अग्निपुराण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
अग्निपुराण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 11 जून 2020

restoration of broken lingam Agni puran दुष्टलिङ्ग जीर्णोद्धार



काशी के पण्डों के एक वर्ग ने बहुत बवाला मचाया हुआ है कि शिवलिङ्ग एक बार स्थापित हो गया तो हटाया नहीं जा सकता।
वास्तविकता क्या है?

इस प्रश्न से पूर्व उनसे यह पूछा जाना चाहिये कि सोमनाथ हो या विश्वनाथ, जो लिङ्ग भङ्ग कर दिये गये, उनके स्थान तक हड़प लिये गये, उनके लिये शास्त्र मर्यादा क्या है?

विश्वेश्वर के मूल स्थान पर तो आज रजिया की मस्जिद है। ज्ञानवापी विश्वनाथ की तो कहानी ही कारुणिक है!

वास्तविकता यह है कि जीर्णोद्धार का प्रावधान है तथा दुष्टलिङ्ग जैसी सञ्ज्ञा भी है। या तो वे पण्डे सूक्ष्म विधान समझ नहीं पा रहे या स्वार्थवश वितण्डा में लगे हैं।

अग्निपुराण में बहुत विस्तार से जीर्णोद्धार का विधान है किंतु शब्दावली ऐसी है जो ऐसा करने को बहुत ही असामान्य स्थिति में अनुमति देती है। सारा बखेड़ा चालन शब्द को ले कर है जिसका अभिधा अर्थ ले कर कि लिङ्ग को उसके स्थान से नहीं हटाया जा सकता, वितण्डा चल रहा है। चालन शब्द प्रस्तर प्रतिमा हेतु नहीं, मूल स्थान हेतु है अर्थात मूल स्थान वही रहेगा, वहाँ स्थापित लिङ्ग यदि दुष्टलिङ्ग अर्थात दोषयुक्त हो गया हो तो उसे चलायमान कर नया स्थापित किया जा सकता है।

शास्त्रकार लिङ्ग को पाषाण प्रतिमा न मान कर शम्भु की बात कर रहा है जबकि ये पण्डित लिङ्गप्रतिमा को ही सबकुछ माने बैठे हैं।

स्थानभङ्ग, वज्रपात, झुकाव व केंद्रस्थ स्थापना आदि दोषों की स्थिति (दुष्ट को दोष से समझें) में पुन: वही लिङ्ग स्थापित किया जा सकता है यदि क्षत या व्रणचिह्न न हों - निर्ब्रणञ्च। आगे बताता है कि विधिसम्मत ढङ्ग से पुन:स्थापित लिङ्ग अपने स्थान से नहीं हटाया जाना चाहिये -

ततोऽन्यत्रापि संस्थाप्य विधिदृष्टेन कर्म्मणा । सुस्थितं दुस्थितं वापि शिवलिङ्गं न चालयेत् ॥

इस श्लोक की दूसरी अर्द्धाली मात्र को ले कर पण्डे गाल बजा रहे हैं - अधूरी बात। ऐसे कर्म काशी में बहुत पहले से होते रहे हैं, कोई नई बात नहीं। अगला श्लोक देखें -

शतेन स्थापनं कुर्य्यात् सहस्रेण तु चालनं । पूजादिभिश्च संयुक्तं जीर्णाद्यमपि सुस्थितं ॥

यदि स्थापना हेतु सौ (पूजार्पण आदि) करना है तो चालन हेतु हजार का। इस प्रकार की पूजा से संयुक्त होने पर जीर्ण हुआ लिङ्ग भी सुस्थापित हो जाता है। जीर्ण का अर्थ जिसकी स्थिति बिगड़ गयी हो परंतु जिसमें दोष न आये हों।

व्रण, टूट, भङ्ग आदि दोष होने पर क्या करें?

