रविवार, 8 मई 2016

नक्षत्र परिचय - 1

नक्षत्रों के अभिज्ञान से पूर्व दिशा-ज्ञान आवश्यक है। आधुनिक युग की आपाधापी में हममें से बहुतों को दिशायें नहीं ज्ञात क्यों कि कृत्रिम जीवन और विहार के कारण सूर्योदय और सूर्यास्त के दर्शन और महीनों के बीतने के साथ उन बिन्दुओं की सापेक्ष गति के प्रेक्षण से हमारा सम्बन्ध समाप्त हो चुका है। अस्तु। 

सुविधा के लिये चार दिशाओं के अतिरिक्त उनके बीच के चार मध्य बिन्दु दक्षिण पूर्व, उत्तर पूर्व, उत्तर पश्चिम और दक्षिण पश्चिम भी समझ लेते हैं। दिशायें 90 अंश के अन्तर पर क्षैतिज वृत्त को विभाजित करती हैं। किसी भी दिशा से होकर घूमते हुये पुन: उस दिशा तक पहुँचने में कुल 360 अंश होते हैं। उत्तर दिशा को 0 अंश मानें तो दक्षिणावर्त घूमते 45 अंश पर उत्तर-पूर्व दिशा, 90 अंश पर पूर्व, 135 अंश पर दक्षिण-पूर्व, 180 अंश पर दक्षिण, 225 अंश पर दक्षिण-पश्चिम, 270 अंश पर पश्चिम और 315 अंश पर उत्तर-पश्चिम दिशा होती है।

