मंगलवार, 13 सितंबर 2016

सभ्यता संकट में Occupation of public space

चेन्नई महानगर की साधारण लोकल ट्रेन में यात्रा करना भी एक अच्छा अनुभव होता है। शांत, अनुशासित और संवेदनशील यात्री, अपने अपने राम, अपने अपने काम।

आज एक विचित्र बात दिखी। तीन चार स्टेशनों पर किशोर वय के लड़कों के झुण्ड झुण्ड बिना टिकट यात्रा करते, हो हल्ला करते यात्रा करते दिखे। राह में कन्नड़ दुकानों पर अभूतपूर्व सुरक्षा दिखी थी, मन प्रसन्न हुआ था कि नदी जल विवाद पर कर्नाटक में इतना कुछ हो जाने पर भी तमिळनाडु सरकार नागरिक सुरक्षा और विश्वास के प्रति कृतसंकल्प है लेकिन स्टेशन पर ...??

उत्सुकता हुई कि आखिर ये किशोर कौन हैं, कहाँ से अचानक? थोड़ी देर में ही मुँह पर रुमाल बाँधे बोगी के हर द्वार पर दो एक युवकों को देख समझ में आ गया कि अरब श्रेष्ठवादी आन्दोलन के कार्यकर्ताओं का क़ुरबानी के अवसर पर प्रशिक्षण चल रहा है – सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करने की, पहचान स्थापित करने की रणनीति का, अंग्रेजी में कहें तो Occupation of public space. प्राय: हर नगर कस्बे के प्रसिद्ध क्षेत्रों में यही काम मिनारें और मजारें करती हैं। पता भी नहीं चलता और लैण्डस्केप बदल जाता है। कई लोगों को यह बात बहुत छोटी लग सकती है कि उससे क्या होता है?

मस्तिष्क का अनुकूलन होता है, अभ्यास होता है, सहानुभूति होती है, भय बैठता है, अधिकार बढ़ता है और स्वीकार्यता भी। जहाँ पहले कुछ नहीं था, वहाँ माना जाने लगता है, हर शुक्र खयाल कर सड़क खाली की जाने लगती है, ऊँट क़ुरबानी के इलाके बनाये जाने लगते हैं और नगर प्रशासन कुछ निर्णय लेने से पहले राय लेने लगता है। एक निहायत ही बर्बर जहालत वाली सभ्यता बैठ जाती है, मन में भी और हवा में भी – भय बन कर। चुपचाप वह बढ़ती रहती है और 1:2 का अनुपात होते ही यलगार होने लगते हैं – मेरे मौला बुला ले दर पे ‘इन्हें’, वरना कर दे इशारा ...।

संसार के लगभग समस्त लोकतांत्रिक उदार समाज में मोहमदी मजहब और साम्यवाद एक थैली के चट्टे बट्टे नजर आते हैं, जानते हैं क्यों? क्यों कि दोनों मूलत: एक हैं। यह कहें कि साम्यवाद ग़रीब के पसीने से भीगी कोट का आभास देता वह डिजाइनर चोगा होता है जिसके भीतर मोहमदी ढील, चिल्लर और पिस्सू पनपते और फलते फूलते हैं तो अत्युक्ति नहीं होगी। यह चोगा सुविधा के अनुसार कभी टँगा होता है तो कभी पहना हुआ लेकिन बू वही, बू के सयाने वही।

कुछ् वर्ष पहले चोगे पहनने वाली परवर्जनशील क़ौम ने एक आन्दोलन को जन्म दिया – Occupy Movement। उनका कहना था कि संसार पर 1% का कब्जा है और 99% वंचित हैं जो कि अपना स्थान ले कर रहेंगे। टोटके वगैरह ढूँढ़े गये, भारत में भी आन्दोलन हुये।

बात उहात्मक है लेकिन सही है। मैं कहता रहा हूँ कि हम सभी एक अदृश्य मैट्रिक्स द्वारा जिलाये जा रहे हैं, हाँके जा रहे हैं लेकिन इसके अनुभव से उपजी हताश मानसिकता का जैसा शोषण और दुरुपयोग मजहबियों और साम्यवादियों ने किया और कर रहे हैं, अपने आप में अद्भुत है जी, अद्भुत!

मजहब हो या साम्यवाद, सही दिखते को कैसे गले लगा कर अपने जैसा बना देना है या नेस्तनाबूत कर देना है, इनमें दोनों निष्णात हैं। वंचना और छलना से बचने की बातें करते करते कैसे कब किसी का जीवन साफ कर दें या कब किसी की जेब काट लें, पता ही न चले! प्रशिक्षण जो कच्चे समय से ही दिया जाता है।

जो शिकार वर्ग यानि इनसे इतर वर्ग है, वह आधुनिक दिखने की ललक में उन्हें space देता मानसिक रूप से इतना समाप्त हो चुका है कि अपनी देह तक पर नियंत्रण नहीं! उसके पास उन्हीं के दिये प्रतिरोधी शब्द भर हैं जिनकी आड़ ले वह अपने ही ध्वंस को प्रायोजित करता चल रहा है।

जो चेतावनी देने वाले हैं वे भी बस बकबक करने की भूमिका का निर्वाह करते हुये हलाल हो रहे हैं – कसाई आयेगा, खँस्सी को मार खा जायेगा, बच सको तो बच लो ... खचाक!
सभ्यता वास्तव में संकट में है!                  