विधाय द्वारपूजादि स्थण्डिले मन्त्रपूजनं
मन्त्रान् सन्तर्प्य सम्पूज्य वास्तुदेवांस्तु पूर्ववत्
दिग्बलिं च वहिर्दत्वा समाचम्य स्वयं गुरुः
ब्राह्मणान् भोजयित्वा तु 
शम्भुं विज्ञापयेत्ततः

दुष्टलिङ्गमिदं शम्भोः शान्तिरुद्धारणस्य चेत्
रुचिस्तवादिविधिना अधितिष्ठस्व मां शिव
एवं विज्ञाप्य देवेशं शान्तिहोमं समाचरेत्

लम्बी प्रक्रिया है। संक्षेप में जानें कि विधि सम्मत मंत्रपूजा कर, तर्पण कर, वास्तुदेव को संतुष्ट कर, दिग्बलि दे, ब्राह्मण भोजन आदि करा कर स्वयं शम्भु को विज्ञापित करे -

हे शम्भु! यह लिङ्ग दोषयुक्त हो गया है, इसका उद्धार करना है (उद्धार शब्द की व्युत्पत्ति निरुक्त व पाणिनि अनुसार काशी के पण्डों को पढ़नी चाहिये)। हे शिव! यदि आप को रुचे तो इन विधियों के द्वारा आप मुझमें अधितिष्ठ हों! (यजमान स्वयं के भीतर शिव को स्थित रहने को कह रहा है।)
इसके पश्चात उसे शांतिहोम करना चाहिये।

इससे आगे अनेक विधि विधान वर्णित हैं तथा -

सत्त्वः कोपीह यः कोपिलिङ्गमाश्रित्य तिष्ठति
लिङ्गन्त्यक्त्वा शिवाज्ञाभिर्यत्रेष्टं तत्र गच्छतु
विद्याविद्येश्वरैर्युक्तः स भवोत्र भविष्यति

जो भी सत्त्व इस लिङ्ग मेंंआश्रय लिये हुये हैं, शिव की आज्ञा से इस लिङ्ग का त्याग कर जहाँ जाना चाहें, जायें। विद्या व विद्येश्वर से युक्त भव अर्थात शिव यहाँ बने रहेंगे।

आगे सत्त्व शक्तियों को हटाने की विधियाँ हैं - 

दत्वार्घं च विलोमेन तत्त्वतत्त्वाधिपांस्तथा
अष्टमूर्त्तीश्वरान् लिङ्ग पिण्डिकासंस्थितान् गुरुः
विसृज्य स्वर्णपाशेन वृषस्कन्धस्थया तथा  
रज्वा बध्वा तया नीत्वा शिवमन्तं गृणन् जनैः
तज्जले निक्षिपेन् मन्त्री पुष्ठ्यर्थं जुहुयाच्छतं 
तृप्तये दिक्पतीनाञ्च वास्तुशुद्धौ शतं शतं

इसके पश्चात महापाशुपत मंत्र द्वारा भवन को रक्षित कर गुरु नये लिङ्ग की वहाँ विधिवत स्थापना करता है -

रक्षां विधाय तद्धाम्नि महापाशुपता ततः
लिङ्गमन्यत्ततस्तत्र विधिवत् स्थापयेद् गुरुः

वितण्डावादी निम्न श्लोक का आधार ले कर शिवलिङ्गों को हटाये जाने का विरोध उचित बता सकते हैं -

असुरैर्मुनिभिर्गोत्रस्तन्त्रविद्भिः प्रतिष्ठितं
जीर्णं वाप्यथवा भग्नं विधिनापि नचालयेत्

असुरों, मुनियों वा उनके गोत्र वालों, तन्त्रविदों के द्वारा प्रतिष्ठित शिवलिङ्गों को; चाहे जीर्ण हों, चाहे भग्न हों; विधि अनुसार भी चलायमान न करे।

क्या अर्थ है इसका?

मात्र अभिधात्मक? कौन करे, जिन लोगों पर अर्थ स्पष्ट करने का दायित्त्व है, वे तो स्वार्थी वितण्डा में लगे हैं!

