ऋषि परम्परा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
ऋषि परम्परा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 8 जनवरी 2010

तीसरा भाग ,उत्तरार्द्ध: अलविदा शब्द, साहित्य और ब्लॉगरी तुम से भी..(लंठ महाचर्चा)

... लेंठड़े की बातों में एक अजीब सी लय थी। उसकी आवाज भी ऐसी थी जैसे तबले को साधते साधते बजवइया मुग्ध होकर धीमी धीमी लय में बजाने लगा हो। उसके स्वर के उतार और चढ़ाव में एक सम्मोहन था। पुस्तकालय में उपस्थित जन धीरे धीरे सम्मोहित से बाहर आने लगे। कुछ ही देर में सभी गुनगुनी धूप में उसे चारो तरफ से घेर कर बैठ गए - बेंच पर, लॉन में, सीढ़ियों पर, जमीन पर ... । लेंठड़ा अपनी ओर लोगों के इस आकर्षण से मुग्ध हो गया था। स्पष्टत: वह भी इस दुनिया के इतने विभिन्न तत्त्वों की उपस्थिति से सम्मोहित था।
 इतना ज्ञान ! वह भूल गया कि क्या करने आया था और अभी कुछ देर पहले शब्दों और साहित्य की बातें करने की कोशिश सी कर रहा था।
 गणितज्ञ उसे हैरानी से देख रहा था लेकिन लेंठड़े की दृष्टि एक वैज्ञानिक पर जमी थी जो साहित्य में भी रुचि रखता था। लेंठड़े को यह बड़ी अजीब बात लगी कि शब्द और साहित्य पर वैज्ञानिक से बात की जाय। उसे लगा कि इस अद्भुत सभ्यता की जड़ों और उसके सनातन प्रश्नों के बारे में वैज्ञानिक से बात की जाय। आखिर शब्द, साहित्य वगैरह के प्रश्न तो इस सभ्यता के अस्तित्त्व से ही जुड़े थे। क्या था निचोड़ इस सभ्यता के सनातन प्रश्नों का ?
 एक क्षण को उसने अपने पंजे कड़कड़ाए और फिर उस वैज्ञानिक की ओर दृष्टि कर शुरू हो गया...

_______________________________________________________

पहला भाग - पूर्वार्द्ध


.....और अब उत्तरार्द्ध.......