सोमवार, 5 सितंबर 2016

देवी कौसल्या का स्वस्तिवाचन

वनयात्रा के पूर्व कौसल्या देवी का पुत्र श्रीराम के लिए स्वस्तिवाचन: 
(वाल्मीकीय रामायण, अयोध्याकाण्ड, 25) 
..
(1) सताम् क्रमे - तुम सत्पुरुषों के मार्ग पर स्थिर रहो।
(2) धर्मं तव प्रीत्या च नियमेन .... त्वामभिरक्षतु - जो धर्म तुम्हें इतना प्रिय है, जिसका नियमपूर्वक प्रसन्नता के साथ पालन करते हो, वह तुम्हारी रक्षा करे।
(3) महर्षियों के साथ देवायतनों के पूज्य देव तुम्हारी वन में रक्षा करें।
(4) तुम सद्गुणों से प्रकाशित हो, विश्वामित्र के दिये अस्त्र तुम्हारी रक्षा करें।
(5) माता पिता की सेवा के पुण्य और सत्य पालन से सुरक्षित हो तुम चिरंजीवी बने रहो।
(6) समिधा, कुश, पवित्री, वेदियाँ, मंदिर, देवपूजन स्थान, पर्वत, वृक्ष, क्षुप्र, जलाशय, पक्षी, सर्प और सिंह वन में तुम्हारी रक्षा करें।
(7) साध्य, विश्वेदेव, मरुत, धाता, विधाता मंगलकारी हों। पूषा, भग और अर्यमा तुम्हारा कल्याण करें।
(8) लोकपाल, वसुप्रमुख, ऋतुयें, महीने, संवत्सर, रात, दिन, मुहूर्त तुम्हारा मंगल करें। श्रुति, स्मृति और धर्म तुम्हारी रक्षा करें।
(9) मेरी स्तुति से प्रसन्न दिक्पाल, दिशाएँ और सिद्ध जन वन में तुम्हारी रक्षा करें।
(10) शैल, समुद्र, राजा वरुण, द्यौ, अंतरिक्ष, पृथ्वी, वायु, चराचर, नक्षत्र, ग्रहों के साथ देवता, अहोरात्र, संध्या वन में तुम्हारी रक्षा करें।
(11) कला, काष्ठा और दिशाएँ तुम्हें कल्याण प्रदान करें।
(12) देवता और दैत्य सुखदायी हों।
(13) राक्षस, पिशाच और मांसभक्षियों से तुम्हें कभी भय न हो।
(14) प्लवग, बिच्छू, डांस, मच्छर, पहाड़ी सर्प, सरीसृप, कीड़े फतिंगे तुम्हारे लिए हिंसक न हों।
(15) हाथी, सिंह, बाघ, ऋक्ष, महिष, सींग वाले जन्तु, रौद्र प्राणी तुमसे द्रोह न करें।
(16) मेरे द्वारा यहाँ संपूजित सबसे भयंकर नरमांसभोजी प्राणी वन में तुमसे हिंसा न करें।
(17) मार्ग मंगलकारी हों, पराक्रम सफल हों, संपत्तियाँ प्राप्त हों और तुम सकुशल यात्रा पूर्ण करो।
(18) पुन: पुन: आकाशचारी जीवों, भूतल के प्राणियों, देवताओं से और जो तुम्हारे शत्रु हैं उनसे भी तुम्हें कल्याण प्राप्ति होती रहे।
(19) मेरे द्वारा यहाँ पूजित हो शुक्र, सोम, सूर्य, कुबेर और यम दण्डकारण्य में तुम्हारी रक्षा करें।
(20) स्नान और आचमन के समय अग्नि, वायु, धूम और ऋषियों के मुख से निकले मंत्र तुम्हारी रक्षा करें।
(21) ब्रह्मा, परम ब्रह्म, बचे रह गए जो भी देवता हैं, वनवास में तुम्हारी रक्षा करें।
...
वृत्र का नाश करने हेतु इन्द्र को जो आशीर्वाद प्राप्त हुआ था वह तुम्हें प्राप्त हो।
विनता ने अमृत लाने के इच्छुक अपने पुत्र के लिए जो मंगलकृत्य किए थे, वे तुम्हें प्राप्त हों।
अमृत उत्पत्ति के समय दैत्यों के विनाश के लिए वज्रधारी को जो आशीर्वाद माता अदिति ने दिये थे, वे तुम्हें प्राप्त हों।
त्रिविक्रम विष्णु के लिए जो मंगलाशंसा की गई, वह तुम्हें प्राप्त हो।
ऋषि, सागर, द्वीप, वेद, लोक, दिशाएँ तुम्हें मंगल प्रदान करें।
...
पूर्णकाम हो रोगरहित जब अयोध्या लौटोगे तो तुम्हें राजमार्ग पर देख मैं सुखी होऊंगी।
दु:खपूर्ण संकल्प मिट जाएँगे, मुख पर हर्ष होगा और मैं तुम्हें पूरन के चंद्र सा देखूंगी।
पिता की प्रतिज्ञा को पूर्ण कर जब सिंहासन पर बैठोगे तो मैं पुन: तुम्हारा प्रसन्नता पूर्वक दर्शन करूंगी।
तुम सदा मेरी बहू सीता की समस्त कामनाएँ पूरी करते रहना।
मैंने जिन्हें सदा पूजा और सम्मान दिया वे शिवादि देवगण, महर्षि, भूतगण, देवोपम, नाग और दिशाएँ चिर काल तक वन में तुम्हारे हित साधन की कामना करते रहें। 

