रविवार, 30 सितंबर 2018

ऋग्वेद मण्डल गोत्रानुसार अध्ययन क्रम, सप्तर्षि, सप्तछन्द, सप्तसिन्धु : एक अनुमान

ऋग्वेद 10 मण्डलों में विभाजित है जिसमें 2 से ले कर 8 तक विशिष्ट ऋषिकुलों के मुख्यतया अपने सूक्त हैं, नवाँ सोम पवमान को समर्पित है एवं पहले तथा अंतिम दसवें मण्डलों में विविध ऋषि मंत्र हैं।
- अध्ययन गोत्र अनुसार करें। जो नाम दिये हैं वे मुख्य हैं। आप को आश्चर्य नहीं होना चाहिये कि दो से ले कर आठ तक सात ऋषि हो जाते हैं - सप्तर्षि। यह प्राचीनतम बीज रहा होगा ।
- ऋग्वेद में प्रयुक्त मुख्य छंद भी सात ही हैं - गायत्री, उष्णिक्, अनुष्‍टुभ, बृहती, पङ्क्ति, त्रिष्टुभ, जगती जिनमें 4 की समान्तर श्रेणी से क्रमश: 24, 28, 32, 36, 40, 44 एवं 48 पूर्ण वर्ण होते हैं।
देखें तो इन्हें 4 x (6, 7, 8, 9, 10, 11, 12) की भाँति भी लिखा जा सकता है। मात्रा तो आप सब जानते ही होंगे, छ्न्दों को अंग्रेजी में meter कहा जाता है। आप को आश्चर्य होगा कि इन का प्रयोग मापन हेतु भी होता था । छ: ऋतुयें हों या बारह मास, चार के गुणक से संवत्सर मापन की दो सीमायें निर्धारित हैं। दिनों की गणना हो या चंद्र आधारित तिथियों की, उनकी संख्या को छन्दों की वर्ण संख्या से भी अभिव्यक्त किया जाता था।
छन्‍द वह छाजन थे जिनमें देवता शरण पाते थे। यह प्राचीन पद्धति एवं भाषा आधुनिक जन को कूटमय इस कारण लगते हैं कि अब प्रयोग में नहीं रहे।
- सप्तसिन्धु या सात नदियाँ जानते ही हैं।
मेरा अनुमान है कि त्रि षप्ता: का - सम्बंध सात ऋषियों, सात छंदों एवं सात नदियों से अवश्य रहा होगा।
...
आगे जो कहने जा रहा हूँ उसका कोई शास्त्रीय आधार नहीं है, अनुमान मात्र है। मण्डल का एक अर्थ वृत्त होता है एवं यह शब्द भारतीय विद्याओं का एक बहुत ही प्रिय शब्द रहा है।
दिये गये चित्र में वृत्त की परिधि पर दस मण्डलों में से सात के ऋषिकुलों के नाम हैं। ऋग्वेद पढ़ते समय आरम्भ नवें से करें (सोम पवमान)।

नौ का अङ्क सबसे बड़ी एकल संख्या होने के साथ साथ गुणा का एक अद्भुत गुण लिये हुये है कि परिणाम के अंकों का योग भी 9 ही होता है।
सोम पवमान से अपने गोत्र (जिनके नहीं मिलते हों वे भी इन मूल गोत्रों से अपने गोत्र के सम्बंध जान सकते हैं) वाले मण्डल पर पहुँचें तथा दक्षिणावर्त दिशा में पढ़ते हुये आगे बढ़ें। अपने गोत्र से पूर्व वाले गोत्र के पश्चात पुन: वृत्त के केन्द्र से होते हुये उस मण्डल तक पहुँचें जो सबसे बायें हो वहाँ से दक्षिणावर्त घूमते हुये इस प्रकार अन्त करें कि अन्तिम दसवाँ मण्डल सबसे अंत में पढ़ा जाय एवं उससे ठीक पहले पहला।
उदाहरण हेतु यदि आप का गोत्र वसिष्ठ (सातवाँ मण्डल) या उनसे उद्भूत कोई अन्य गोत्र है तो आप का क्रम होगा :
9
7, 8
2, 3, 4, 5, 6
1, 10