  मानव के सांस्कृतिक विकास के साथ हमारे आदि चिन्तकों, ऋषि-मुनियों ने अनेक ``सुनहले नियम´´ बनाये थे... .... `` समस्त प्राणियों के साथ समान व्यवहार करो´´ (आत्मवत सर्वभूतेष समाचरेत), ``धन/सम्पदा संग्रह कदापि न करो´´, ``मा गृध: कस्य स्वदधनम्´´ किन्तु आदमी ने इन  सभी सीखों को आज ताख  पर रख दिया है। वह निरन्तर आत्मकेिन्द्रत, स्वार्थी बनता जा रहा है, वह तेजी से भाव प्रवणता, चेतना, और संवेदना को तिलांजलि दे रहा है। वह फिर से अपनी उसी ``जैवीय´´ अस्मिता  के वशीभूत होता जा रहा है। या फिर ``बुद्धिजीविता´´ का ही यह सम्भवत: उभय उत्पाद है कि उसका संवेदना स्रोत सूख रहा है। जबकि पशु पक्षियों में बुद्धि रहित नैसर्गिक  संवेदना के उदाहरण आज भी हैं। पशु पक्षी आज भी अपने कई व्यवहार प्रतिरूपों में `` स्वजॉति रक्षा´´,  ''वात्सल्य ´´ का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। इस तरह क्या ``बुद्धि´´ और ``संवेदना´´ परस्पर विरोधी भाव तो नहीं हैं? आज का बुद्धिमान मानव कितना संवेदनाहीन हो गया है।
    आज यह आम (समूह) अनुभूति है कि मानव का सुख चैन उससे छिन गया है। उसे शान्ति नहीं है। जापान में ``हाराकिरी´´ (आत्मघात) की घटनायें विश्व में सबसे उपर हैं। संस्कृति  और सभ्यता के स्तर पर आज के जापान की पूरी दुनिया में कोई सानी  नहीं है। पश्चिम के सांस्कृतिक रंग, ढंग में डूबे अनेक जन ``शान्ति´´ की तलाश में भारत की कितनी गहवर गुफा-कन्दराओं, प्राचीन शहरों जैसे बनारस की धूल फांकते नजर आते हैं। `बुद्धिमान´ मानव की यह दशा आखिर क्यों है। अन्य पशु सहचरों से अलग-थलग होने पर अब उसे क्या चाहिए-कैसी मरीचिका में भटक रहा है वह। कभी कभी तो लगता है, प्रकृति उसे सजा दे रही है, प्रकृति देवी का बदला (नेमेसिस) है यह। मानव द्वारा प्रकृति के निरन्तर प्रतिरोध/प्रतिकार का प्रतिशोध है यह। प्रकृति के आगे आज भी कितना बौना है मानव और उसकी तथाकथित संस्कृति या सभ्यता। एक प्रतिप्रश्न यहाँ फिर उभरता है कि अगर मानव का सांस्कृतिक विकास प्रकृति की ही कोई गुप्त योजना है तो फिर वह बदले पर क्यों उतर आयी हैं।