__________________________________
सोचता हूँ क्या रह गया? माँ से क्या बच गया?? विदुषी पर अथर्वण परंपरा का प्रभाव स्पष्ट है और साथ ही सामान्य माता का ममत्त्व भी उफान पर है।
वर्षा के समय वन में भीगते राम, सीता और लक्ष्मण के प्रति माता के भावों का जो चित्रण लोक गीतों में मिलता है, एक राजरानी क्षत्राणी के ओज से निखरा वह यहाँ भी उपलब्ध है।

रविवार, 28 अगस्त 2016

शमी...सूख गये, रह गये

छत के गमले का शमी सूख कर काँटा रह गया है, बाकी सभी पौधे हरे भरे फूले फुलाये बने हुये हैं। यह शमी उसी की संतान था जिसकी छाँव पिताजी प्रतिदिन बैठते थे और जहाँ मैंने भी अपने बुढ़ापे में बैठ कर ठहरे समय को सोखने की कल्पनायें की हैं।
गाँव दुआरे वाला शमी अभी भी है जिसकी निचली टहनियों को मैंने स्वयं पाँग दिया था, तेरही के दिन किसी को काँटे लग गये तो! जटिल कर्मकाण्डों को अबूझ पत्थर की तरह सम्पन्न करते मुझे बस अपना यही कार्य समझ में आया ... शमी आसानी से नहीं सूखते, उसे कुछ नहीं होगा... और यहाँ वाला सूख कर संतान के दुःख को साझा कर गया! इसके सान्निध्य में तो काफ्का का पिता के नाम पत्र भी मैंने उन्हें नहीं सुनाया था, फिर भी।    
… पिताजी के देहावसान को आज 21 दिन हो गये हैं, मेरे भीतर बालकनी का वह समय वहीं का वहीं है जब साँझ को उनके बारे में बाते करते हुये ही मोबाइल पर समाचार मिला था। पीछे से माँ का रूदन और भैया का रूँधा स्वर – Guru ji is no more. चुपचाप मैंने मोबाइल ऑफ किया और चिंतित पत्नी को संकेत भर किया। वह फूट फूट कर रोने लगीं, मैंने द्वार बन्द कर दिया कि स्वर दीवारों में रूँध कर रह जाय या जाने क्यों ...
...बाहर रेलिंग के सहारे खड़े सूखी आँखों से मैंने देखा, संसार साथ साथ तपता और ठिठुरता बहुत बड़ा कैनवस हो गया है, अचानक... जिसके एक किनारे खड़ा मैं अकस्मात एक दशक बूढ़ा हो गया हूँ - घर का ‘बड़ा सवाँग’ जिसे सबके दुःख को कन्धा देना है, जिसकी देह सबके आँसुओं से भीगनी है लेकिन जिसके स्वयं के भाग्य में कोई कन्धा नहीं, जिसकी आँखों की नमी को कोई धार नहीं! ...
... नहीं, उस समय ऐसा कुछ नहीं लगा था, सम्भवत: यह अनुभूति किसी अनंतर अवसादी क्षण द्वारा उस मेरु-प्रश्न के लिये प्रस्तुत एक असफल समाधान भर हो जिसका कोई आकार नहीं, जिसमें कोई शब्द नहीं, वाक्य नहीं, विन्यास नहीं... ओसारे के वे लगभग दस मिनट, कह सकता हूँ कि पुराणों के दस हजार वर्ष ...
...अब मैं किससे लड़ूँगा? कौन मुझसे सुलह करेगा और मनावन में किसकी गोद सिमट कर सोऊँगा? अंतिम वर्ष में तो मैंने वह भी छोड़ दिया था, वृद्ध देह का ढीलापन यातना से भर देता था...वह घुमा फिरा कर ‘उपेक्षा’ कहते और मेरे प्रतिवाद पर हँस देते। मैं अपने भीतर का कैसे कहता? ...कह पाता भी? 