यदि आप का गोत्र वामदेव गौतम (चौथा मण्डल) या उनसे उद्भूत कोई अन्य गोत्र है है तो क्रम होगा :
9
4, 5, 6, 7, 8
2, 3
1, 10
...
[दुहरा दूँ कि इसका शास्त्रीय आधार नहीं है, मुझे तो नहीं मिला, यदि है तो इसे सुखद संयोग मानूँगा। हाँ, सम्‍भवत: परम्परा में सोम पवमान से ही अध्ययन आरम्भ का विधान है जिसकी पुष्टि कोई ऋग्वेदीय आचार्य ही कर पायेंगे।]
ऋग्वेद की गढ़न मुझे चमत्कृत करती रही है, अनेक परिकल्पनायें मेरे मन में हैं, चलती रहती हैं, जिनमें से एक यह है।]

शनिवार, 22 सितंबर 2018

मित्र, दोस्त, विभाषा, तितली के पर एवं हिन्‍दी का नाश


कल यात्रा में था । आजकल लोग यात्रा में सहयात्रियों से बातें नहीं करते परन्तु मैंने अपने पार्श्व के सज्जन से वार्त्तालाप आरम्भ किया जो कि चार घण्टे चलता रहा। वे मुझसे पिछली पीढ़ी के थे, ताम्ब्रम अर्थात तमिळ ब्राह्मण थे - हिन्दी, संस्कृत एवं तमिळ, तीनों में निष्णात । Chartered Accountant थे, दिल्ली जा रहे थे। एक बात जो यहाँ सामान्यत: ही दिख जाती है, ब्राह्मण बहुत ही सुसंस्कृत होते हैं, बातचीत एवं व्यवहार में सभ्यता सहज ही परिलक्षित होती है। ये सज्जन प्राच्य विद्या एवं पाश्चात्य तकनीकी के संयोग से जीवनयापन के समर्थक थे, DOS, Foxpro, DBase, VB, C++ इन सबमें काम कर चुके थे एवं प्रशिक्षक भी रहे।
बात संस्कृत पर जानी ही थी, मुझे नया कुछ तो नहीं मिला किन्‍तु प्रेक्षणजनित निज निष्कर्षों की पुष्टि हुई। उनका उत्साह देखते सुनते ही बनता था !
हमने लैपटॉप पर देखते हुये संस्कृत, वैदिक एवं तमिळ की यूनिकोड फॉण्ट व्यवस्थाओं पर भी बातें की। 

