दोनों का लुत्फ उठा रहा है।
निश्चिंत हो लेने के बाद वह अपनी वह कलम उठाता है जिसमें रोशनाई नहीं, मक्कार स्याही भरी होती है। वह खुश होता है, वक़्त को धन्यवाद देता है कि कुछ नया लिखने, प्रयोग करने को धुँये उठे, चीखें निकलीं। नज़्में, गजलें निखर उठती हैं। नगमानिगार वातावरण में कुहासा भरने लगता है।
वह जब भाईचारे की बातें लिखता है - बहुत हो गया, बन्द करो यह! तो उसका ध्येय जुल्मियों को बचाने का होता है, न कि इंसानियत को। उसे फिक्र रहती है कि कल को मुशायरे में उस पर लानतें न उतरें - हमने जब उन कठमगजों पर हमले कर उन्हें चोटें पहुँचाईं तो उनके जवाबी हमले से हमें बचाने के लिये तुमने क्या किया?
वह फिक्रमन्द होता है कि सड़क के उस बायें मोड़ पर जिसके आगे मुर्दा और जिन्दा दोनों तरह के गोश्त का इंतजाम रहता है, ऐसे गड्ढे न खोद दिये जायँ कि वह पहुँच ही न सके।
हमें इंसानियत की बातों पर उज्र नहीं, हमें आपत्ति है उनके मौके और उन हिलती जीभों पर जो तब तिजोरीबन्द जड़ रहती हैं जब मामला उलट होता है और तब भी जब उनके प्यारे काट मार मचा रहे होते हैं।
हमें आपत्ति है उन आँखों पर जो सिर के साथ रेत गड़े सजदे में ढकी होती हैं जब भरी दुपहर सूरज पर ग्रहण लग रहे होते हैं। हमें आपत्ति है उन दिमागों पर जो रस्सी को साँप समझते हैं और साँप को केंचुये की एक नस्ल भर!
वे जो समय से आगे देख नहीं सकते, वे जो समय रहते हर्फ़ों को समझ नहीं सकते, वे जो सब कुछ जानते बूझते हुये भी उल्टे राग गढ़े पढ़े कहे सुने जा रहे हैं, हमें उनसे सच में नफरत है।
हम यह मानते हैं कि ऐसी नफरत उन हजार मुहब्बतों पर भारी है जिनके आलिंगन में सभ्यतायें कराहती मौत माँगती हैं।
हाँ, तुम्हारी परिभाषा में हम प्रगतिशील नहीं क्यों कि हमें घूमते चक्के देख उनकी लीक का अनुमान सटीक हो जाता है।
शायरी से बेहतर है कि इंसान अपने जिस्म को मवाद से भर ले।