वर्ष में केवल दो बार सूर्य ठीक पूरब में उगता और पश्चिम में अस्त होता है। वे दिन विषुव कहलाते हैं। 20 मार्च के आसपास जो होता है उसे महाविषुव या बसंत विषुव कहते हैं। बसंत ऋतु सबसे सुखद और नवरस संचार से जुड़ी है, इस कारण संवत्सर इसी ऋतु से प्रारम्भ होते हैं। 20 मार्च से सूर्य का उदय बिन्दु क्रमश: उत्तरी झुकाव लेता जाता है। यह गति या खिसकन अयनगति कहलाती है। 20 जून के आसपास यह अपने चरम बिन्दु, पूर्व और उत्तर-पूर्व दिशा के लगभग मध्य अर्थात लगभग 63 अंश, पर पहुँच जाता है। इसे ग्रीष्म अयनान्त कहते हैं। यह वर्ष का सबसे बड़ा दिन होता है। इस दिन सूर्योदय महाविषुव के दिन से लगभग आधे घंटे पहले हो जाता है और भारत की राजधानी में सूर्यास्त उससे लगभग 80 मिनट पश्चात होता है।
इस दिन से सूर्योदय बिन्दु  पुनरावर्तन प्रारम्भ करता है और 22 सितम्बर के आसपास पुन: ठीक पूर्व में सूर्योदय हो ठीक पश्चिम में अस्त होता है, दिन रात समान घण्टों के होते हैं। इसे शरद विषुव कहते हैं क्यों कि उस समय शरद ऋतु होती है।
इसके पश्चात सूर्योदय बिन्दु दक्षिण की ओर खिसकता जाता है और दिन छोटे होने लगते हैं। 21 दिसम्बर के आसपास सूर्य पूरब और दक्षिण-पूर्व के लगभग बीच में 117 अंश पर उगता है। सूर्योदय का समय लगभग सवा घंटे बिलम्ब से और सूर्यास्त लगभग आधे घण्टे पहले – वर्ष का सबसे छोटा दिन। यह शीत अयनांत कहलाता है।
इस दिन के पश्चात सूर्योदय बिन्दु पुन: उत्तर की ओर खिसकना प्रारम्भ होता है और दिन की अवधि में क्रमश: वृद्धि होने से शीत ऋतु की तीव्रता क्रमश: अल्प होने लगती है और 20 मार्च को बसंत के मधुमय समय में पहुँच कर चक्र के पूरे होने के साथ नववर्ष आगमन की घोषणा कर देता है।  
विषुव बिन्दुओं के बीच छ: महीनों का अंतराल होता है और अयनांत बिन्दुओं के बीच भी। उत्तरी और दक्षिणी अयन गतियों के आधार पर ही सूर्य उत्तरायण या दक्षिणायन कहलाते हैं।
एक बात ध्यान में रखनी होगी कि अक्षांश स्थिति के कारण उत्तर भारत में वर्ष भर सूर्य के आभासी गतिपथ का झुकाव अधिकतर दक्षिण की ओर ही होता है।
 इसी कारण भवनों के दक्षिणी रुख अधिक ऊष्मा विकिरण ग्रहण करते हैं। इस तथ्य का उपयोग वास्तुविदों द्वारा भवन के भीतर सुविधा और स्वास्थ्य की दृष्टि से शयनकक्ष, रसोई आदि के स्थान निर्धारण में किया जाता है। छत के ऊपर लगे सौर ऊर्जा पैनल दक्षिण की ओर मुख किये रहते हैं और चमक से बचते हुये दिन का अधिकतम प्रकाश प्राप्त करने के लिये औद्योगिक भवनों की ढलवा छतों में उत्तर की ओर खिड़कियाँ दी जाती हैं जिन्हें North Light कहते हैं। 
वर्ष भर सूर्य अपने समस्त ग्रह उपग्रह परिवार के साथ जिस आभासी पट्टी पर गति करता प्रतीत होता है उसे क्रांतिवृत्त ecliptic कहते हैं। 
सूर्य गति, ऋतु परिवर्तन और उससे जुड़े शस्य चक्र को मनुष्य ने बहुत पहले जान लिया था। उसे अयनांत और विषुव बिन्दुओं की निश्चित बारम्बारता का भी पता था। समस्या यह थी कि उस पर दृष्टि कैसे रखी जाय, लेखा जोखा कैसे किया जाय? दिन में केवल सूर्य ही सूर्य दिखते थे किन्तु रात में उनके अतिरिक्त अगणित तारे, नक्षत्र पिण्ड चमकते दिखते थे। चन्द्रमा तो था ही! प्रेक्षण से उन लोगों ने जान लिया कि नक्षत्र सूर्य चन्द्र की तुलना में स्थिर थे।