उनकी पीड़ा मुखरित थी कि किस प्रकार तमिळ को पिछ्ले ५० वर्षों में सायास संस्कृत से मुक्त कर दिया गया। उन्हों ने बताया कि सारिणी में जो रिक्त स्थान दिख रहे हैं, वे वस्तुत: उन अक्षरों के लिये हैं जो प्रत्येक वर्ग के बीच के तीन वर्णों के तमिळ में अभाव की पूर्ति हेतु रखे गये हैं, जिनका कि प्रस्ताव यूनिकोड संस्था को भेजा जा चुका है किन्‍तु कथित तमिळ राष्ट्रवादियों ने entry of Sanskrit from backdoor बता कर आपत्तियाँ लगाई हुई हैं एवं काम लम्बित है।
उन्हों ने उसकी पुष्टि की जो मैं कहता रहा हूँ - हिन्‍दी को संस्कृतनिष्ठ बनाये रखें तो शेष भारत के समस्त भाषा भाषी उसे अधिक समझेंगे एवं उत्साह से अपनायेंगे। उनका कहना था कि तमिळनाडु से बाहर होने पर उन्हें उत्तर या पश्चिम भारत की भाषाओं को समझने में कोई समस्या नहीं होती क्योंकि संस्कृत के कारण वह जोड़ कर समझ लेते हैं।
भाषिक क्षेत्र में माँग एवं आपूर्ति में इतना बड़ा अंतर स्यात ही मिले! दक्षिण भारतीय संस्कृतनिष्ठ हिंदी हेतु तड़प रहे हैं जब कि हिंदी जन उसे अरबी फारसी की रखैल बनाने में लगे हुये हैं !
(मुझे ज्ञात है कि इसे पढ़ कर आप के मन में 'भाषा बहता नीर', आधुनिक काल की सबसे अल्प समझी गयी एवं हिंदी के पतित काहिलों द्वारा सर्वाधिक दु:प्रयुक्त उक्ति आ रही होगी किन्‍तु मेरी बात बहुत ही सीधी है, मैं नदी नहीं, जीभ से बहती नाली की बात कर रहा हूँ।)
उनसे अन्य अनेक विषयों पर चर्चा हुई जिनकी परास बड़ी है। यह भी बता दूँ कि उन्हें तमिळ भाषा पर गर्व था एवं वह उसके 'पतन' से व्यथित थे।
आज प्रात:काल (तमिळ में आज भी प्रात या प्रातकालै या कालै, मध्याह्न एवं सायं प्रचलित हैं, साधारण जन बोलते हैं, हिन्‍दी पट्टी में कोई बोलता मिल जाय तो मेरे लिये आठवाँ आश्चर्य होगा) जब मैं संस्कृत पाठों हेतु यूट्यूब पर गया तो यह सुन कर व्यथित हुआ कि सभी 'दोस्तो' सम्बोधन का प्रयोग कर रहे थे न कि 'मित्रो' का।
दोस्त पा(फा)रसी मूल का शब्द है जिसका वास्तविक रूप दूस्त है । मेरा ध्यान ऐंवे दोस्त से गोश्त एवं दूस्त से दुष्ट पर चला जाता है। विचार करें कि जब आप 'मित्र' कहते हैं तो ऋग्वैदिक मित्र-वरुण, सूर्य, मैत्री से जुड़ते हैं एवं मंत्र, मंत्रणा जैसे समान वर्ण वाले शब्द भी आप के अंतर्मन में कहीं न कहीं उमड़ते हैं ।
विभाषा के शब्द अपने 'यार' शब्दों को आकर्षित करते हैं दोस्त कहेंगे तो 'जिगरी' आयेगा ही, परंतु मित्र कहेंगे तो 'परम' एवं 'घनिष्ठ' शब्द ही उसके साथ भाषित होंगे। भाषायें ऐसे ही बिगड़ती हैं, प्रदूषित हो जाती हैं। इसे भिन्न प्रकार का अनुनादी प्रभाव भी कह सकते हैं तथा String Theory की इस व्युत्पत्ति से भी जोड़ सकते हैं कि एक तितली यदि पर फड़फड़ाती है तो उससे सुदूर कहीं कोई अट्टालिका भी ध्वस्त हो सकती है ।
दैनिक जीवन की बातचीत से अरबी फारसी शब्दों के प्रयोग क्रमश:, सायास, हटायें, फड़फड़ाहटें हिन्‍दी को ध्वस्त कर रही हैं।

रविवार, 19 अगस्त 2018

कोणार्क महागायत्री देउल के कोणादित्य विरञ्चि नारायण, Konark Sun Temple : A Brief Timeline

1248 ई.। रज़िया की मृत्यु हो चुकी है, उसके पूर्व वह कुतुबुद्दीन ऐबक द्वारा ध्वस्त मूल काशी विश्वनाथ मंदिर पर मस्जिद बनवाना नहीं भूली। 
सुल्ताना की मृत्यु से मुक्त हुये बंगाल के सूबेदार तुगन खान ने उड़िया राजा नरसिंहदेव के पास संदेश भेजवाया कि जगन्नाथ मंदिर समर्पित कर दो जिससे कि वहाँ मस्जिद बनवाई जा सके तथा सम्पूर्ण पुरी क्षेत्र इस्लाम कुबूल करे। नीति का आश्रय ले राजा ने मुसलमानों की सेना को ऐसा काटा कि आगे 300 वर्षों तक मुसलमान उड़ीसा पर दृष्टि डालने का साहस नहीं कर सके। राजा की प्रेरणा राजमाता थीं।
इस विजय की स्मृति में पहले से ही उपस्‍थित कोणादित्य के मंदिर को विस्तार दे राजा ने महागायत्री देउल की स्थापना की योजना बनाई। 
13 जनवरी 1258 ई. को रविवार के दिन कोणार्क के महालय में आदित्य की प्राण प्रतिष्ठा हुई। 
नरसिंहदेव के वंशज नरसिंहदेव चतुर्थ के 1384 ई. लिखित ताम्रपत्र में महालय में अर्चना का उल्लेख है अर्थात मंदिर पूरा हुआ था एवं उसमें अर्चना पूजन को सवा सौ वर्ष से भी अधिक हो चुके थे। 

