इनके स्वभाव में एक खास तरह का आक्रामक माधुर्य है जिसके कारण कोई भी ग्राहक आ जाने पर खाली हाथ नहीं जाता। इनके यहाँ रुकने वाले भी खास ही होते हैं जिन्हें मैं मन ही मन ‘गुण ग्राहक’ कहता हूँ। गुण ग्राहक वह होता है जो भाव ताव में उन्नीस बीस की परवाह न करते हुये ‘सम्पूर्ण क्रय अनुभव’ पर केन्द्रित रहता हो। उसके लिये पण से ले कर थाली तक तरकारी के आने की पूरी प्रक्रिया महत्त्वपूर्ण होती है ताकि स्वाद का सम्पूर्ण परिपाक हो। गुण ग्राहक रुपये व्यय कर आनन्द का अनुभव करता है और इस हेतु वह आनन्ददायी विक्रेता पा ही लेता है। आप के आसपास भी ऐसे आनन्ददायी विक्रेता हों तो अवश्य बताइये!
रविवार, 9 फ़रवरी 2014
सिगरा मंडी का एक तरकारी विक्रेता
इनके स्वभाव में एक खास तरह का आक्रामक माधुर्य है जिसके कारण कोई भी ग्राहक आ जाने पर खाली हाथ नहीं जाता। इनके यहाँ रुकने वाले भी खास ही होते हैं जिन्हें मैं मन ही मन ‘गुण ग्राहक’ कहता हूँ। गुण ग्राहक वह होता है जो भाव ताव में उन्नीस बीस की परवाह न करते हुये ‘सम्पूर्ण क्रय अनुभव’ पर केन्द्रित रहता हो। उसके लिये पण से ले कर थाली तक तरकारी के आने की पूरी प्रक्रिया महत्त्वपूर्ण होती है ताकि स्वाद का सम्पूर्ण परिपाक हो। गुण ग्राहक रुपये व्यय कर आनन्द का अनुभव करता है और इस हेतु वह आनन्ददायी विक्रेता पा ही लेता है। आप के आसपास भी ऐसे आनन्ददायी विक्रेता हों तो अवश्य बताइये!
सोमवार, 3 फ़रवरी 2014
आर टी भाई का मफलर
बचपन से ही मुझे मफलर बाँधना नहीं आता। स्टाइलिश कूल हॉट देसी बिलायती आदि विधियों वाले मफलर बन्धुओं को देख देख जलन होती रहती है। अब तो मफलर प्रगतिशीलता और क्रांति का प्रतीक भी बन गया है।
वसंत आगमन निकट है लेकिन कोहरा और ठंड दोनों जाने का नाम नहीं ले रहे। चूँकि मफलर बाँधे बिना प्रगतिफीलता का भाव नहीं आता और बिना मफलर अराजक क्रांति हो नहीं सकती और चूँकि मैं यह सब चाहता हूँ इसलिये हर पल मफलर बाँधे रहना चाहता हूँ और इसीलिये मेरी माँग है कि हर मौसम सदाबहार मफलर बनाया जाना चाहिये। मफलर बाँधने की विधि सबको आनी चाहिये। विद्यालयों के पाठ्यक्रम में इसे सम्मिलित किया जाना चाहिये। साथ ही फैब्रिक भी ऋतु के अनुकूल होना चाहिये। लेकिन समस्या यह है कि जैसे ही इस क्रांतिकारी सुझाव को किसी को सुनाता हूँ, वह विचार करने के बजाय मुझ पर ही हँसने लगता है जैसे कह रहा हो कि तेरा भेजा खिसकेला है! इसके लिये आर टी भाई से सम्पर्क करना पड़ेगा। सुना है कि धरना, प्रदर्शन और नौटंकी की कला में वे इतने पारंगत हैं कि आर टी के आगे आई लगा कर इंडियन स्टेट की ऐसी तैसी कर देते हैं।
इंटरनेट पर ढूँढ़ा तो बता चला कि यह आम के बजाय अमरूद आदमी के लिये बनी एलीट टाइप की चीज है और इसे बाँधने की तमाम आसुरी और पश्चिमी विधियाँ हैं। अमेरिकन लिखना चाह रहा था लेकिन आसुरी शब्द कूल और एंटीक लगा सो लिख दिया। विश्वास है कि इससे मेरी प्रगतिफीलता पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।
आर टी भाई ने मफलर बाँधने की एक देसी तकनीक का आविष्कार किया है। यूँ तो यह विधि बैगन देहात में बहुत पहले से ग़रीब गुरबा अमीर उमराँ द्वारा प्रयुक्त होती रही है लेकिन जब तक आर टी भाई ने इसे नहीं नकलियाया था तब तक यह बहुत ही उपेक्षित टाइप थी जिससे चेहरे की बैकवर्डनेस झाँई की तरह झाँकती थी। उनके नकलियाते ही इसमें कूलनेस तो आई ही, इस भयानक सर्दी में यह हॉट आइटम हो गयी। जिसे देखो वही इसे बाँधे जब चाहे तब रात बिरात सड़क मुहल्ला गली राजपथ आइटम सांग करता नज़र आने लगा। सही पूछिये तो आर टी भाई इस मामले में युग पुरुष निकले!