उन लोगों ने सूर्य गति पर दृष्टि रखने के लिये रात के आकाश को आधार पट्टिका बनाया। चन्द्रमा की कलाओं में 27 से 28 दिनों की आवृत्ति थी। उन्हों ने क्रांतिवृत्त को उतने ही भागों में बाँट दिया। प्रत्येक भाग के कुछ अति प्रकाशमान तारे, तारकसमूह या उनसे बनी आकृतियों को उसके नाम कर दिया गया। चन्द्रमा जिस भाग पर होता उसे उस भाग के नक्षत्र का नाम दे कहते कि आज चन्द्रमा अमुक नक्षत्र पर है। सूर्य के लिये समाधान यह निकाला गया कि सूर्योदय से पहले रात रहते ब्रह्मबेला में जाग कर आकाश निहारा जाय। सूर्य के उदय का स्थान पिछले दिन से पता होता ही। उस स्थान पर जो नक्षत्र होता, सूर्य उस नक्षत्र में होता। आगे प्रेक्षण परिशुद्धता एवं सूक्ष्मता द्वारा एक से दूसरे नक्षत्र पर संक्रमण के समय की भी गणना होने लगी। गणित एवं प्रेक्षण को और पक्का करने के लिये नक्षत्रों को आगे चार पदों में बाँट दिया गया। इस प्रकार क्रांतिवृत्त के 27x4 = 108 भाग हो गये जो कि सटीक गणितीय भविष्यवाणी के लिये पर्याप्त थे।
वर्ष की आवृत्ति 365 दिनों के आसपास थी जब कि चन्द्रकलाओं की 27/28 दिनों की। गणनात्मक सुविधा के लिये चन्द्रकलाओं पर आधारित महीनों और वर्ष का समाधान कुछ इन विधियों द्वारा किया गया। 
महीने को तीस दिन का मान दे वर्ष को 12 महीनों में बाँट दिया गया। घट बढ़ के लिये महीनों में दिनों की संख्या में समायोजन किया गया। दूसरी विधि में महीने चन्द्र आधारित ही रखे गये। पूर्णिमा के दिन चन्द्रमा जिस नक्षत्र पर होता, महीने का नाम उस नक्षत्र पर रखा गया जैसे चैत्र महीने में पूर्णिमा चित्रा नक्षत्र पर होगी, माघ महीने में मघा पर आदि। वर्ष के अंत में दिनों की घटोत्तरी का समायोजन या तो 11/12 दिन जोड़ कर किया गया या वर्तमान में प्रचलित उस विधि में जिसमें हर तीसरे वर्ष इसके संचित हो लगभग एक महीने का हो जाने पर एक मलमास या पुरुषोत्तम मास लगा दिया जाता है। 
नक्षत्र प्रेक्षण के लिये धुन्ध और प्रकाश प्रदूषण से रहित खुला आकाश चाहिये जो कि ग्रामीण सरेह और नगर सीमाओं से कुछ दूर मिल ही जाता है। निरभ्र अर्थात बादलों से रहित आकाश हो, वर्षा और शीत की ठिठुरन न हों इसलिये उत्तर भारत में प्रेक्षण के महीने माघ उत्तरार्द्ध से प्रारम्भ हो आषाढ़ पूर्वार्द्ध (लगभग फरवरी से जुलाई) सर्वोत्तम हैं। दूसरे दिनों महीनों में भी सुविधा और दैनिक परिस्थिति के अनुसार प्रेक्षण किया जा सकता है।
नक्षत्रों को जानने के लिये पहले सरलता से दिख जाने वाले नक्षत्रसमूहों को जानना आवश्यक है। सभी नक्षत्र सब समय नहीं दिखते किन्तु वार्षिक चक्र के अनुसार क्रमबद्धता तो रखते ही हैं। नक्षत्रसमूह राशि भी कहलाते हैं जिनमें 12 का फलित ज्योतिष में प्रयोग होता है जो कि हमारा विषय नहीं।
सरल अभिज्ञान वाले नक्षत्र समूह ये हैं:
1.  मृगशिरा
2.  सप्तर्षि
3.  शर्मिष्ठा या पंचपाण्डवमण्डल
4.  कृत्तिका
5.  वृश्चिक
6.  हस्त
7.  पुनर्वसु
सरलता से पहचान में आने वाले तारे और एकलतारा नक्षत्र ये हैं:
1.  श्वान या लुब्धक या मृगव्याध
2.  अगस्त्य
3.  स्वाति
4.  अभिजित
थोड़े प्रयास से अपना परिचय देने वाले तारे या एकलतारा नक्षत्र ये हैं:
1. ध्रुवतारा
2. मघा
3. श्रावण
4. रोहिणी
5. आर्द्रा
6. चित्रा
थोड़े प्रयास से अभिजनित नक्षत्रसमूह ये हैं:
1. पुनर्वसु
2.  स्रोतस्विनी / वैतरणी
3. महासर्प
4. शिंशुमार
5. ब्रह्महृदय
6. ययाति
7. त्रिशंकु