बहुत सीधा सा समाधान है। असुर, मुनि, गोत्र वालोंं व तंत्रविदों को हटा दें तो बचते कौन हैं? सभी सनातनी तो किसी न किसी गोत्र के ही हैं न? जिनका ज्ञात नहीं, उनके लिये कश्यप हैं। तब तो मात्र देवताओं, यक्ष, गंधर्व, किन्नर आदि के द्वारा स्थापित लिङ्ग ही भग्न होने पर हटाये जा सकेंगे! नहीं!! दलहित नवबौद्ध, इसाई व मुसलमान तो शिवलिङ्ग की स्थापना करेंगे नहीं!!!

मुनिभिर्गोत्र का अर्थ कुछ जातिवादी ब्राह्मण जाति से लगाते हैं अर्थात असुर स्थापित लिङ्ग तो रहेंगे, किंतु ब्राह्मणेतर मनुष्यों के द्वारा स्थापित दुष्टलिङ्ग हटाये जा सकते हैं। यह तो अनर्गल बात हो गई!

इसका अर्थ सरल है कि विशिष्ट जन द्वारा विशिष्ट विधानों सहित विशिष्ट स्थानों पर स्थापित शिवलिङ्ग किसी भी स्थिति में हटाये नहीं जाने चाहिये। यह अतिरिक्त सावधानी है, अति महत्त्वपूर्ण स्थलों की मर्यादा को सुरक्षित रखने हेतु जिससे कि लोग उपर्युक्त विधि विधानों का आश्रय ले मनमानी न करने लगें।

दुर्भाग्य से सोमनाथ हो या विश्वेश्वर विश्वनाथ; इसी श्रेणी के लिङ्ग थे। म्लेच्छों ने मूलस्थान तो ह‌ड़पे ही, मूल शिवलिङ्ग भी तोड़ दिये। पण्डों के अनुसार तो तब कुछ कर ही नहीं सकते थे! है न? (आपद्धर्म केवल आपदा हेतु नहीं, अभूतपूर्व स्थितियों हेतु भी प्रयुक्त होता है, उन्हें कौन समझाये?)

क्या उससे सोमनाथ या विश्वेश्वर की आराधना भी समाप्त हो गई? नहीं। सनातन ने प्रवाह को रुकने नहीं दिया। हम लड़ते रहे, पुन: पुन: निर्माण कर अपनी आस्था सँजोते रहे। इन पण्डों की चली रहती तो तीर्थ व दिव्यस्थल कब के लुप्त हो गये रहते! काशी परिक्रमा के जाने कितने हो ही गये न!

निजी स्वार्थ वश जिन्हें सँजोना था उन्हें लुप्त व विकृत कर पण्डे उनके लिये वितण्डा में लगे हैं जिनका कोई विशेष महत्त्व नहीं। यहाँ भी स्वार्थ है।

प्रश्न यह भी है कि किसके पास इतना समय है जो इनके वितण्डा प्रसार की काट समय लगा कर करता रहेगा? क्या मिलना उससे? इस कारण भी इनकी लन्तरानियाँ चलती रहती हैं।

॥हर हर महादेव॥

शनिवार, 16 मई 2020

व्यासपीठ के वाचकाधम - अजान समर्थन व मौला मौला : कथा की व्यथा

व्यासपीठ के वाचकाधमआजकल एक कथावाचिका द्वारा अजान के समय भजन पूजन को विराम दे उसे पढ़ने का अनुमोदन सुन कर लोग उत्तेजित हैं। इससे पूर्व अन्य कथावाचक भी अली अली, मौला मौला आदि के गायन के कारण चर्चित हुये हैं। पूर्व-निश्चित न्यूनतम संख्या से अधिक श्रोता व भव्य व्यवस्था की माँग करने वाले  इन कथित व्यासपीठों के अन्य धत्कर्म भी कुख्यात हुये हैं। यथार्थ में ये सभी धन, सम्पदा एवं प्रतिष्ठा प्राप्त करने के उद्योग बन कर रह गये हैं।