...चेन्नई से रात के विमान से दिल्ली, संतप्त पुत्री को सँभालना, प्रात:काल विमान से गोरखपुर, गोरखपुर से समय रहते गाँव। कई बार गला रूँधा, आँखें छलछलाईं, नम हुईं, बहीं भी लेकिन वह भीत अभी तक टूट कर नहीं बही है जिसके पीछे जाने कितने गुंजलक हैं, कुछ है जिसे कहना असम्भव है। असम्भवा पीर धँसी है, ऐसी कि निकल ही नहीं रही!...
...लोकाचार, भूखे प्यासे परिवारी जन। आकुल पुकारें – कहाँ तक पहुँचे? दाहा हो जाये तो कुछ मिले, जीवित देह की आग को तो अन्न आहुति चाहिये न, जो मृत हुई उसे तो स्वयं आहुति होना है। राह में बारिश, अग्नि संस्कार कैसे होगा? ... यहाँ तो दिन खुला है, शीघ्र पहुँचो।
...रोती कलपती अम्मा – तोहरे पिताजी के केहू नहीं बचावल ए बाबू! क्या कहूँ? कितने लोग रो रहे हैं उस भीत के पीछे, नहीं देख सकता। आँखें सूखी हैं.. चलु अम्मा, घर में चलु! ... अम्मा को भरपूर आलिंगन में लिये घर में खींच ले गया हूँ। श्रीमती जी जाने रो रही हैं या सांत्वना दे रही हैं। बाहर नहवावन का हल्ला, मेरे भीतर हाहाकार – चुप रहो सब लोग, सूर्यास्त में अभी दो घण्टे शेष हैं।
...गंगा जल से मृत देह का स्नान। स्नान के समय प्रतिदिन पिताजी का गाता स्वर मन की भीत के पीछे चुप है:
नागेन्द्र हाराय त्रिलोचनाय, भस्मांगरागाय महेश्वराय।
नित्याय शुद्धाय दिगम्बराय, तस्मै 'न' काराय नमः शिवाय॥
...आड़ है, मृत देह दिगम्बर। मेरे मस्तक से स्वेद का प्रवाह है, आँखों में आँसू नहीं। धीर धरो, धीरे धीरे पोंछो, त्वचा छिल जायेगी... क्या धरा है इस धराशायी मिट्टी में? ... नहीं, देखो, कितनी शांति से सोये हैं जैसे समाधि में हों – विकारहीन शांत मुख।
 गंगा जी! स्वेद मिली धार से किसे शुद्ध करेंगी? क्या ‘न’कारूँ? क्या सकारूँ?? ...नागपंचमी के दिन ही उन्हें जाना था? अच्छे भले थे, छ: दिन पहले ही तो गया था। उस दिन की खीर के लिये तो स्वयं दूध बढ़ा कर देने के लिये कहने गये थे, पकवान बनवाये थे ... शिव ने उन्हें ही ग्रस लिया!
... मेरे जन्म के समय में उनके एक प्रिय शिष्य साथ थे – Guru ji! perhaps the time has come और उनके अवसान के समय दूसरे शिष्य भैया – अब एकदम स्वस्थ हैं, सुनो न, हँसता हुआ स्वर। आज ही हॉस्पिटल से छुट्टी मिल जायेगी।
भावुक होंगे इसलिये उस समय बात नहीं किया और बस दो घड़ी बाद ही सुनने को मिला – Guru ji is no more...
...दो-तीन किलोमीटर के भीतरी घेरे में सूखा रहा, बाहर वर्षा होती रही। देह भस्म हुई लेकिन चिता वैसे ही दहक रही थी। वापस होते जन के सबसे पीछे अंतिम मैं। उल्टी कुल्हाड़ी से मैंने राह काटी और मूसलाधार वर्षा प्रारम्भ हो गई। गंगा स्नान, अग्नि स्नान और अंत में इन्द्रजल स्नान।
 यज्ञा यज्ञा ..अग्नये..गिरा गिरा..गच्छ... पर्जन्य बरसे किंतु अग्निदेव शांत नहीं हुये, तीसरे दिन भी अंगार यथावत रहे। लकड़ियों में हीर अधिक थी या कोई और बात थी? 