कुछ और नाम हैं जिनको आगे प्रसंगवश बतायेंगे। यह ध्यान देना है कि सूर्यगति के प्रेक्षण से सम्बन्धित 27 नक्षत्रों से इतर भी ढेरों नक्षत्रमण्डल और राशियाँ हैं, यह भी कि नक्षत्र स्थितियाँ भी गतिमान हैं किंतु हमारे सन्दर्भ के लिये उनकी गति इतनी इतनी धीमी है कि उन्हें स्थिर ही समझा जा सकता है। समय क्रम में अब अनेक नक्षत्र क्रांतिवृत्त के पास भी नहीं रहे। नक्षत्रमण्डलों के तारे एक दूसरे के सापेक्ष भी गतिमान हैं जिसके कारण किसी नक्षत्रमण्डल का आकार आज से लाखों वर्ष पश्चात भिन्न भी हो सकता है। 
मनुष्य की आँख ऊर्ध्व में (ऊपर) सरलता से लगभग 70 अंश तक देख सकती है। खमध्य (सर्वोच्च बिन्दु zenith) 90 अंश पर होता है जिसे गले के पृष्ठभाग पर किञ्चित बल दे सिर ऊपर कर देखा जा सकता है।
बँधी हुयी मुट्ठी का अंशमान लगभग 10 होता है। आँखों की सीध में नक्षत्र की ओर मुट्ठी कर उसके अंश प्रसार का अनुमान लगाया जा सकता है। क्षैतिज से ऊपर की ओर स्थिति जानने के लिये मुट्ठी को सीधा रख एक के ऊपर दूसरी को रख बढ़ते हुये प्रयोग में लाया जा सकता है। इसी प्रकार दिशाओं से सम्बन्धित अंशमान का अनुमान करने के लिये मुट्ठी को क्षैतिज रख प्रयोग में लाया जा सकता है। ऐसा केवल प्रारम्भिक दिनों में ही करना होगा, आगे आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
प्रेक्षण की सुविधा के लिये हम पहले रात के साढ़े सात बजे से ले कर ग्यारह बजे तक का समय चुनेंगे। ऊर्ध्व में 10 अंश से नीचे के तारे सामान्यत: क्षितिज पर वृक्षों और ढूह आदि के छायाभास के कारण नहीं दिखते। यह काम धैर्य का है, बार बार दुहराने का है और साथ ही अकेलेपन का भी। बाहर जाते समय सुरक्षा और अपने स्वास्थ्य पर भी एक दृष्टि डाल यथोचित उपाय कर लें।
मई महीने से प्रारम्भ करते हैं। पहले पूरब से दक्षिण तक का क्षेत्र। सॉफ्टवेयर में मैंने क्रांतिवृत्त और ग्रहों को रखा है जिससे कि सुविधा रहे। साथ ही क्षैतिज और ऊर्ध्व अंशमापक भी हैं। भूदृश्य में वनस्पतियाँ, वृक्ष, गाड़ी, मनुष्य और दूरदर्शी भी हैं जिससे कि परिवेश से तादात्म्य स्थापित हो सके।
लगभग साढ़े सात बजे। पूरब दिशा में 40 अंश की ऊँचाई पर सबसे चमकता नारंगी तारा स्वाति(Arcturus) है। क्रांतिवृत्त से लगी हुई दक्षिण-पूर्व दिशा में 25 अंश की ऊँचाई पर है चित्रा जो कि कन्या राशि में पड़ती है। 25 से 32 अंश की ऊँचाई पर दक्षिण-पूर्व दिशा से बस थोड़ी दाहिनी ओर है चार तारों का एक समूह, लगभग पतंग के आकार का चतुर्भुज। यह है हस्त नक्षत्र (Crow)।
दृष्टिपथ में जो तारा ~ 61 अंश की ऊँचाई पर दक्षिण-पूर्व दिशा से थोड़ा बाँई ओर है वह है उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र (Denebola)। स्वाति, चित्रा और उत्तराफाल्गुनी लगभग समबाहु त्रिभुज का निर्माण करती हैं।
वराहमिहिर के जन्म के समय चन्द्रमा उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र पर था। दायीं ओर कुछ ऊपर चमकते गुरु दर्शनीय हैं। वर्ष में जिस अवधि तक ये दृश्यमान रहते हैं, अन्य नियमों से सम्पृक्त होने पर विवाह संस्कार सम्पन्न कराते रहते हैं।
उत्तराफाल्गुनी, पूर्वाफाल्गुनी और मघा (Regulus); ये तीन नक्षत्र सिंह राशि समूह के अंग हैं। पूर्वाफाल्गुनी (Zosma) मन्द तारा है जो उत्तरा से लगभग 10 अंश ऊपर दक्षिण-पूर्व दिशा से बायीं ओर ही है। मघा को देखने के लिये ग्रीवा को थोड़ा ऊपर तानिये तो! गुरु बृहस्पति के ऊपर जो चमकता तारा दिखायी दे रहा है वह है गर्वी मघा नक्षत्र।