अकबर के दरबारी इतिहासकार अबुल फजल ने मंदिर की यात्रा सोलहवीं शताब्दी में की थी, पूजन अर्चन तब भी चल रहा था। उसने आइन-ए-अकबरी में यह लिखा है। 



1568 ई.। 
पराजय के 310 वर्षों पश्चात इस्लाम का पुन: आक्रमण पुरी पर हुआ। दीनी नायक था मतांतरित हिन्दू, विशाल, कृष्णकाय जिसे 'काला पहाड़' नाम दिया गया। इस बार इस्लाम विजयी हुआ। 
पुरी के मंदिर ने ध्वंस देखा। दारु विग्रह जला दिये गये। पुरी के मार्ग पर मुख्य विग्रह के जल कर बचे हुये अंश पर थूकते एवं उसे पाँवों से ठोकर मार कंदुक की भाँति खेलते अट्टहास करते 'काला पहाड़' की स्मृति उड़िया मानस में सदा सदा हेतु अङ्कित हो गयी। 
उसका अगला लक्ष्य था महागायत्री देउल कोणार्क महालय। 
यहाँ उसे अधिक प्रतिरोध का सामना करना पड़ा परंतु वह मुख्य शिखर के (key stone) दधि नौति को शिथिल करने में सफल रहा। शिखर के ध्वस्त होने का कारण उसने सुनिश्चित कर दिया। 

1847 में जब जेम्स फरगुसन बालू से अंशत: ढँके उस परित्यक्त मंदिर तक पहुँचा तो शिखर का एक अंश गिरने से बचा हुआ था। उसने उसका प्रस्तर आधार चित्र (lithograph) बनाया। 

आगे के वर्षों में बचा हुआ शिखर भी तड़ित पात से ध्वस्त हो गया। 
मन्दिर कब परित्यक्त हुआ था? इस प्रश्न का उत्तर मिला 1929 ई. में जब अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त जीवविज्ञानी पी. पर्या ने मंदिर से प्राप्त एक ऐसे पत्थर के टुकड़े का परीक्षण किया जो कि ऊपर अगम्य स्थान से प्राप्त हुआ था। उस पर काई, शैवाल इत्यादि के अनेक तल बैठ गये थे, कुल 357 अर्थात कुल 357 वर्षा ऋतुयें।
1929 में से उसे घटा कर यह निश्चित किया गया कि 1573 ई. से मंदिर की कोई देखभाल नहीं हुई थी। 
उल्लेखनीय है कि मंदिर के शिखर एवं उसकी प्रतिमाओं पर चूने का पलस्तर किया गया था जिन्हें प्रति वर्ष विविध रंगों से रँगा जाता था। जगन्नाथ मंदिर में आज भी प्रचलन है। रंगों के अवशेष आज भी कोणार्क के जगमोहन मण्डप की प्रतिमाओं पर दृष्टिगोचर हैं। 
अबुल फजल वहाँ 1594 ई. में गया था। 1568, 1573 एवं 1594 ई. ये तीन स्वतंत्र बिंदु हैं जो कि एक दूसरे के निकट हैं एवं जिनसे स्पष्टत: घटित का भान हो जाता है। 
काला पहाड़ के आक्रमण के पश्चात ही मंदिर उपेक्षित होना आरम्भ हो गया था। देउल का दूषित होना, तत्कालीन राजवंश की उसके प्रति श्रद्धा न होने से संरक्षण का अभाव, जगन्नाथ की बढ़ती कीर्ति, सूर्य पूजा का घटता चलन - इन सबके एकत्र हो जाने से मन्‍दिर का रखरखाव बाधित हो गया। जर्जर मंदिर क्रमश: परित्यक्त होता गया, कुछ वैसे ही जैसे आराधकों की न्यूनता से खजुराहो के मंदिर हो गये। 
विरञ्चि नारायण की गर्भगृह प्रतिमा के लिये भाँति भाँति की बातें सुनने को मिलती हैं, कुछ के अनुसार उसे काला पहाड़ ने तोड़ दिया था, कुछ के अनुसार उसे वहाँ से ला कर जगन्नाथ मंदिर में स्थापित किया गया एवं कुछ के अनुसार देवता अभी भी कोणार्क तट की बालुका में कहीं विलीन हैं। 
कालान्तर में मंदिर के आगे का अद्भुत अरुण स्तम्भ हटा कर जगन्नाथ मंदिर के समक्ष स्थापित कर दिया गया जो आज भी पूजित है। जगन्नाथ मंदिर की सज्जा में वहाँ से लाई गई अन्य प्रतिमायें भी प्रयुक्त हुईं। 
... 
इतिहास इतना ही है।

