प्रात:काल का समय ऐसा होता है कि आप मौन, शांति और सुकून चाहते हैं। यदि कोई उससे पहले की ब्रह्मबेला में जगने वाला मनुष्य है तो परम शांति की अपेक्षा रखता है। दुर्भाग्य से भारत ही नहीं संसार के अनेक देशों से यह शांति छीन ली गयी है। समय होता नहीं कि दायें बायें ऊपर नीचे हर ओर से लाउडस्पीकरों की ध्वनियाँ कानों से बलात्कार करने लगती हैं – अय्या sss ऊ ssss अकबक!
पहले कोई एक कढ़ाता है और तदुपरांत एकाध मिनट के अंतर से एक के बाद एक वही ध्वनि चारो ओर मानो गन्ने के खेत में सियार देखा देखी हुँआ हुँआ कर रहे हों! जब लाउडस्पीकर नहीं थे तब क्या लोग आराधन को नहीं उठते थे? किसी को सर्वोपरि सर्वश्रेष्ठ एकमएक मानते हो तो दूसरों को भी उसे ही श्रेष्ठ मनवाने को क्यों आमादा हो भाई? अपने काम से काम रखो न!
तनातनी परम्परा में रतजगे या जगराते के उल्लेख तक नहीं मिलते। निशापूजन की परम्परा भी गुह्य ही बताई गई जिसे बहुत ही संयम और सावधानी के साथ किया जाना चाहिये लेकिन चिढ़ और नैराश्य को कैसे निकालना चाहिये, नहीं बताया गया। अब तनातनी तो हर काम विस्तृत विशाल ढंग से करने के आदी ठहरे - बिना दो चार अरब शंख वर्ष और एकाध लाख योजन के इनके काल आयाम पूरे ही नहीं होते, तो प्रतिक्रिया भी वैसी ही होनी चाहिये कि नहीं!
इसलिये हुँआ हुँआ से तंग किसी तनातनी नासपीटे ने जगराते की योजना मय लाउडस्पीकराँ बनायी होगी - तुम मेरा प्रात:काल खराब करते हो! लो झेलो अब रात भर माई के गुणगान को। देखता हूँ कौन माई का लाल रोकता है?
जिस प्रकार से सरस्वती का प्रसार सप्तसैन्धव पँचनद होता हुआ गंगा यमुना के प्रयागी संगम तक हुआ उसी प्रकार यह योजना भी पंजाब से चल कर गोबरपट्टी तक पहुँची होगी। खरमास में विवाही वाद निनाद बन्द हैं तो यह फोकटी परम्परा चालू आहे। बजरंग बली से साँई तक, फिल्मी धुनों की मलिकाइन से ले कर भोजपुरिया माई तक ये बेसुरे चंचलचंट गलाबाज गले के साथ साथ रात भर स्पीकर फाड़ते आम जन की नींद का सत्यानाश किये रहते हैं, कमबख्तों को न ठंड लगती है और न उनका गला खराब होता है! सुर ताल तो खैर मनविनाशन होते ही हैं!
यदि आप ध्यान दें तो अय्या sss ऊ ssss अकबक! हो या रतजगा, इनका आराधना से कुछ नहीं लेना देना। ये बस वर्चस्व के अस्त्र हैं। मध्यपूर्वी सर्वोच्चता का अघोषित किंतु बहुत ही स्पष्ट एजेंडा लिये समूचे संसार को रौंदता मत हो या पड़ोस के नये मान्नीय कोई सिंघ, यादो, पाँड़े, साँड़े; ऐसे आयोजनों से इन्हें बस यही तसल्ली मिलती है - हम हैं तो हैं, हमें कौन रोक सकता है, हमारी बड़ी प्रतिष्ठा है, देखो कैसे सबका जीना हराम किये रखते हैं!
इस प्रतिष्ठा के अंत में जो 'ठ' है, उसका भाईचारा ठसक से जुड़ता है और इसका एक ही उपचार है - शोर करने वाले का टेंटुआ दबा देना - बहुत चिल्ला रहे थे न अब चिल्ला कर दिखाओ लेकिन कोई भी सभ्य अमनपसन्द नियम क़ानून को मानने वाला, उनसे डरने वाला व्यक्ति लाख चाहने, मन्नते माँगने या शाप देने के बावजूद ऐसा कर नहीं सकता। हम भी उसी श्रेणी के हैं, यहाँ लिख कर भँड़ास निकाल ले रहे हैं। कल को पुन: झेलना ही है - अय्या sss ऊ ssss अकबक! ....माई तू है शोराँ वाली, घनचक्कर वाली साँई तू :(
... लाहौर बिना कुवैत!!