यदि बिलम्ब हो जाये तो प्रति आधे घंटे 10 अंश की गति से ऊपर देखें। आठ बजे के आसपास का चित्र यह है: 
सामान्यत: नक्षत्र परिचय उत्तर दिशा में सप्तर्षि (Great Bear) से प्रारम्भ किया जाता है किन्तु मैं यह दर्शाना चाहता हूँ कि अन्य नक्षत्र भी हैं जो बहुत सरलता से पहचान में आ जाते हैं जैसे इस समय प्राची दिशा में स्वाति। एक दूसरा कारण भी था – कुछ प्रतीक्षा करनी थी कि वह महारथी उदित हो जायें जो कभी सबकी आँखों के तारे थे, अभिजित (Vega), सम्भवत: महाभारत काल में इन्हें हटा कर अथर्वण 28 से 27 नक्षत्र कर दिये गये। कुछ के अनुसार अभिजित तब Vega नहीं था। कारण अनेक थे जिन पर पुन: कभी।
रात लगभग सवा नौ बजे। उत्तर-पूर्व दिशा से थोड़ा दाहिनी ओर एक मुष्टि अर्थात 10 अंश से थोड़े ही ऊपर दिखेंगे कांतिमयता में पाँचवे अभिजित। स्वाति से आप मिल ही चुके हैं। 50 से 60 अंश की ऊँचाई पर स्थित अर्यमन् या अर्यमा के संरक्षण में स्वाति रहती हैं। अर्यमन को मित्रता से सम्बन्धित नक्षत्र कहा जाता है।  
सप्तर्षि का विस्तार उत्तर-पूर्व दिशा से उत्तर की ओर 45 अंश के परास में है। यह मण्डल मनुष्य द्वारा सबसे अधिक पहचाने जाने वाले आकाशीय मित्रों में से एक है। सदियों तक इन ऋषियों ने भूले भटकों को दिशा बताई। डेढ़ मुष्टि या 15 अंश की ऊँचाई पर स्थित इस तारा मण्डल को कोई पतंग के साथ पूँछ, कोई उलटी कलछी/चम्मच तो कोई घोड़ागाड़ी के रूप में जानता है। पाश्चात्य सभ्यतायें इसे विशाल भालू के रूप में पहचानती रहीं जिसके लिये इसे Great Bear कहा जाता है।
जिन सात ऋषियों के नाम से इस मंडल को हम लोग जानते हैं, वे हैं – क्रतु, पुलह, पुलस्त्य, अत्रि, अंगिरा, वसिष्ठ-अरुन्धति और भृगु।
पुलह और क्रतु नाम के तारों को मिलाने वाली रेखा सात गुनी दूरी पर ठीक उत्तर में स्थित ध्रुव(Polaris) पर जा कर समाप्त होती है। यह तारा लगभग पृथ्वी के परिभ्रमण(घूर्णन) अक्ष पर स्थित है जो कि अति लघु व्यास के वृत्त की परिधि पर परिक्रमा करता प्रतीत होता है। अन्य सभी नक्षत्र इसकी उत्तरावर्त परिक्रमा करते दिखते हैं।
पृथ्वी के घूर्णन अक्ष का उत्तरी सिरा लगभग 25700 वर्ष की आवृत्ति से लट्टू के ऊपरी बिन्दु की तरह घूम रहा है इस कारण दीर्घावधि में उसकी सीध में आने वाले तारे परिवर्तित होते रहते हैं।
इस चित्र में दो भूतपूर्व ‘धुवतारे’ हैं – अभिजित और शिशुमार (Draco) नक्षत्रमण्डल का अभय (Thuban)। अभिजित आज से चौदह हजार वर्ष पहले ध्रुव के स्थान पर था तो कृष्णयजुर्वेदी तैत्तिरीय आरण्यक का अभय आज से लगभग 4800 वर्ष पहले। कालक्रम में ये दो पुन: ध्रुव होंगे। सम्भवत: अभिजित का पतन महाभारत काल से बहुत पुरानी घटना है।
विवाह के समय अभय तारे को दिखाया जाता था जो कि तब का ध्रुव था। वह परम्परा आज तक चली आ रही है।
लगभग 45 अंश के प्रसार में स्थित शिशुमार नक्षत्रमण्डल का नाम किसी और नहीं गंगा-गण्डक-सरयू के पानी में आज भी पायी जाने वाली डॉल्फिन के पूर्वज के नाम पर है जिसे स्थानीय लोग शोंश या सोंस कहते हैं। तैत्तिरीय आरण्यक इस नक्षत्र मण्डल के चौदह तारों का स्पष्ट उल्लेख करता है।
शिशुमार की पूँछ के चार तारे कभी अस्त नहीं होते जिनमें एक अभय भी है।
(क्रमश:)   