    आज यह स्पष्ट हो चला है कि मानव मात्र के लिए स्वयं मानव के सांस्कृतिक विकास ने कई नये संकटों को जन्म दे दिया है। पशुओं की दुनिया में ``जनसंख्या विस्फोट´´ का महासंकट नहीं है। क्योंकि उनकी संख्या कुदरती तौर पर नियमित नियंत्रित होती रहती है- वहाँ कमजोर का गुजारा नहीं है। सन्तति प्रवाह के लिए वहाँ बला की शक्ति-स्फूर्ति चाहिए। पर हमारी सांस्कृतिक दुनिया में, कमजोर भी बादशाह बने बैठे हैं- कमजोरों की संख्या बढ़ाते जा रहे हैं- यहाँ सबका गुजर बसर है- जीवनदायिनी औषधियों ने उन सभी को जीवन दान दे दिया है जो अन्यथा काल कवलित होते। किन्तु क्या अकेले मानव के मामले में प्रकृति शारीरिक शक्तियों के बजाय केवल ``बुद्धि´´ का वरण कर रही है। यानि केवल बुद्धिमान जियें शेष काल कवलित हो जायें। केवल बुद्धिमान जीवित रहें भले ही जीवन भर दवायें खाते रहें।
    इन दृष्टान्तों से तो ऐसा ही लगता है कि मानव भले ही आज सर्वजेता होने का दम्भ पाल बैठा है, वह आज भी प्रकृति के हाथों की कठपुतली भर ही है... ... वह निमित्त मात्र ही है। निमित्त मात्रम भव सव्यसाची। प्रकृति जो चाहेंगी वहीं होगा (प्रकृतिस्त्वाम नियोक्ष्यति) ....... शायद इन्हीं ``सच्चाईयों´´ के आभास से हमारे ऋषि मुनियों ने मानव को कई सीखें दी ... ... उनके अनुसार सब कुछ नियोजित है, सब कुछ वैसा ही हो रहा है जैसाकि होना नियत था/है, अत: मानव को अपने सुख शान्ति के लिए 'नियतिवादी´´ होना होगा ... ... जो कुछ जैसा है, वैसा ही स्वीकारना होगा ... ...``सुनहु भरत भावी प्रबल, बिलखि कहेऊ मुनि नाथ, हानि लाभ जीवन मरण यश अपयश सब विधि हाथ (सुख दुखे समाकृत्वा लाभा लाभौ जया जय: ... ...)
   दरअसल विज्ञान हमें सत्य का दर्शन तो कराता है पर कोई ``आदर्श जीवन दर्शन´´ प्रस्तावित नहीं करता। मानव का आध्यात्मिक विकास, विज्ञान के इस एकांगी पहलू की ही भरपायी करता है। आज का विज्ञान जितना समृद्ध है और निरन्तर समृद्ध हो रहा है, उससे कुछ कम  समृद्ध हमारा आध्यात्म चिन्तन नहीं है। मानव के अन्तिम अभीष्ट के महाप्रश्न को तय करने में विज्ञान और आध्यात्म दोनों के शरण में जाना होगा। मानव के जैवीय-सांस्कृतिक विकास में ऐसे अनेक क्षण आये हैं जब हमारे महामनीषियों ने ऐसे ही महाप्रश्नों का जवाब खोजा है- ``युधिष्ठिर - यक्ष संवाद´´, ``नचिकेता-यम´ संवाद´´ आदि अनेक कथा-दृष्टान्त इसके साक्ष्य हैं।
 मानव के अन्तिम अभीष्ट की यह खोजपूर्ण यात्रा अभी थमी नहीं है... ...।