... पिताजी! दुआर के उदास शमी को क्या कहूँ? जो सूख गया है उसका क्या करूँ? काँटों से तो बच भी नहीं सकता। बहुत कुछ अधूरा रह गया, बहुत कुछ। अभेद्य भीत के पार कब और कैसे पहुँच पाऊँगा? अब तो आप पितर हैं, बतायेंगे न?   

गुरुवार, 21 जुलाई 2016

डेट

शनिवार का दिन समुद्र के किनारे डूब रहा था और मैं प्रतीक्षा में था। उसे अनजान भेंट ही कहूँगा, ब्लाइण्ड डेट में किसी ऐसे परिचित का होना अनिवार्य होता है जो दोनों को मिला दे। हमारे साथ ऐसा नहीं था, इंटरनेट को  मनुष्य तो नहीं कह सकते न!
साँझ की थकान में नीचे आ गये सूरज के साथ पश्चिम के मकान भी पियरा गये थे। मुझे थमी सी बयार साँवरी लग रही थी जिसके रुख पर हल्दी का लेप लगा था। मैं अपने में मुस्कुराया – परिवेश भी मनुष्य की नकल करता है। यहाँ की साँवली महिलायें मुख में हल्दी लगा घूमती जो हैं! पूरब में बदली सी थी या धुन्ध, पता नहीं लग रहा था लेकिन इतना अवश्य था कि किनारे घूमते सैकड़ो लोगों में कोई साँझ में यूँ डूबा न होगा जैसा मैं था। सब अपने आप में मगन थे। हहरते सागर में कोई कितने संवाद घोल सकता है! मैं चकित भी था।
मनुष्य अकेलेपन से कतराता है। जो भी उसका विस्तार है वह भीतर के निर्वात को भरने के लिये ही है जिसे उसने जाने कितने भागों में बाँट अलग अलग नाम दे रखे हैं। मैं भी उससे बचना चाहता था। यह भी कह सकता हूँ कि एक पचपन साल के किरानी के लिये वह अनिवार्य है, तब जब कि न कोई मित्र हो, न पत्नी हो और न बच्चे। उस दिन जाने क्या सूझी तो एक डेटिंग साइट पर चला गया, यह सोच कि कोई मिल ही जाय। मुझे किसी स्त्री मित्र की चाहना नहीं थी लेकिन ऐसी साइट पर किसी पुरुष का पुरुष मित्र ढूँढ़ना तो उसे समलैंगिक अधिक सिद्ध करता जो कि मैं हूँ नहीं। इस हास्यास्पद कारण से ही मैं स्त्री मित्र ढूँढ़ने निकला।
पुलिस द्वारा अपराधी की जाँच पड़ताल सरीखे प्रश्न झेल कर प्रविष्ट हुआ तो उबकायी आने लगी। कुण्ठाओं के लिजलिजे चित्र सर्वत्र बिखरे थे। साइट डिजाइन करने वाला पक्का कुलोचन होगा, यह तय था। यूँ ही पन्ने पलटते एक चित्रहीन प्रोफाइल पर ठहर गया। आयु 35 वर्ष, ऊँचाई 4'4'', रुचि 55-60 की वय-परास के पुरुष। विचित्र सी प्रोफाइल उलझाने वाली थी – ड्रॉप डाउन में वय चुनने में त्रुटि हुई होगी जिसे उसने बहुत दिनों से देखा ही नहीं होगा लेकिन प्रोफाइल तो सक्रिय थी। उत्सुकता में मैंने अपनी पसन्द जाहिर कर दी... 4'4"! हूँ।
... चैट से होते होते बातें जाने कब मोबाइल पर आ गईं और हम खुलते चले गये लेकिन हमने एक दूसरे का न पता जाँचा और न चित्रों की अदला बदली की। इस नम सीझते नगर में उमस बढ़ती जाय तो जीना मरना हो जाता है। ऐसे ही एक दिन का जब मैं रोना रो रहा था तो वह खिलखिला उठी – पता है? मैं सप्ताह में बस तीन दिन ही नहाती हूँ। मैंने उसे फूहड़ गन्धिनी कहते हुये बताया कि मैं दिन में दो बार।
तो मिल कर जान ही लें कि कौन अधिक गन्धाता है और किसकी खाल धुलते धुलते इतनी पतली हो गयी है कि बयार भी चुभने लगी है? – प्रस्ताव उधर से ही आया और शनिवार का दिन तय हुआ।
उसने पूछा – तुम्हें पहचानूँगी कैसे?
मैंने तुरंत बताया – काली टी शर्ट। इस नगर में कोई और नहीं पहनता होगा।
“क्यों भला?”
“मैंने आज तक नहीं देखा। काले पर जमे पसीने की धारियाँ भद्दी जो लगेंगी, सूरज सोख कर देह स्वयं अपने को घायल कर लेगी सो अलग!”
खनक तेज हुई – अच्छा, तो कहाँ मिलेंगे?
“वहीं जहाँ मरुधर को उसकी लल्ली ने विदाई दी थी।”
वह प्रगल्भ हो चली – आना पक्का, साँझ को जब दिन डूबने लगे लेकिन आर्यश्रेष्ठ! इन दोनों का परिचय भी करायेंगे?
मैंने हँसते हुये उत्तर दिया  - अरे, एम जी आर और अम्मा, और कौन? 
दूसरी ओर अचानक ही शांति छा गयी। मोबाइल एकदम से कट गया। मैंने दुबारा मिलाया लेकिन आउट ऑफ कवरेज बताने लगा।
आने वाले दो दिन कोई बात न कोई चीत। मैं पुनरावलोकन करने लगा – मेरी हँसी में हल्कापन या असहज करने वाले संकेत तो नहीं थे? क्या कारण हो सकता है, वह ऐसी प्रूड तो नहीं है। मैंने कुछ अवांछित तो कहा नहीं!
पता नहीं, लेकिन मैं जाऊँगा अवश्य...
...बालू के ऊपर दूर तक दुकानें टिमटिम हो चलीं थीं। नीचे रेती की पियराई सलवटों पर झँवराई चढ़ने लगी थी लेकिन उसका कहीं पता नहीं था। मैं ऐसे सोच रहा था जैसे उसे पहचानता होऊँ। विरक्त हो मैंने पूरब की और दृष्टि फेरी, आश्चर्य हुआ कि बादल इतने लाल थे जैसे उनके पीछे दूसरा सूरज छिपा हो। छलना, मैं बुदबुदाया। ऊब इतनी गहन हो सकती है कि ध्यान की उच्चतम स्थिति जैसी हो जाय। उस किनारे तक पहुँच चुका था  फिर भी मैं बैठा रहा, मरुधर से जया मिलेगी ही। 