शनिवार, 18 अगस्त 2018

बोध कथा एक , पुरानी परिचित : ... यही दृष्टि है


'तुम स्त्री को नहीं देखोगे।'
'यदि वह देखे तो?'
'तो भी नहीं।'
'स्त्री से बोलना मत!'
'यदि वह कुछ पूछे या कहे तो?'
'तो भी नहीं।'
'स्त्री को सुनना मत!'
'वह स्वयं पुकारे तो?'
'तो भी नहीं।'
'स्त्री का स्पर्श नहीं करोगे।'
'यदि वह स्वयं स्पर्श करे तो?'
'तो भी नहीं।'
.
.


सन्न्यस्त आचार्य अपने शिष्य को प्रात:काल का उपदेश दे रहे थे। शिष्य हर बात को मन में अश्म रेख की भाँति बैठाता जा रहा था। सूरज आधा बाँस चढ़ आया तो आचार्य ने कहा - अब हमें प्रस्थान करना चाहिये। नाविक चला जायेगा तो पार होना दुष्कर हो जायेगा। 
दोनों नदी तट पहुँचे, न कोई नाव थी, न कोई नाविक। नदी का प्रवाह मन्थर था, तैर कर पार किया जा सकता था। प्रतीक्षा लम्बी होने लगी तो दोनों ने तैर कर पार करना उचित समझा। 
उसी समय एक युवती वहाँ विह्वल स्थिति में पीछे से आई तथा दोनों से हाथ जोड़ पार कराने की प्रार्थना करने लगी। शिष्य ने तो आँखें नीचे ही झुका रखी थीं, मन ही मन प्रतीक्षा करने लगा कि देखें, अब गुरु क्या करते हैं, उपदेश तो बहुत दिये थे ! कनखियों से देख भी चुका था कि युवती सुन्दर थी। 
गुरु ने उससे कहा - वत्स ! दुखिया है, उसे पार कराओ। शिष्य ने समझा कि परीक्षा ले रहे हैं। उसने उत्तर दिया - क्षमा आचार्य, यह आप की शिक्षाओं के विपरीत होगा। हमें इस माया को यहीं छोड़ चल देना चाहिये। 
गुरु ने युवती से कहा - स्थविर आयु है किन्‍तु तुम्हें पार करा सकता हूँ। मेरी पीठ पर सवार हो अपने को इस ओढ़नी से दृढ़ता से मुझसे बाँध लो। हम तैर कर पार कर लेंगे। 
शिष्य इस प्रस्ताव से आश्चर्य में पड़ गया किन्‍तु मौन ही रहा। आचार्य ने युवती को पीठ पर चढ़ाया एवं तैर कर उस पार उतार दिया। धन्यवाद देती वह अपने मार्ग गई। उन दोनों ने भी पन्‍थशाला का मार्ग पकड़ा। 
... 
शिष्य दु;खी था, बहुत दु:खी। आचार्य भ्रष्ट हो चुके थे। शिक्षा के मध्य में ही इनका त्याग करना होगा, यह सोचते हुये वह उद्विग्न मन से साथ बना रहा। पहुँचते पहुँचते संध्या हो गई। संध्या वन्दन एवं अल्पाहार के पश्चात आचार्य विश्राम की मुद्रा में लेट गये। शिष्य भी पार्श्व में पड़ रहा। 
कुछ ही समय में आचार्य गहरी नींद में खो गये किन्‍तु शिष्य करवटें लेता रहा। आधी रात तक जब नींद नहीं आई तो उसने सोचा कि अब क्या सम्मान करना? जगा ही देते हैं। 
आचार्य को उसने पुकार कर जगाया एवं रुष्ट स्वर में बोला,"मैं आप का त्याग कर रहा हूँ, आप भ्रष्ट हो गये हैं।" 
आचार्य ने साश्चर्य पूछा,"वत्स ! मैं भ्रष्ट ? कैसे ?"
शिष्य ने उत्तर दिया,"आप ने एक सुंदरी युवती को पीठ पर आरूढ़ करा नदी पार कराया। उसके अङ्ग लम्बे समय तक आप से लगे रहे ! अपनी शिक्षा का भी सम्मान नहीं करते, ढोंगी हैं आप! छि: !!"
गुरु अट्टहास कर उठे,"वत्स ! मैं तो पार कराते ही उससे मुक्त हो गया था। वह दुखिया भी मुझसे उसी समय मुक्त हो गई। तुमने तो उसकी कोई सहायता भी नहीं की थी ! किन्‍तु अब तक ढोये जा रहे हो? वह तुम्हारे मन मस्तिष्क पर सवार है। सच कहो, देखा था न उसे?"
शिष्य ने रूँधे गले से कहा - हाँ एवं फूट फूट कर रोने लगा। 
आचार्य उसका सिर अपनी गोद में ले सान्त्वना देने लगे - गुरु का कहा मानना चाहिये वत्स ! न मानने से शिष्य नरकगामी होता है। 
तुमने आज दारुण नरक भोगा है। अब मुक्त हो। शान्‍त हो सो जाओ। प्रात:काल बातें करेंगे। 
.
.
.
'तुम स्त्री को नहीं देखोगे।' 
'कदापि नहीं आचार्य! मैं उसे देख कर भी नहीं देखूँगा।' 
'यदि वह देखे तो?' 
'मैं नहीं देखूँगा तो वह कैसे देख सकेगी?' 
'हाँ वत्स ! यही दृष्टि है।'
.
.
.