सबके होते हुये भी यह एक कटु सचाई है कि परम्परा के जो लोग इनका विरोध करते हैं, वे कोई अनुशासन या कोई विकल्प उपलब्ध नहीं करा पाये हैं। जब तक विकल्प नहीं होगा, कौतुक प्रिय भावुक हीनू समाज में  विकृतियाँ बढ़ती ही रहेंगी। इन सबके नेपथ्य में कहीं न कहीं सूफियत का प्रभाव है तथा राधे राधे जपने वाली उस मानसिकता का भी जो इसामसीह को भी भारतीय योगी सिद्ध करने में लगी रहती है। कल्पनाशक्ति किसी जीवंत समाज की विशेषता होती है, हमारे यहाँ दुर्भाग्य से उसकी दिशा अनर्गल व अवांछित हो चुकी है। अस्तु।

 






















'व्यासपीठ' की अवधारणा कोई बहुत पुरानी नहीं है। तब की है जब उत्तरभारत से वैदिक यजन कर्मकाण्ड या तो लुप्त हो गये या अति धनाढ़्यों तक सीमित रह गये। जनसामान्य हेतु सूत चारण कथा परम्परा को नवीन रूप में योजित किया गया, आर्चिक अनुशासनों में बाँध कर उसे आगे बढ़ाने हेतु ब्राह्मणों को सौंप दिया गया।
अग्निपुराण के परिशिष्ट में व्यासपीठ का उल्लेख मिलता है -
कुरुक्षेत्रे महापुण्ये व्यासपीठौ वराश्रमे । तत्रासीनं मुनिश्रेष्ठं कृष्णद्वैपायणं मुनिं ॥
ध्यान रहे कि यह परिशिष्ट में है, न कि मूल ग्रंथ में। परवर्ती भविष्यपुराण इसे सम्पूर्णता प्रदान करता है -
वन्दनीयं प्रपूज्य च श्रोतृभिः कुरुनन्दन । व्यासपीठं तु तत्प्रोक्तं गुरोरासनमादिशेत् ॥
भविष्यपुराण वेदों के बारे में क्या धारणा रखता है, यह इससे पता चलता है कि वह वेदों को आगम बताता है अर्थात यह तब का है जब आगम ग्रंथों को ज्ञान का, शास्त्र का पर्याय मान लिया गया था -
यथा वेदसमो नास्ति आगमो भुवि कश्चन
उक्त पुराण वैदिक यज्ञों के तुल्य व्यासपीठ की कथा को बताता है -
अग्निष्टोमं गोसवं च ज्योतिष्टोमं तथा नृप
सौत्रामणिं वाजपेयं वैष्णवं च तथा विभो
माहेश्वरं तथा ब्राह्मं पुंडरीकं यजेत यः
आदित्ययज्ञस्य तथा राजसूयाश्वमेधयोः
कथा वर्णसंकरों सहित समस्त वर्ण सुन सकते हैं। ब्राह्मण सबसे आगे बैठें तथा उसी क्रम में वर्णसंकर सबसे पीछे -
शूद्राणां पुरतो वैश्या वैश्यानां क्षत्रिणस्तथा । मध्यस्थितोऽथ सर्वेषां वाचको व्याहरेन्नृप ॥ ये च संकरजा राजन्नरास्ते शूद्रपृष्ठतः ।
ब्राह्मण के अतिरिक्त किसी अन्य वर्ण को वाचक नहीं बनाना चाहिये, किसी अन्य वर्ण से सुनने पर श्रोता को नरक की प्राप्ति होती है -
ब्राह्मणं वाचकं विद्यान्नान्यवर्णजमादरेत् । श्रुत्वान्यवर्णजाद्वाचं वाचकान्नरकं व्रजेत् ॥
वाचक को रसयुक्त मधुर वाणी में कथा कहनी चाहिये तथा समय समय पर सात स्वरों से युक्त गायन भी करना चाहिये -