_________________________________
नोट:
इस आलेख का संसार के किसी भी भूतपूर्व, वर्तमान या भावी अत मत सत आय दाय गाय सम्प्रदाय लगाय बझाय से रत्ती भर का भी सम्बन्ध नहीं है। यह प्योर फ्रस्ट्रेशन का उद्घोषण भषण भर है, दिल पर न लें; सीरियसली तो कत्तई नहीं क्यों कि इसमें कुछ भी सीरियस नहीं है, हो ही नहीं सकता। यह तो सतरंगी जीवन पद्धति का एक क्षुद्र आयाम भर है।
शुक्रवार, 20 दिसंबर 2013
अय्याsss ऊssss अकबक! और जगराता
सोमवार, 16 दिसंबर 2013
शुक्रवार, 22 नवंबर 2013
रविवार, 3 नवंबर 2013
महो अर्ण: सरस्वती प्रचेतयति केतुना
आज दीपावली है। कार्त्तिक मास की अमावस्या। सूर्य स्वाति नक्षत्र पर। चन्द्र भी निशा बेला में उत्सव समाप्ति तक स्वाति नक्षत्र में। स्वाति यानि सु+अति यानि बहुत अच्छी। दो सप्ताह पश्चात पूर्णिमा के दिन चन्द्र कृत्तिका राशि पर होगा इसलिये इस महीने का नाम कार्त्तिक है।
पावनकारी, अन्नयुक्त और धनदात्री सरस्वती धन के साथ हमारे यज्ञ की कामना करें।
सत्य की प्रेरक, सुमतिशील जनों को चेताने वाली सरस्वती हमारे यज्ञ को ग्रहण कर चुकी है।
अगाध श्रेष्ठशब्दशाली सरस्वती बुद्धिमानों को चेतनाशील बनाती है। वही समस्त शुभ कर्मज्ञान को प्रकाशित करती है।
यह समय धान की फसल का है। प्राचीन काल में वृहि या शालि या धान की शस्य पवित्र और क्षुधापूरक मानी गयी। इस नये अन्न के भात से ही देवतुल्य पितरों को श्रद्धांजलि दी जाती। कृषक के लिये यह धान्य से घर भरने का समय होता, व्यापारियों के लिये धन के आगमन का और राजन्य के लिये कराधान का। वर्षा ऋतु समाप्त हो चुकी होती और आवर्द्धित विशाल सरस्वती के पवित्र तट श्रौत सत्रों, सुदूर समुद्र के अभियान पर निकलने वाली व्यापारिक नावों और खाली खेतों को पुन: तैयार करने को उद्यत कृषकों की गतिविधियों से गुंजायमान हो उठते। सरस्वती उनकी जीवन प्राण थी। यह समय हर वर्ग के लिये यज्ञ जैसा होता।
ऐसे आह्लाद के समय कवियों की मेधा ऋत अनुशासित सुखी और समृद्ध समाज की कल्पना और संरचना के सूत्र रचने लगती। उसके आह्वान को, उसके आशीर्वाद को और उससे संवाद को देखिये वैश्वामित्र मधुच्छन्दा ऋषि क्या कहते हैं! (ऋग्वेद 1.3.10-12)
सत्य की प्रेरक, सुमतिशील जनों को चेताने वाली सरस्वती हमारे यज्ञ को ग्रहण कर चुकी है।
अगाध श्रेष्ठशब्दशाली सरस्वती बुद्धिमानों को चेतनाशील बनाती है। वही समस्त शुभ कर्मज्ञान को प्रकाशित करती है।
दीपावली पर्व में धन की पूजा और अमावस की रात श्रेष्ठ शब्दों वाली प्रकाशमयी विद्यादायिनी सरस्वती की उपासना के बीज वैदिक परम्परा में निहित हैं। धन धान्य का मद विद्या से अनुशासित रहे, यही उद्देश्य है।
मंगलवार, 22 अक्टूबर 2013
बाऊ और नेबुआ के झाँखी - 26
पिछले भाग से जारी ...
टाट की आड़ से झाँकती दो जोड़ी आँखों ने देखा। लीक की चिकनी चमकती कठभट्ठा माटी पर पाँवों के लाल लहू निशान ज्यों देवी देवकुरी में पइस रही हो। दोनों सन्न!