हिन्‍दू विवाह, सप्तपदी, पारस्कर गृह्य सूत्र


हिन्‍दू विवाह सप्तपदी, पारस्कर गृह्य सूत्र 
1.8.1


प्रथम पग इषे - अन्न हेतु, 
दूसरा पग ऊर्जे - बल हेतु, 
तीसरा पग रायस्पोषाय - धन हेतु, पोषण, पुष्टि हेतु, 
चौथा पग मायोभवाय - सुख सन्‍तुष्टि हेतु, 
पाँचवा पग पशुभ्य: - पशु सम्पदा हेतु, 
छठा पग ऋतुभ्य: - ऋतुओं हेतु, 
सातवें के साथ स+खा, सखा हो मुझसे जुड़ जाओ,
मेरी अनुव्रता हो, सात लोकों में। लोक तो गिना दिये ऊपर, अन्तिम तो तुम्हारा सख्य है। 
सात जन्मों की बात सम्भवत: यहाँ से आई होगी। 
...
पारस्कार विवाह संस्कार विधान दिन का है। सूर्यास्त पश्चात वर वधू को ध्रुवतारा दिखाता है - 
अस्तमिते ध्रुवं दर्शयति। ध्रुवमसि ध्रुवं त्वा पश्यामि ध्रुवैधिपोष्ये मयि मह्यं त्वादादबृहस्पतिर्मया पत्या प्रजावती सञ्जीव शरद: शतमिति। 
तुम ध्रुव हो, मैं तुम्हें ध्रुव देखता हूँ, तुम मेरे साथ ध्रुव अर्थात दृढ़ हो हे पोषणीया! तुम्हें बृहस्पति ने मुझे दिया है, मुझ पति से सन्तानोत्पत्ति करती हुई तुम मेरे साथ सौ शरद ऋतुओं तक रहो।
... 
विवाह पश्चात तीन रातों तक वे लवणहीन भोजन करेंगे, भूशायी रहेंगे तथा एक संवत्सर तक शारीरिक सम्बन्‍ध नहीं बनायेंगे। एक संवत्सर तक सम्भव न हो तो बारह रातों तक, वह भी न हो सके तो छ: रातों तक, वह भी न हो सके तो न्यूनतम तीन रातों तक संयम रखें। 
इस निषेध के पीछे कितना बड़ा मनोवैज्ञानिक तथ्य छिपा है, समझा जा सकता है।
... 
गाँवों में (नगरों में तो अब सब दुर्बी दुलाम दुलक्षणं है) इस निषेध को महिलाओं ने कुछ दिनों से जोड़ दिया है कि इन दिनों में कङ्गन नहीं खुलना! तीन से छ: दिनों तक का निषेध सामान्य है। मेरे विवाह पश्चात अनुपालन किया गया था। 
_______________________
हिन्‍दू विवाह इतनी सुन्‍दर पद्धति सम्भवत: अन्य कोई नहीं होगी।