शुक्रवार, 15 अप्रैल 2016

रामजन्म, सहस्रो वर्ष और चार कवि

श्रीराम जन्म का वर्णन वाल्मीकि से प्रारम्भ हो मराठी भावगीत तक आते आते आह्लाद और भक्ति से पूरित होता चला गया है। भगवान वाल्मीकि बालकाण्ड में संयत संस्कृत वर्णन करते हैं:
कौसल्या शुशुभे तेन पुत्रेण अमित तेजसा |
यथा वरेण देवानाम् अदितिः वज्र पाणिना || १-१८-१२
जगुः कलम् च गंधर्वा ननृतुः च अप्सरो गणाः |
देव दुंदुभयो नेदुः पुष्प वृष्टिः च खात् पतत् || १-१८-१७
उत्सवः च महान् आसीत् अयोध्यायाम् जनाकुलः |
रथ्याः च जन संबाधा नट नर्तक संकुलाः || १-१८-१८
गायनैः च विराविण्यो वादनैः च तथ अपरैः |
विरेजुर् विपुलाः तत्र सर्व रत्न समन्विताः || १-१८-१९
माता कौशल्या अमित तेजस्वी पुत्र के साथ कैसे शोभायमान हो रही हैं? जैसे देवताओं में श्रेष्ठ इन्द्र के साथ उनकी माता अदिति शोभती हैं। गन्धर्व मीठे स्वर में गा रहे हैं, अप्सरायें नृत्य कर रही हैं, देवता दुन्दुभि बजा रजे हैं, आकाश से पुष्पवर्षा कर रहे हैं। अयोध्या में महान उत्सव है। वीथियाँ जनसमूह से भर गई हैं, नट और नर्तकों के समूह उनमें घुल मिल गये हैं। रत्न जटित पथों पर एक दूसरे में मिले जुले कलाकार और दर्शक शोभा पा रहे हैं।
पिता के रूप में राजा दशरथ का मोद बन्दी, मागध, सूत और ब्राह्मणों को धन और सहस्र गायों के दान में अभिव्यक्त होता है।
यह वाल्मीकीय रामायण के वर्तमान रूप में मिलता है। ढेरों उपलब्ध पाण्डुलिपियों की तुलना के पश्चात, जिनमें कि एक हजार वर्ष से भी अधिक पुरानी है, जो विक्रमादित्य के समय के आस पास का पाठ (बड़ौदा संस्करण, महाराज सयाजीराव विश्वविद्यालय)  निर्धारित किया गया उसमें पहले श्लोक को छोड़ कर बाकी हैं ही नहीं। अदिति और इन्द्र की उपमा से स्पष्ट है कि वैदिक प्रभाव प्रबल है, विष्णु वाल्मीकि के यहाँ इन्द्र के छोटे भाई कहे गये हैं। आख्यान का आदिकाव्य संस्करण एक धीर गम्भीर ऋषि सा रूप लिये हुये है।  
 विक्रमादित्य से लगभग नौ सौ वर्षों पश्चात ऋषि कम्बन ने तमिळ में रामकथा रची और उत्सवी आह्लाद छलक उठा। वन प्रांतर के चित्रण में जो लाघव और भव्यता वाल्मीकि दर्शाते हैं वही भव्यता नगर और लोकजीवन के चित्रण में कम्बन। महर्षि वाल्मीकि का काव्य तापस का अरण्यगान है जिसकी भव्यता ऋतावरी प्रकृति के चित्रण में उभर कर सामने आती है। कम्बन नागरगान करते हैं – चोल और चेर साम्राज्यों का सारा वैभव अयोध्यापुरी और उसके जन के चित्रण में उड़ेल देते हैं।
वाल्मीकि और कालिदास के काव्य यदि मिला दिये जायँ तो जो मिलेगा वह कंबन का काव्य होगा। अपने बारे में कहते हैं कि रामकथा को कहने का मेरा दुस्साहस वैसा ही है जैसे विराट लहरों के साथ घनघोर गर्जन करते क्षीरसागर के किनारे जा कर कोई बिल्ली दूध पीना चाहती हो!
अयोध्या की सरयू अपने प्रवाह में उसी अनुशासन का अनुकरण करती है जिसका वहाँ के निवासी। पुरुषों के पंचेन्द्रिय बाण सन्धान और रत्नहारों से विभूषित युवतियों के कटाक्ष बाण सन्धान – ये दोनों तक सन्मार्ग से विचलित नहीं होते!
श्रीराम के जन्म के समय भूदेवी आनन्दित हुईं, पुनर्वसु नक्षत्र और कर्कट लग्न आनन्द से कुलाँचे भरने लगे।
कम्बन इन्द्र के स्थान पर उपेन्द्र विष्णु की अनोखी उपमा देते हैं। सद्गुणों की खान कौशल्या भूमा का अद्भुत रूप हो जाती हैं – गर्भ से उसे जन्म देती हैं जो अपने उदर में समस्त सृष्टि को लीन कर लेता है। उसके आने से संसार की विभूति बढ़ गई – सबको लीन करने वाला जो आ गया है!
राजा प्रसन्नता में सरयू में स्नान करते हैं, सारे बन्दी राजागण मुक्त कर दिये जाते हैं, सात वर्षों के लिये प्रजा को कर से मुक्त कर दिया जाता है, मन्दिरों, मार्गों और ब्राह्मण सदनों के नवनिर्माण की राजाज्ञा प्रसारित होती है।
श्रीराम जन्म और राजा के इन आदेशों की संयुक्त परिणति सात्विक विकार जनित देह लक्षणों की बाढ़ में होती है, आकाश और धरा एक हो जाते हैं – कैसे? पुलक के कारण नेत्रों से निर्झरिणी बह रही है और देह स्वेद से भर गई है। ऐसे वासंती समय में सुगन्धित तेल, चन्दन और कस्तूरी मिश्रित जल का छिड़काब वीथियों पर नागरिक कर रहे हैं। कम्बन लिखते हैं कि अवध की नारियाँ जिनकी कटि की तनुता और प्रभा तड़ित विद्युत सी है आनन्द सागर में डूब गयीं!
बिजली आकाश में चमकती है और सागर धरती पर हहरता है, पहले सृष्टि को अपने उदर में लीन करने वाले का भूमि पर अवतरण और अब यह, क्या कहें!
என்புழி, வள்ளுவர், யானை மீமிசை
நன் பறை அறைந்தனர்; நகர மாந்தரும்,
மின் பிறழ் நுசுப்பினார் தாமும், விம்மலால்,
இன்பம் என்ற அளக்க அரும் அளக்கர் எய்தினார்.
ஆர்த்தனர் முறை முறை அன்பினால்; உடல்
போர்த்தன புளகம்; வேர் பொடித்த; நீள் நிதி
தூர்த்தனர், எதிர் எதிர் சொல்லினார்க்கு எலாம்;-
'
தீர்த்தன்' என்று அறிந்ததோ அவர்தம் சிந்தையே?
பண்ணையும் ஆயமும், திரளும் பாங்கரும்,
கண் அகன் திரு நகர் களிப்புக் கைம்மிகுந்து, 
எண்ணெயும், களபமும், இழுதும், நானமும்,
சுண்ணமும், தூவினார் - வீதிதோறுமே.
लगभग सात सौ वर्षों के पश्चात अवध से काशी तक प्रसरित व्यक्तित्त्व वाले अवधी कवि हुये तुलसीदास – शुद्ध भक्त। रामचरितमानस को किसी परिचय की आवश्यकता नहीं। कम ही लोग जानते हैं कि उन्हों ने कंबरामायण से भी प्रेरणा ली थी। इन लोकधर्मा कवि की दृष्टि राम जन्म के समय पर ठहरती है – मध्य दिवस है, न अधिक ठण्ढ है और न ताप, ऐसा पावन काल है जब लोक विश्राम करता है। लोकरंजक श्रीराम ऐसे समय में जन्म लेते हैं। यहाँ भी प्रवाह उमड़ता है, सरितायें अमृतधारा उड़ेलती हैं और दुन्दुभि नाद के बीच सुमन बरस रहे हैं। छ: ऋतुओं की गणना पंडित जन करें, यहाँ तो तीनो मौसम – जाड़ा, गरमी और बरसात सम पर आ गये हैं!  
भक्त की भावसरि भी उमड़ पड़ती है और जन्म होता है लोकप्रिय स्तुति आरती का – भये प्रकट कृपाला। महतारी हर्षित होने के पश्चात भक्ति से भर जाती हैं – इन्द्र और विष्णु के पश्चात साक्षात अवतार। वेदातीत अवतार कंबन के यहाँ भी है किंतु ऐसी भव्यता नहीं है। भक्ति के पश्चात आता है ज्ञान और जननी शिशु’लीला’ की प्रार्थना करती हैं – तुम परम हो, तुम्हें नमन है लेकिन मैं तुम्हें अपनी गोद में शिशु की तरह क्रीड़ा करते देखना चाहती हूँ। वाल्मीकि और कम्बन की उपमाओं में छिपा अव्यक्त रह गया मातृत्त्व तुलसी के यहाँ पूर्ण प्रगल्भ है और अवतार सुरबालक हो रोदन ठान लेते हैं – केहाँ, केहाँ। माता को तो बस इसकी ही प्रतीक्षा थी। तुलसी की लोकधर्मिता कंबन से आगे निकल जाती है!                
मध्यदिवस अति सीत न घामा। पावन काल लोक बिश्रामा।।
सीतल मंद सुरभि बह बाऊ। हरषित सुर संतन मन चाऊ।।
बन कुसुमित गिरिगन मनिआरा। स्त्रवहिं सकल सरिताऽमृतधारा।।...
बरषहिं सुमन सुअंजलि साजी। गहगहि गगन दुंदुभी बाजी।।
...