पश्चिम को निहारते आँखें थक गयीं - उस कद की कोई न दिखी कि पीछे से किसी ने कन्धे पर थपकी दी - सॉरी देव, विलम्ब हो गया। वही थी, कुछ लोगों का स्वर मोबाइल से इतर कितना मधुर लगता है न! 
मैंने आँखें घुमाईं और ठगा सा रह गया - अवस्था उतनी ही थी लेकिन देह तो सामान्य ऊँचाई की थी। अंग्रेजी औपचारिक वेशभूषा में वह आकर्षक लग रही थी, पाँव में साधारण चप्पल ही थे, हाई हील नहीं। मुझे मुँह बाये देख वह खिलखिला उठी - अरे, जया को आसन ग्रहण करने के लिये नहीं कहेंगे आर्यश्रेष्ठ! 
वह सुन सके ऐसे मैं बुदबुदाया - उपविश द्रविड़े! और हम दोनों खिलखिला उठे। 
उसने कहा - यू डॉण्ट लुक दैट ओल्ड।
मैंने पलट कर कहा - तुम भी उतनी नाटी नहीं हो नॉटी! 
मैंने एक नारियल पानी उसे थमाया और दूसरा स्वयं ले लिया - सही सही बताओ, क्या करती हो? 
उसने उत्तर दिया - एक प्राइवेट फर्म में फाइनेंस देखती हूँ। गुड्डी और मेरे लिये पर्याप्त है। 
“गुड्डी?”  
हाँ, मेरी बहन है। बंगलोर में एम सी ए कर रही है।
मैं चुप हो गया। मौन कुछ खिंचा तो उसने ढीला किया - चुप क्यों हो गये?
मैंने प्रतिप्रश्न किया - अम्मा और एम जी आर कहने पर तुम एकदम से क्यों चुप हो गयी थी?
उसने ठंढे स्वर में उत्तर दिया - उस बात को आगे बढ़ाना ठीक नहीं होगा। पहली भेंट का स्वाद न बिगाड़ो, नारियल पानी पियो।
मैंने मनुहार सी की - बताओ न? 
उसने बात घुमा दी - जानते हो, एक तमिळ कवि हुये हैं जिन्हों ने नारियल की तुलना पयोधर से की है। तुम्हारे हाथ में जो है उसे देखो तो! 
वह कौतुक के साथ मुस्कुराने लगी। मैं लजा सा गया। 
“ए, ए, ए ... द ओल्ड मैन इज ब्लशिंग!”
उन खिलखिलाहटों से समुद्र की गरज भरती गयी ठीक वैसे जैसे साँझ को बाबा की धीर गम्भीर समझावन के बीच यकायक माँ किसी बच्चे को दुलराने लगती थी। साँवरी के दाँत चमक उठे और मैंने कहा - बस, बस ... मेघ बरसने लगेंगे। बाढ़ से मुक्त हुये अभी अधिक दिन नहीं हुये।
वह सहसा चुप हो गयी और मैंने मन में उपमा गढ़ी - जैसे बादलों के बीच प्लेन का इंजन यकायक बन्द हो जाय और वह नीचे धँसने लगे - सूँ sssss...

प्रकृतिस्थ हो उसने कहा - कुछ अपने बारे में कहो जेंटिल ओल्ड मैन।
मैंने प्रतिवाद किया - ओल्ड कहना आवश्यक था? 
उसने मुस्कुरा कर उत्तर दिया - हाँ, नहीं होते तो मैं तुमसे बातें कर रही होती?
 बताओ, कहाँ से कहूँ?
अपने ब्याह से। 
हैं? 
हैं नहीं हाँ। चलो, बढ़ो।
कुछ खास नहीं। कॉलेज में था तभी हो गया था।
हैं, हैं, हैं ... लभ्भ मैरिज? द ग्रेट ओल्ड मैन - उसने अपने वक्ष आगे कर होठों पर हाथों से मूँछों की भंगिमा बनाई।
न्न रे, मैं मनहूसियत की सीमा तक मासूम था। सभी यौवनाओं का छोटा भाई। सोच कर ही हँसना आता है। 
इसमें हँसने की क्या बात हुई?
हाँ, रोने की बात है। 
रोने की भी नहीं है। आगे, आगे क्या, कैसे हुआ? 
कुछ नहीं। हमलोग बचपन में ही ब्याह दिये गये थे। सयाना हुआ तो उसे ले आया, गवना कहते हैं हमारे यहाँ। 
उत्सुकता में उसकी आँखें और काली हुईं थीं या नहीं लेकिन मुझे तो लगीं। वह उठ खड़ी हुई - वाह भइ वाह ... सुनो सुनो, सुनो इक प्रेमकहानी। लब्भ लेटरी। खूब चिट्ठीबाजी होती होगी?
नहीं रे, उस आयु में यह सब कहाँ हो पाता? जब तक समझ आती, तब तक घर का बूढ़ा अपनी पगड़ी बेटे के सिर पर रख हुक्का गुड़गुड़ाने चल दिया होता।
ऐसा क्या? ...तुम्हारे बाबा कब...?