सोमवार, 3 अगस्त 2009

अंतिम भाग-दूसरे दिन का: बारात एक हजार और बाउ मण्डली

सुद्धन ने शुरू किया,
“विष्णु भगवान समान वर की मंगल कामना के साथ ही मैं, सदानन्द, सभाजनों का अभिवादन करता हूँ। एक सम्मोहनकारी प्रस्तुति के लिए वर पक्ष को धन्यवाद।
क्या हम यहाँ प्रस्तुति के लिए इकठ्ठे हुए हैं? यदि हाँ तो फिर नर्तकियों की क्या आवश्यकता?”
महेशानन्द की भृकुटि पर बल पड़ गए। आदमी खतरनाक है। अपने पीछे बैठे जवान से उन्हों ने कुछ कहा। सुद्धन कहते चले गए,
“मरजाद के दिन की यह सभा शिष्टाचार कहलाती है। उद्देश्य होता है दो अजनबी परिवारों और उनके सम्बन्धियों, हितैषियों का आपसी परिचय और वर वधू दोनों पक्षों की मंगल कामना। दो अनजान इलाकों का आपसी नेह नाता बनता है। गाँव का नाम लेने पर लोग कहते हैं , अरे, वहाँ तो फलाने का समधियाना है – अजनबी गाँव विशिष्ट हो जाता है।
रावण कृत स्तोत्र इस आयोजन में कैसे प्रासंगिक है? राधा कृष्ण, शिव पार्वती या अन्य लोक पूजित देवी देवताओं के वर्णन और उनके निहायत ही व्यक्तिगत और पारिवारिक नोंक झोंक के संस्कृत श्लोकों के द्वारा मंगल कामना की परम्परा रही है। क्यों? इसलिए कि ये देवी देवता उच्च होते हुए भी कहीं हमारे अपने से लगते हैं – समर्थ मित्रों से। जिनकी हम खुशामद भी करते हैं और जिनसे ऐसी छूट भी ले लेते हैं कि घर का बेटा बीमार हो तो ठाकुर शालिग्राम पानी में तब तक डुबो दिए जाते हैं जब तक कि रोगी ठीक न हो जाय। यह ग्रामीण आर्य की भाव भूमि है। इसकी तुलना में रक्ष परम्परा!..”
सुद्धन रुके ‘रक्ष परम्परा’ शब्द का प्रभाव देखने के लिए। चोट सही लगी थी।
“रक्षपरम्परा – पशुवत भोग और उनके साधन जुटाने के लिए उपासना । राक्षसों की वन्दन परम्परा चाहे कितनी ही नादयुक्त हो, इस अवसर के उपयुक्त नहीं। यह मंगल जैसा लग सकता है लेकिन भोग साधन जुटाने के लिए की गई चापलूसी ही है – राक्षसों की वृत्ति । यदि आप असहमत हैं तो अनुवाद कर के बताऊँ?”
“ आप बैठ जाइए” वर पक्ष से किसी ने पीछे से आवाज दी। “प्रलाप कर रहा है” – महेशानन्द गरजे। न जाने कितनी आवाजें आने लगीं – बैठ जाइए। “बइठ, बहुत बकधुन क लिहले (बैठो, बहुत बकवास कर लिए)।”
सुद्धन ने बाउ की ओर देखा। बाउ खड़े हुए। आँखें लाल। वही पाताल से आती आवाज,
“तोहनी के हड़हड़ भड़भड़ नगारा हमनी के केतना चुप से सुनली हँई। रउरे पाछ्न त बड़ा छिछोर बानी जाँ। अरे उ कहतने तो कबो खत्मो करिहें। रउरा पाछन के मौका मिली आपन बात कहे के। उनके सून त ली जाँ (आप लोगों के नगाड़े की भड़ भड़ हमलोगों ने कितनी शांति से सुना। आप लोग तो बड़े छिछोरे निकले। अरे, वह कह रहे हैं तो कभी खत्म भी करेंगे। आप लोगों को भी अपनी बात कहने का अवसर मिलेगा। उनको सुन तो लें)।“
पखावज नगाड़ा तो उसका स्वर, हड़हड़ भड़ भड़ और शांतिपूर्ण श्रवण! अष्टभुजा बाबा को हँसी आ गई। सदानन्द की व्याख्या विशुद्ध वितण्डा ही थी लेकिन एक नई दिशा में तथ्य लिए हुए। खड़े हो उन्हों ने वर पक्ष से उठते कोलाहल को शांत किया।
महेशानन्द की भंगिमा देख उन्हों ने चुनौती प्रस्तुत की। “ठीक है आप मंगल पढ़ें – शिव पर ही होना चाहिए। देखें आप की ‘पारिवारिक’ मंगल कामना कैसी है?”
सुद्धन ने हरिहर को इशारा किया।
“रामाद् याञ्चय मेदिनिम् धनपते बीजम् बलालांगलम्।
प्रेतेशान महिष: तवास्ति वृषभम् त्रिशूलेन फालस्तव।
शक्ताहम् तवान्न दान करणे, स्कन्दो गोरक्षणे।
खिन्नाहम् तवान्न हर भिक्ष्योरितिसततं गौरी वचो पातुव:।