छं0-भए प्रगट कृपाला दीनदयाला कौसल्या हितकारी।
हरषित महतारी मुनि मन हारी अद्भुत रूप बिचारी।।
लोचन अभिरामा तनु घनस्यामा निज आयुध भुज चारी।
भूषन बनमाला नयन बिसाला सोभासिंधु खरारी।।
कह दुइ कर जोरी अस्तुति तोरी केहि बिधि करौं अनंता।
माया गुन ग्यानातीत अमाना बेद पुरान भनंता।।
करुना सुख सागर सब गुन आगर जेहि गावहिं श्रुति संता।
सो मम हित लागी जन अनुरागी भयउ प्रगट श्रीकंता।।
ब्रह्मांड निकाया निर्मित माया रोम रोम प्रति बेद कहै।
मम उर सो बासी यह उपहासी सुनत धीर पति थिर न रहै।।
उपजा जब ग्याना प्रभु मुसकाना चरित बहुत बिधि कीन्ह चहै।
कहि कथा सुहाई मातु बुझाई जेहि प्रकार सुत प्रेम लहै।।
माता पुनि बोली सो मति डौली तजहु तात यह रूपा।
कीजै सिसुलीला अति प्रियसीला यह सुख परम अनूपा।।
सुनि बचन सुजाना रोदन ठाना होइ बालक सुरभूपा।

समाचार जान राजा दशरथ भी पहले लौकिक पिता सा ही व्यवहार करते हैं किंतु उस पावन का पितृव्य भर इतना प्रभावी है कि पहले ब्रह्मानन्द और उसके पश्चात परमानन्द की लब्धि हो जाती है - पुलक गात भर मौन मति धीर। चेतते हैं तो बस यही कह पाते हैं – बजनियों को बुला कर बाजा बजवाओ! राजा नहीं, सामान्य लौकिक पिता का रूप निखर उठा है।
दसरथ पुत्रजन्म सुनि काना। मानहुँ ब्रह्मानंद समाना।।
परम प्रेम मन पुलक सरीरा। चाहत उठत करत मति धीरा।।
जाकर नाम सुनत सुभ होई। मोरें गृह आवा प्रभु सोई।।
परमानंद पूरि मन राजा। कहा बोलाइ बजावहु बाजा।।
उसके पश्चात दिव्य पुष्पवर्षा है, शृंगार है, आरती नेवछावर है और हर्ष जनित चन्दन कुंकुम कीच काच।
मृगमद चंदन कुंकुम कीचा। मची सकल बीथिन्ह बिच बीचा।।
कम्बन के यहाँ 12 दिन आनन्द मग्न जनता को सुध नहीं रहती और तुलसी के यहाँ महीना भर ऐसे बीतता है कि पता ही नहीं चलता!
चार सौ वर्ष पश्चात प्रारम्भ में नववर्ष गुड़ि पड़वा के दिन प्रसारित करने की योजना वाली गजानन दिगम्बर माडगूळकर की गीत रामायण रामनवमी के दिन 1 अप्रैल 1955 को पहली बार आकाशवाणी से प्रसारित हुई, संगीत और मुख्य गायन थे प्रख्यात सुधीर फड़के के।
 भूप, भीमपलासी, मधुवंती, विभास आदि रागों पर आधारित इस गीतमाला में पुरुषोत्तममासी वर्ष के 56 सप्ताहों के लिये 56 गीत थे जिसमें समूची रामकथा गायी गयी। यह मराठी गीतरामायण जन जन का कंठहार हो गयी।
चैत्रमास, त्यांत शुद्ध नवमि ही तिथी
गंधयुक्त तरिहि वात उष्ण हे किती !