उसने वाक्य अधूरा छोड़ दिया और मैं बमक उठा - मरे तुम्हारा बाप। मेरा अभी भी जीवित है और तुम जैसियों को आज भी अपनी मूँछों में बाँध कर नचा सकता है!
“सॉरी बाबा, सॉरी। उनको मेरी आयु के भी दसेक बरस लग जायें। बताओगे भी कि क्या करते हो?”  
“तुम्हारी ही तरह नौकर हूँ। ऊब कर यहाँ भाग आया।”
“मैं ऊब के लिये नहीं, खूब के लिये आयी हूँ।”
मैंने पूछा – खूब?
यस, टू अचीव स्टेट ऑफ फुलफिलमेंट। तुम भी यहाँ इसीलिये हो। हम सभी अपने खालीपन को भरने को व्याकुल कोटर भर हैं – उसका गम्भीर उत्तर था जो मुझे आतंकित कर गया।
जैसे किसी खंडहर के वृहद रखरखाव कार्यक्रम के दौरान हुई पुताई ने पुराना भले छिपा दिया हो लेकिन वह जहाँ तहाँ से झाँक रहा हो।  उसकी हिन्दी वैसा ही प्रभाव दे रही थी। मैं आतंकित सा हो रहा था – कोई छलना तो नहीं?
पूछ बैठा – तुम्हारी हिन्दी ...? उसकी आँखों की हँसी ने आगे पूछने नहीं दिया।

प्रस्तावना तो लम्बी दे सकती हूँ लेकिन समय नहीं है, कहते हुये वह पास खिसक आयी। मैंने भी पार्श्व में खिसक उसके कन्धे पर अपना सिर रख दिया, झुरझुरी का अनुभव मुझे हुआ लेकिन देह कौन सी, अलग नहीं कर पाया। हम दोनों क्षितिज देखने लगे, अचकचापन छिपाने को इससे अच्छा क्या हो सकता था?  
तनिक विराम के पश्चात उसने जारी रखा – हमलोग मूलत: गोवा से थे। पापा की पोस्टिंग बनारस में थी। सागर किनारे से गंगातीरे का यह संयोग ऐसा था कि मुझे आज भी लगता है दुबारा नहीं हुआ होगा। मेरा बचपन गंगा के रामनगर तट की बालुका में खेलते बीता, नाव तो नाव, कई बार तैर कर भी उस पार पहुँच जाती। पापा अजातशत्रु थे लेकिन एक दिन पता नहीं क्यों, किसने, पुलिस आज तक पता नहीं लगा पाई, उन्हें काशी स्टेशन पर गोली मार दी। टिकट मैं ही ले आई थी, कैंट स्टेशन पर मैंने ही विदा किया था...

...मौन कितना लम्बा खिंच सकता है? कितना भी लेकिन मृत्यु इतना नहीं। आँसू मृत्यु के तनाव को बहा देते हैं और हम व्यर्थ ही समय को श्रेय देते हैं।...मुझे ‘उसकी हिन्दी’ समझ में आ गई थी।

उसने एक बार मुझे भरपूर निहारा जैसे कुछ पढ़ सी रही हो और पुन: उस क्षितिज की ओर हो गई जो अब था ही नहीं – सबके पास संघर्ष की कोई न कोई कहानी होती ही है। तुम्हें सुना कर बोर नहीं करूँगी। ‘जया और मरुधर’ पर मेरी प्रतिक्रिया तुम्हें सता रही होगी, सुनाती हूँ कि ऐसा क्यों है?
इस बार उसने मेरा सिर खींच कर अपने कन्धे पर टिका लिया – रखे रहो, भरोसा होता है... पुरुष समाज में स्त्री अवचेतन में तीन पुरुषों की कामना रखती है, पिता, भाई और संगी। पुरुष कितनों की रखते हैं, मुझे नहीं पता। क्यों रखती है, बताना मेरे वश का नहीं। तीनों अलग अलग हों, कोई आवश्यक नहीं। कभी कभी वह निरे रक्त सम्बन्ध और बॉयोलॉजी से बहुत आगे बढ़ जाती है। किसी एक में तीनों मिल जायँ तो उससे अच्छी बात कोई हो ही नहीं सकती।
न, न, सिर न हटाना, उसी के सहारे तो कह रही हूँ। इस समय तुम तुम नहीं, मेरा आरोपण हो।
जया के पिता उसके बचपन में ही चल बसे थे, यह कहें कि वह इतनी छोटी थी कि उसे स्मृति ही नहीं तो अतिशयोक्ति न होगी। मरुधर में उसकी खोज पूरी हुई। संसार किसे अवैध सम्बन्ध कहता है, वह संसारातीत होता है, सम नहीं विषम किंतु सम को समोये। संसार रखैल और कुलटा कहता है तो वह उसके मानक होते हैं लेकिन उनका क्या जो उन मानकों से अपने को परे रखते हैं? एकाध बजर ढींठ हो जाते हैं, परवाह नहीं करते। जया और मरुधर भी, उन्हीं में से एक ...