सोहित के घर की ओर बढ़ती मतवा, अगल बगल बहतीं गंगा जमुना! नगिनिया का हाल बूझ गंगा हिलोर ले आगे बढ़ती तो सम्भावित लांछन, बहिष्कार की जमुना जैसे गोड़ के नीचे से जमीन ही बहा ले जाती! कसमकस, छोटी सी राह और पवन बहान! गंगा बीस पड़ती गई और मतवा सुध बुध खोती आगे बढ़ती गईं। नेबुआ मसान दिखा और दिखे दूर आसमान में मेहों से मुँह करियाते चमकते ढूह। मतवा की आँखें बढ़िया गईं, लाली उतरी – सब सुभ होई! झड़क चली। छिपाव कि कोई देख न ले जाने कहाँ छिप गया।
खिरकी दिखी ही थी कि साड़ी टाट की खोंच फँसी, थमी ही थीं और दोनो गोड़ तीखी चुभन धँसती गई। ऊपर की ओर लहराती पीर बढ़ती, देह थरथराती; उसके पहले ही मसानों ने स्वेद की गगरियाँ उड़ेल दीं। घस्स से भुइँया बैठ गयीं, होश ठिकाने आ गया। साफ पता चला कि लीक पर सूखी नेबुआ की डाल किसी ने आड़ी डाल रखी थी। चोख काँटे! पाँवों में गहरे उतर गये थे। निकाल कर फेंकती मतवा के कानों में स्वर पड़ा – कवन ह रे! कहेनी कि देखि के चलs सो, बाबू के टाट तिसरिये टूटेला।
समूचा अस्तित्त्व एक ही अंग - बस कान कान! मतवा ने साफ पहचाना – रमईनी काकी! धुँधलाती चेतना पतियाती कि जानी पहचानी कर्कश हँसी ने जैसे चेतना ही हर ली – अरे काकी! पाँवपुजवा हे, कुच्छू न कहs- लँगड़ जुग्गुल!
देह नहीं, केवल भीतरी संवाद थे – क्या बचा मतवा? बेटा धतूरा पी बेसुध सोया है, सँवाग अचेत है और जो गोपन बनाये रखना चाहती थी वह तो खुले बजार उघार हो गया! ये दोनों जान गये तो अब किसे जानना शेष है?
काँटे के घाव से अचानक तीखा दर्द उठा, नयन भर भर उठे। अब जो होना हो सो हो। लहराती पियरी बुला रही थी, पाँव यंत्रवत बढ़ चले। गंगा जमुना दह बिला गईं, पीर पटा गई।
टाट की आड़ से झाँकती दो जोड़ी आँखों ने देखा। लीक की चिकनी चमकती कठभट्ठा माटी पर पाँवों के लाल लहू निशान ज्यों देवी देवकुरी में पइस रही हो। दोनों सन्न!
भउजी ने आहट पहचानी और चौखट पर ही मतवा से लिपट गई। मतवा ने जाना उनकी आँखें सूख गई थीं। इतनी जल्दी! लम्बे जर बोखार से उऋन होने पर जैसे देह हो जाती है बस वैसी थी। अभी तो सब सँभालना था।
काठ ने देखा – पाथर! यह चेहरा परसूत की पीर झेलती मेहर का नहीं हो सकता, नहीं।
नइहर कि माई मूरत ध्यान में आई – पाथर! दरद कहाँ छिपा रखा है इसने?
भउजी झट से बैठ गई। पाँव पड़ी नागिन को उठा मतवा ने गले लगा लिया। एक मौन सहमति में दोनों उस कोठरी की ओर बढ़ चलीं जहाँ नागिन का रात का बासा होता था - परसूता का घर।
हाँफती पुकार ने दोनों को थाम लिया – भउजी! सोहित आ पहुँचा था। उसने मतवा को देखा। बहुत बार कुछ कहने सुनने की आवश्यकता ही नहीं होती। भीतर की आश्वस्ति चारो ओर फैलने लगी। जिस मुँह कालिख लगी थी, जिस पर पट्ठा बैल मरने जैसी गम्मी थी, वह अब भावी पिता था। उसने चेतावनी सुनी - सोहित! केहू भीतर जनि आवे, हम सब सँभारि लेब। हाथ की लाठी मुट्ठी की भींच, कस कराह – सब ठीक होई।
इसरभर आया, पिटा और भूखे पेट घर वापस गया। भूख तो जन्म के बाद होती है न?
...रात गझीन है। आसमान में बदरी है। अँजोरिया अन्हरिया बराबर। चारो ओर फुसफुसाहटें हैं। खदेरन नींद में ही जागे हैं। सुभगा आ रही है। आश्वस्त चुप्पी है। सब तैयारी पूरी हो चुकी है। अब तो बस स्वागत का अगोरा है। गुड़ेरवा नहीं बोल रहा, पिहका है। खेंखर नहीं, खेंचातान है। दूर की कामाख्या पितरों की भूमि पधार रही है। आओ माँ! बताओ तो मैं कहाँ हूँ? किस काल में हूँ?...