पार्वती जी शंकर जी को उनकी दरिद्रता पर उलाहना दे रही हैं। आप का भिक्षाटन ठीक नहीं है इसलिए आप भगवान राम से थोड़ी सी भूमि, कुबेर से बीज और बलभद्र से हल माँग लीजिए। आप के पास एक बैल तो है ही, यमराज से भैंसा माँग लीजिए। त्रिशूल फाल का काम देगा। मैं आप के लिए जलपान पहुँचाऊँगी। कार्तिकेय पशुओं की रक्षा करेंगे। खेती करिए, आप के निरंतर भिक्षाटन से मैं खिन्न हूँ। इस प्रकार कहते सुनते भवम भवानी सबका मंगल करें।"
सुद्धन ने हरिहर का छोड़ा हुआ जारी रखा:
”शंकर हमारा देश है। हिमालय उसकी जटाएँ हैं जिनसे गंगा बहती है। वह बैल की सवारी करता है- घूमता है हमारे साथ हमारे खेत खलिहानों में। खेतों में पाए जाने वाले खर, पतवार, भाँग, धतूरे सबको अपना लेता है। हमारे चूल्हे और चिता दोनों की भस्म को वह अपने शरीर पर रमा लेता है। हमारी लोक गाथाएँ उसके परिवार में पनपती हैं। उसके निर्धन घर में कोई सम्पदा नहीं। लेकिन उस दरिद्र के घर में सबको आश्रय है – चूहे, साँप, मोर, बिच्छू, बाघ, बैल । हमारी सारी विसंगतियों को वह अपने में समाहित किए हुए है। हमारी विविधता को अगर कोई देव अपने पूरे अस्तित्त्व में समेटे है तो वह है – महादेव।
महादेव नवदम्पति को जीने की राह दिखाए और अपनी कृपा दृष्टि ‘नए घर’ पर बनाए रखे।"
सुद्धन ने समाप्त किया तो अष्टभुजा का दिल जीत चुके थे।
महेशानन्द ने इस नितांत नई व्याख्या को अनुभव किया। पाला हल्का हो गया था!
खड़े हो गए। “मंगल श्लोकों की यह प्रथा पुरानी हो चुकी है। अब आवश्यकता है कि नए मंगल पढ़ें जाँय। जैसे –
संगच्छध्वम् संवदध्वम् संवो मनांसि जानताम्
देवाभागम यथा पूर्वे संजानाना उपासते
......
समानीव आकू ति: समाना हृदयानि च
समानमस्तु व मनो यथा व: सुसहासति ।
हम साथ साथ चलें। साथ साथ बोलें। हमारे मन एक से हों। हम साथ साथ ज्ञान प्राप्त करें। जैसे पूर्वकाल में देवता नाना प्रकार की उपासनाओं में साथ साथ अपना भाग ग्रहण करते थे। ..हमारे संकल्प साथ साथ हों। हमारी अनुभूतियाँ एकता और सहमति में बढ़ें। इस प्रार्थना के साथ मैं वर वधू की मंगल कामना करता हूँ”।
यदि पुराने और नए का मुद्दा उठाए बिना महेशानन्द ने केवल मंगल कहा होता तो सम्भवत: सुद्धन कुछ और न कहते। वैसे भी अब संध्या गहराने लगी थी और आयोजन समाप्त ही होना था लेकिन बैठते हुए महेशानन्द की वह वक्र हँसी !
सुद्धन खड़े हुए। काहे का मंगल? अब तो लड़ना था।
“हजारो साल पुराने ऋग्वेद की अंतिम ऋचा को श्लोकों की तुलना में आप कैसे नया कह सकते हैं? वेदों की पवित्र वाणी को कहने के अवसर और काल पूर्वनिर्धारित हैं। इस समय उच्चरित कर आप ने ऋषि परम्परा का उल्लंघन किया है. . ” प्रभाव जानने के लिए सुद्धन थोड़ा रुके।
आरोप! सभा स्तब्ध हो गई। महेशानन्द और नाहर के चेहरे विकृत हो उठे थे। इतना साहस इस पतरेठे का, फूँक दो तो उड़ जाय !
चिल्ला चोट शुरू हो गई “बैठो, बैठो, खत्म करो”। महेशानन्द खड़े हो गए। बाउ ने महेशानन्द को बैठाने के लिए चिल्लाना शुरू किया तो वर पक्ष के लफाड़ी सुद्धन को बैठाने पर अड़े रहे। मारे क्रोध के नाहर अवाक हो गए थे। इन जंगलियों के यहाँ किस अशुभ बेला में बारात लाने की सोची थी? महेशानन्द ने आज तक ऐसा प्रतिरोध नहीं झेला था। विराट व्यक्तित्त्व की गरिमा एक पतरेठे ने तार तार कर दी थी। हर बात पर काट !वह भी बिना किसी मर्म के !!
सभा पूरी तरह से अव्यवस्थित हो ध्वस्त हो चुकी थी। माहौल खराब देख मिसिर और अष्टभुजा ने जल्दी जल्दी समापन और विसर्जन के मंत्र पढ़े। नर्तकियों और बजनियों के प्रदर्शन, प्रशंसा और पुरस्कार ग्रहण करने के अरमान धरे ही रह गए। शिष्टाचार ? . . . जारी