... घिरती साँझ और पीली हो चुकी थी। दूर कहीं गेरुवा काला हो रहा था और मैं अपनी पूरी देंह को भिगोते स्वेद का अनुभव कर रहा था। सिर उठा कर देखा और पुन: रख दिया। तट पर दीप्त होते एकाध लट्टुओं की पृष्ठभूमि में किलोल करते घूमते लोग आँखों में स्थिर हो गये। सिर ही नहीं सब कुछ स्थिर था। कैसी चलती फिरती स्थिरता थी! जाने कब उसके कन्धे भीगे होंगे। मुझे नहीं पता कि मेरे आँसू थे या दो देहों के स्वेद, इतना याद है कि उसने अपने कन्धे और मेरे सिर के बीच अपनी हथेली लगा दी थी। उसके कहे  नारियल पयोधर और हाथ की सोच मैं सिहर उठा, मेरा सिर!...

मैं लेट गया और वह मुझे थपकी सी देने लगी – आगे और सुनोगे?
“हूँ”, मैंने बच्चे सी हुँकारी भरी।
“संगी ढूँढ़ ली हूँ, भाई और पिता की खोज ने मुझे डेटिंग पर विवश किया। कन्यादान के लिये ये दोनों चाहिये न। तुम किसलिये यहाँ हो, जानती हूँ। सोचो कि महानगर में एक आधुनिक कुमारी बाप और बीर कैसे ढूँढ़ पाती? नियति के तार में कोई कोई अपने आप से नहीं जुड़े होते, जोड़ने पड़ते हैं। सोचो कि वैसा विचित्र प्रोफाइल नहीं देती तो तुम कैसे मिलते? ... हो सकता है कि तुम अभी तक उबर न पाये हो लेकिन मेरा मन कहता है कि तुम्हारा मन समझ गया होगा। तुम यहाँ नर मादा सम्बन्ध के लिये तो नहीं आये थे न?”
मैं ने हुँकारी भर दी।
“तुम साइट पर परिपाटी से परे एक नितांत अपने वाले की खोज में रैण्डम आजमाने गये थे और मैं मिल गई। लकी हो या नहीं?”
मैंने पुन: हुँकारी भर दी।
“मैं भी लकी हूँ। ... अपने को कहाँ फिट पाते हो? बताओ?”

साँझ अब साँझ नहीं रह गयी थी। लट्टुओं ने गतर गतर उदास उजाला छिड़क दिया था और मैं गढ़ुवाये आकाश में आकार ढूँढ़ रहा था। लेटे ही लेटे मैंने उसे अपनी ओर खींचा और वह मुझ पर उतर आई। उसका सिर हाथ में ले और निकट किया तो निकटता में परफ्यूम की धीमी गन्ध घुल गई। उसकी साँसें दुधमुँहे बच्चे सी महक रही थीं। होठों से हट मैं मस्तक चूमने चला, लगा कि कुछ अवांछित मन में है इसलिये हिचक है। जाने कहाँ से किसी मेक्सिकन फिल्म का दृश्य ध्यान में आ गया जिसमें एक युवा पुत्र ने अपने पिता की मित्र से लजाते हुये कहा था – डैड अभी भी मुझे होठों पर चूमते हैं!
मैंने खींच कर सीने से लगा उसके होठ चूम लिये। दुधमुँही को जैसे जीवन मिल गया था।

...वापस आते हुये उसने अपनी बाँह मेरी बाँह में फँसा दी, फेल्ट कैप को मेरे सिर से उतार अपने पर रख लिया और यूँ सट कर सहारा लेते चलने लगी जैसे प्रेमी प्रेमिका चलते हैं। उसने चुहुल की – योर फ्रेम फिट्स बेटर दैन योर फ्यूचर सन इन लॉ। इस अन्धेरे में जो देखेंगे कहेंगे क्या जोड़ी है!   
“बापू, कल ठीक ठाक हुलिया बना पाँच बजे शाम को कन्नगी की प्रतिमा के पास आ जाना, भावी जामाता से मिलना होगा। आना अवश्य नहीं तो देवी कन्नगी का शाप तुम्हारे पुहार की ऐसी तैसी कर देगा।”
चेन्नई कडक्करइ का लोकल रेल स्टेशन पास आ गया था। उसने कहा, यहीं ठहरो टिकट ले कर आती हूँ।
मैंने रोका -  रहने दो, मेरे पास मासिक टिकट है।
“तुम्हें विदा भी तो करना है बापू! टिकट तो लूँगी ही। अगले स्टेशन पर फिर से मर मरा मत जाना। बीर को भी तो ढूँढ़ना है।... हे, हे, हे। मजाक कर रही थी, अब टाइम नहीं ढूँढ़ ढाँढ़ की। तुम्हीं सब हो। फेमिली बनाने में और लेट नहीं करनी!”


उसने फेल्ट कैप वापस मेरे सिर पर रख दिया और मैं टिकट की प्रतीक्षा में वहीं कर्ब पर बैठ गया। नीचे समय की दबी हुई रेत थी – काशी की मीठी बालू, चेन्नई की नमकीन।  
__________________
- गिरिजेश राव