असंसक्ताक्षरपदं रसभावसमन्वितम् ॥ सप्तस्वरसमायुक्तं कालेकाले विशांपते ।
जिस वाचक की जिह्वा पर समस्त शास्त्र विराजते हैं, उससे श्रेष्ठ कोई द्विज नहीं!
तिष्ठंति यस्य शास्त्राणि जिह्वाग्रे पृथिवीपते । दृष्टश्च गोचरस्तात कस्तेन सदृशो द्विजः ॥
उल्लिखित विधि विधानों के अनुसार कथा सुनाने वाले विप्र को 'व्यास' कहते हैं, अन्य को 'वक्ता' मात्र ।
य एवं वाचयेद्राजन्य विप्रो व्यास उच्यते । अतोऽन्यथा कथयिता ज्ञेयोऽसौ वक्तृनामकः ॥
व्यास सर्वोच्च ब्राह्मण है। वह प्रधान पङ्क्तिपावनों में आता है।
वाचकश्च यतिश्चैव तथा यश्च षडंगवित् ॥ एते सर्वे नृपश्रेष्ठ विज्ञेयाः पंक्तिपावनाः ।
कथावाचकों के तीन प्रकार हैं - व्यास, वाचक एवं वाचकाधम। इसी प्रकार से श्रोताओं के भी तीन प्रकार हैं - तामसिक, राजस व सात्त्विक।
य एवं वाचयेद्राजन्य विप्रो व्यास उच्यते
अतोऽन्यथा वाचयिता न गच्छेद्व्यासतां क्वचित्  
त्रिविधं वाचकं विद्यात्सदा गुणविभेदतः
श्रावकं च महाबाहो त्रिविधं गुणभेदतः  
द्वावेतौ कथ्यमानौ तु निबोध गदतो मम
अभिद्रुतं तथास्पष्टं विस्तरं स्वरवर्जितम्
पदच्छेदविहीनं च तथा भावविवर्जितम्
अबुध्यमानो ग्रंथार्थमभीष्टोत्साहवर्जितः  
ईदृशं वाचयेद्यस्तु वाचकः क्ष्माधिपेश्वर
क्रोधनोऽप्रियवादी च अज्ञानाद्ग्रंथदूषकः  
बुध्यते न च कष्टाच्च स ज्ञेयो वाचकाधमः
विस्पष्टमद्भुतं शांतं रसभावसमन्वितम्
अबुध्यमानो ग्रंथार्थं वाचयेद्यस्तु वाचकः
स ज्ञेयो राजसो राजन्निदानीं सात्त्विकं शृणु  
विस्पष्टमद्भुतं शांतं स्पष्टाक्षरपदं तथा
कलस्वरसमायुक्तं रसभावसमन्वितम्
अत्त्यर्थं बुध्यमानस्तु ग्रंथार्थं कृत्स्नशो नृप
ब्राह्मणादिषु वर्णेषु आचार्यो विधिवन्नृप  
य एवं वाचयेद्राजन्स ज्ञेयः सात्त्विको बुधैः
श्रद्धा भक्तिविहीनो यो लोभिष्ठः कटुको यथा  
हेतुवादपरो राजंस्तथासूयासमन्वितः
नित्यां नैमित्तिकां काम्यामाददद्दक्षिणां नृप  
वाचको यो महाबाहो शृणुयाद्यस्तु मानवः
स ज्ञेयस्तामसो राजञ्छ्रावको मानवोऽपि सः  
न तस्य पुरतो वीर वाचये त्प्राज्ञ एव हि
प्रसंगाच्छृणुयाद्यस्तु श्रद्धाभक्तिविवर्जितः  
राजन्कौतुकपात्रं तु स ज्ञेयो राजसो भवेत्
संत्यज्य सर्वकार्याणि भक्त्या श्रद्धासमन्वितः  
कहीं भी नाचने की अनुशंसा नहीं है, कथावाचक द्वारा तो सोच भी नहीं सकते। रस एवं स्वर का आधार ले कर हारमोनियम आदि को भले उचित बता दें, वाद्ययंत्रों का भी अनुमोदन नहीं है। वैदिक पाठ परम्परा में भी वाद्ययन्त्रों का निषेध है।
उपर्युक्त से तुलना करने से स्पष्ट होता है कि आजकल के वाचक बहुधा 'वाचकाधम' की श्रेणी में ही आते हैं और श्रोता राजस या तामस श्रेणी में।