दोन प्रहरिं कां ग शिरीं सूर्य थांबला ?
राम जन्मला ग सखी राम जन्मला

कौसल्याराणि हळूं उघडि लोचनें
दिपुन जाय माय स्वतः पुत्र-दर्शनें
ओघळले आंसु, सुखे कंठ दाटला

राजगृहीं येइ नवी सौख्य-पर्वणी
पान्हावुन हंबरल्या धेनु अंगणीं
दुंदुभिचा नाद तोंच धुंद कोंदला

पेंगुळल्या आतपांत जागत्या कळ्या
'काय काय' करित पुन्हां उमलल्या खुळ्या
उच्चरवें वायु त्यांस हंसुन बोलला

वार्ता ही सुखद जधीं पोंचली जनीं
गेहांतुन राजपथीं धावले कुणी
युवतींचा संघ कुणी गात चालला

पुष्पांजलि फेंकि कुणी, कोणी भूषणें
हास्याने लोपविले शब्द, भाषणें
वाद्यांचा ताल मात्र जलद वाढला

वीणारव नूपुरांत पार लोपले
कर्ण्याचे कंठ त्यांत अधिक तापले
बावरल्या आम्रशिरीं मूक कोकिला

दिग्गजही हलुन जरा चित्र पाहती
गगनांतुन आज नवे रंग पोहती
मोत्यांचा चूर नभीं भरुन राहिला

बुडुनि जाय नगर सर्व नृत्यगायनीं
सूर, रंग, ताल यांत मग्न मेदिनी
डोलतसे तीहि, जरा, शेष डोलला

कैसा है रामजन्म? सुगन्धित और किंचित ऊष्ण वायु है। प्रकृति स्तम्भित है। कोई अपनी सखी से पूछती है – री, यह दूसरे पहर सूरज भी क्यों थम गये हैं? उत्तर मिलता है – क्यों कि राम का जन्म हुआ है! 
कवि माता की स्थिति का बहुत सूक्ष्म चित्रण करते हैं – हौले से माँ आखें खोलती हैं और निज जात के तेज से दीप्त हो जाती हैं, आँखों से सुख के आँसू उमड़ पड़ते हैं और गला रूँध जाता है। भाव संक्रामक है और समूची प्रकृति उद्वेलित हो उठती है। वात्सल्य से भरी गायें भी रँभाने लगी हैं। दुन्दुभि नाद है। सनसनाती वायु ने यह आनन्द भरा समाचार दिया है और धूप में कुम्हलाये पुहुप भी उत्सुकता में ‘काय काय’ करते पुन: खिल उठे हैं। लोक का मोद भी प्रकृति से जुड़ जाता है -  वाद्यांचा ताल मात्र जलद वाढला।
नूपुर धुनि वीणा के स्वर में घुलमिल गयी है। यह रव इतना मधुर है कि उसने आम के कुंज में छिपी कोकिला के कानों में पहुँच उसे भी बावरी बना मूक कर दिया है! उत्सवी वातावरण को देख दिग्गज भी धीमे धीमे डोलने लगे हैं, गगन नये रंग उड़ेल रहा है – जलद उमगे जो हैं! नभ मोतियों की प्रभा बिखेर रहा है। उत्सव में अयोध्या नगरी तो बूड़ ही गयी है, समूची मेदिनी भी सुर, ताल, यति और रंग से भर उठी है। धरती धीमे धीमे डोल रही है या शेषनाग मगन हो सिर हिला रहे हैं?  
 सहस्रो वर्षों से नित नवीन हो प्रवाहित होती रामकथा के ये चार भाषिक रूप इसकी लोकधर्मिता और सनातन जीवनशक्ति के परिचायक हैं। आप सब को रामनवमी की राम राम।