इस विधि में कान को कस कर बाँधते हुये गले में लपेट लिया जाता है। चूँकि एक ही हॉट स्थान पर दो भयानक कूलें एक साथ एक ही समय नहीं विराज सकतीं इसलिये टोपी को किनारे रख दिया जाता है। इस विधि में सहूलियत यह रहती है कि आप को दूसरों की बातों पर कान नहीं देना होता और अपने गले की खाँसी भी कंट्रोल में रहती है। उस समय आप अक बक कुछ भी कह दें कैसी भी हरकत कर दें, उसमें क्रांति ही क्रांति पाई जाती है।
मैं आर टी भाई से सीखने जा रहा हूँ लेकिन मुझे बगल के भीखन काका का एक प्रश्न परेशाँ किये हुये है - कान बन्द कर और गला बाँध कर नौटंकी हो रही है बेटा! नौटंकी देखते देखते मरण सेज पर आ गये हम लेकिन नौटंकी की काट ऐसी नौटंकी होगी, सोच नहीं पाये थे। अपने आर टी भाई से पूछना दूसरों को मूर्ख बनाने और समझने की तकनीक का इतना ह्रास कब कैसे क्यों कर हुआ?
आप को इसका उत्तर पता हो तो बताइयेगा। साथ ही वसंत में मफलर कैसा हो, इसकी जुगत भी सोचियेगा। राम राम!
________________________
चित्राभार: hindustantimeṣ.com, bbc.co.uk
शनिवार, 18 जनवरी 2014
द्वीप में मस्सा
शनिवार, 11 जनवरी 2014
ट्यूब में दो एक जन पल
हम दो एक बराबर तीन थे। भागते जीवन की एक साँस भर ठहर में अनचाहे यूँ ही मिल जाने वालों के लिये 'हम' कहना अब अधिकई होगी लेकिन रेल यात्रा के उस सीमित समय में हम हम ही थे। उन्हों ने मुझे कैसे देखा, नहीं पता लेकिन मैं तीनों के बारे में बता सकता हूँ, दो के लिये तो प्राणवायु भरा रंगहीन कैनवस और अँखिया गहरानी थीं और स्वयं को तो पाँच छ: लाख बार उस चौंध में निहारा ही है जिसके पीछे आत्ममुग्धता की कलई लगी होती है।
भारी भीड़ के रेले में उस लघु वृत्त की परिधि पर तीन सिरों के व्यवस्थित होते ही मैंने जिस पहली बात का अनुभव किया वह यह थी कि उसके अधोमुखी शंकु केन्द्र पर तीखी गन्धों वाली साँसें इकट्ठी हो रही थीं क्यों कि हम समान ऊँचाई के थे। उस केन्द्र पर मुझे बहुत दया आई कि तीन तीन मानवों को झेलता वह बिन्दु वासना भावहीन ऊष्मा से तप्त हो जाने किस असंतुलन से ग्रसित हो रहा होगा।
एक ऐसा था जिसे ऐसे जाना जा सकता है कि अश्वेत अभिनेता वाशिंगटन उस आर्य ललछौंहे रंग को ओढ़ सामने खड़ा हो जिसके साथ आक्रांता होने का विशेषण बाइ डिफाल्ट जुड़ा हुआ है। प्रकृति के इस अलबेले खेल पर मैं मुस्कुराया, जाने उसकी माँ अश्वेत थी या पिता या वह बस उत्परिवर्तन की उपज था! अपरिचित की मुस्कान पर मुस्कुराने का जो सहज आदिम संस्कार है, उसने जोर मारा तो वह भी मुस्कुराया और मैंने जाना कि उसके उभरे भरे पुरे होठ अद्भुत सुन्दर थे। संस्कृत उपमा ध्यान में आई बिम्बाफल! मैंने अपनी मुस्कान इस स्वार्थ हेतु चौड़ी की कि वह भी चौड़ा हो और मुझे दाड़िम दंत उपमा के दर्शन हो जायें लेकिन वह शमित हो पुन: अपरिचित हो चुका था। मुझे तेज भागती ट्यूब पर झल्लाहट हुई जो अपरिचय को सान्द्र करने पर बाध्य करती थी।
और तब मैंने अनुभव किया कि उसकी साँसों से रह रह आती गन्ध पायरिया रोग को अगोपित कर रही थी। सभ्यता वश मैं निर्विकार बना रहा किंतु उसने मुझे प्राणवायु के रंगहीन कैनवस में निहारना आरम्भ कर दिया। मुझे लगा कि वह इस बात की प्रतीक्षा कर रहा था कि कब मेरा निर्विकार भाव टूटे, कलई के पीछे से घिरना झाँके और तब वह चेहरे पर वह तिरस्कार भाव लाये जो असहिष्णु जन के लिये माया सँजो कर रखती है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ, असह्य को निरपेक्ष निर्जीव रूप हो सहने की मुझमें अद्भुत क्षमता है। मैंने उससे दृष्टि हटा दूसरे की ओर फेर दी और वह उस अंतरंगताहीन घेरे के केन्द्र पर स्थिर हो गया।