...लहू रुकने का नाम नहीं ले रहा, कितनी पीड़ा ले कर आयी भवानी? माँ नग्न है, ले मैं ब्राह्मणी भी आधी होती हूँ – मतवा ने अपनी साड़ी फाड़ी और नागिन को उसमें कसती चली गईं – केहाँ, केहाँ।
ढेबरा के अँजोर भवानी की आब, दप दप! यह तो महीने दो महीने जैसी लग रही है! मतवा रूप निहारने लगीं।
... होश आया। जान पहचान कर नागिन रोने लगी – जमीन को बचाने वाला नहीं आया, इस दुआर दिया जलाने वाला नहीं आया। मुझ पापिनी की कोख कैसे आता?
मतवा ने अँकवार भर लिया – ई नाहीं कहे के रे! एकरे कोखि से होई। आई रे आई!
अन्हार सन्न। दुख जब सहन के परे हो जाता है तो मनुष्य में शक्ति जगती है। आखिरकार भउजी ने कहा – बबुना के बता देंई। आपन भवानी सँभारें।
उसके बाद उसने मतवा को मुक्त किया – जाइये मतवा! अपना घर सँभालिये। इस घर के दो जन पर कृपा दृष्टि बनाये रखियेगा। जनम दे हमार जनम सुफल, पूर गइल।
पाँवों की पीर का तेहा अब जबराने लगा था। मतवा ने बची खुची साड़ी लपेटी और बाहर आ गईं। लाठी का सहारा लिये बैठी सोहित की छाया प्रतीक्षा में दिखी। कन्धे पर हाथ रख मतवा ने बताया – भवानी ... संतान और सँवाग की देखभाल करना। कुल चलाने बेटी आई है। उन्हों ने सोहित का चेहरा उठाया। अन्धेरे में क्या दिखता? सोहित ने जैसे सहमति में सिर हिलाया – पाँय लागीं मतवा! हम बाप बनि गइलीं मतवा, हम बाप बनि गइलीं!
मतवा के मन में स्वर पुन: उठे – जनम दे हमार जनम सुफल, पूर गइल। अर्थ समझ में आया, आशंका सी उठी लेकिन उन्हों ने अशुभ को शब्द तक नहीं लेने दिया। कंठ में रूदन भर आया। सोहित को अधूरा ही छोड़ अन्धेरे में भागीं। कुछ देर की तेज हवा ने आसमानी बदरी को तो छिन्न भिन्न कर दिया था लेकिन मतवा का मन ...
काँटा! काँटा गड़ि गइल!! पाँवों तले नमी थी। जाने फिर से घायल हुए थे या नहीं लेकिन मतवा को सँभालने के बाद खदेरन ने हाथ लगा देखा। मद्धिम रोशनी में लहू करिया लग रहा था। गर्म लहू! भवानी न? मतवा ने सिर हिलाया और जाने किस प्रेरणा से दोनों आलिंगन में कस गये। कौन है? माँ?? सुभगा???
मेरे साथ साधना करोगे पापी!
भउजी के ललाट पर हाथ फेर, कन्या को दुलरा कर सोहित कोठरी से बाहर आँगन में ही नंगी धरती पर चौड़ा हो गया। चौखट पर एक छाया उभरी और अकन कर किनारे हो गई।
...देह में जाने कहाँ की शक्ति भर आयी है, नागिन छोटकी डेहरी पर चढ़ तर उपर ओसौनी सहेज रही है। मतवा की साड़ी कमर में नहीं, गले में है।
....एक उछाल, बन्धा, झटका ...देह झूल गयी।
सन्नाटे को चीरते तीखे स्वर से नींद टूटी, खदेरन उठ कर चौकी पर बैठ गये। वेदमुनि सो रहा था। उतरने को पाँव नीचे किये तो मतवा की देह से लगे। झपट कर हाथ लगाया तो पाया कि मतवा की देह भट्ठी हो रही थी।
इतना ज्वर, ताप! काँटे थे या कुछ और? उठा कर चौकी पर लिटाने के बाद उन्हों ने चादर भिगो कर निचोड़ा और मतवा को ओढ़ा दिया ...गिलोय, इस समय गिलोय कहाँ ढूँढ़ें खदेरन? (जारी)
शब्दचिह्न :
बाउ,
बाऊ,
लंठ महाचर्चा
सदस्यता लें
संदेश (Atom)