जो दूसरा था वह गेंहुआ था, इसलिये बहुत ही परिचित लगा वैसे ही जैसे प्रतिदिन थाली में गर्म रोटी लगती है हालाँकि उसमें न तो भूख को और उच्छृंखल बनाती वह गन्ध थी और न वह भाप, ममत्त्व का तो प्रश्न ही नहीं उठता। वह ताजे नहाये दाढ़ी बनाये क्रीम लगाये उस संतुष्ट कर्मचारी सा दीप्त हो रहा था जिससे मातहत और ऊपर वाले दोनों प्रसन्न रहते हैं। मुझे उससे ईर्ष्या हो आई, बहुत ही गहरी ईर्ष्या क्यों कि कलई केपीछे छिपी अपनी इस सचाई से मैं भिज्ञ था - मुझसे सब घृणा करते हैं। मुझे वह गेंहुअन साँप सा लगा - कुछ भय, कुछ रहस्य, कुछ सम्मोहन किंतु ढेर सा विष!
उसके केश उड़ रहे थे। चेहरा ऐसा था जैसे सपाट भूदृश्य पर दूर सूर्योदय हो रहा हो। मुझे लगा कि सम्मोहित सा मैं शब्दहीन बुदबुदाया - हेलो! तत्काल ही मैंने सोचा कि यदि ऐसी बुदबुदाहट उस गन्धाते बिम्बाफल से आती तो गेंहुआ अवश्य उत्तर देता। साँप सुन्दरता के प्रेमी जो होते हैं लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। हमदोनों एक दूसरे को यूँ घूरते रहे जैसे दुर्गापूजा पंडाल की द्वितीयक प्रतिमायें आमने सामने हों।
सबअर्बन क्षेत्र के स्टेशन के निकट होने की उद्घोषणा से हम तीनों की तन्द्रायें टूटीं और मुझे आश्चर्य नहीं हुआ कि तीनों वहीं उतरने वाले थे। वृत्त टूटा, उसके केन्द्र को अनचाही साँसों से मुक्ति मिली। ट्यूब के वातानुकूलित वातावरण में उत्पन्न हो गये छोटे से उत्पाती क्षेत्र में ऊष्मागतिकी के नियम अपनी गणित लगाने लगे। रेला आगे बढ़ा। कल्पित बिम्बाफल पैरों के नीचे आ गिरा। गेंहू की रोटी और उसके विष आने वालों के लिये छोड़ दिये गये और मैं अपनी कलई ठीक करते संसार में पुन: उतर गया।
शनिवार, 28 दिसंबर 2013
योनि वास्तुशिल्प
फुटबाल और लॉन टेनिस मेरे प्रिय खेल हैं (खेलता तो एक भी नहीं!)। इन्हें ले कर उत्सुकता बनी रहती है। वास्तुशिल्प का विद्यार्थी होने के कारण क़तर में होने वाले 2022 के प्रस्तावित फुटबाल स्टेडियम को ले कर भी उत्सुकता रही सो आज सर्च किया तो यह सामग्री हाथ लगी।
कहूँ तो वास्तुशिल्प के क्षेत्र में 2013 नैराश्यपूर्ण रहा। कोणार्क शृंखला में मैने स्त्री और पुरुष वास्तुशिल्प अवधारणाओं की बात बताई है। पश्चिमी वास्तु में अंग विशेष को ले कर संकल्पना की जाती है जब कि पारम्परिक भारतीय वास्तु में समग्र देह को लेकर जिसके कारण एक पूर्णता और समन्वय की स्थिति बनती है। क़तर देश में वर्ल्ड कप स्टेडियम का प्रस्तावित स्त्री वास्तुशिल्प चर्चा में है। इसका विरोध भी हो रहा है। इसे योनि वास्तु का एक उदाहरण बताया जा रहा है। इसकी डिजाइनर हैं - ज़हा हदीद।
इस स्टेडियम का वास्तु स्त्रीवादी रुझान लिये है जिसके मूल में यह है कि लिंग का आकार अब तक वास्तुशिल्प पर छाया रहा है, योनि आकार को भी स्थान मिलना चाहिये। एक मध्यपूर्वी देश में इसे आकार लेते देखना रोचक होगा।
__________________
चित्राभार:http://www.dezeen.com
