लोकगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लोकगीत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

रविवार, 25 मार्च 2018

भोजपुरी -12: रामनवमी : राम जी लिहलें अवतार रे चइतवा

फागुन रेचक है। वास्तविक मधुउत्सव तो चैत्र में होता है। नौ दिन नवदुर्गा अनुष्ठान, जन जन में रमते राम का नवजन्म नये संवत्सर में।
नवान्न दे पुनः प्रवृत्त होती धरा का स्वेद सिंचन, धूप में सँवरायी गोरी का पिया को आह्वान - गहना गढ़ा दो न, बखार तो सोने से भर ही गयी है!

चैत में शृंगार का परिपाक होता है। गेहूँ कटता है, रोटी की आस बँधती है, मधुमास भिन्न भिन्न अनुभूतियाँ ला रहा होता है एवं ऐसे में उस राम का जन्म होता है जो आगे चल कर मर्यादा पुरुषोत्तम कहलाये किंतु उनके जन्मोत्सव में जो भिन्न भिन्न पृष्ठभूमियों के लोकगायकों एवं नर्तकों की हर्षाभिव्यक्ति होती है, उसमें उल्लास स्वर नागर शास्त्रीयता तथा अभिरुचि की मर्यादाओं को तोड़ता दिखता है। इसमें गाये जाने वाले चइता चइती की टेर अरे रामा, हो रामा होती है। 
चइता पुरुष गान है। सुनिये चइता विशाल गगन के स्वर में। 
(अंत तक सुनने पर ही समझ में आयेगा कि चैत क्यों फागुन से श्रेष्ठ!)  

पूरी प्रस्तावना के साथ गान होता है। प्रकृति भी आने वाले के स्वागत में है, रसाल फल गए हैं, महुवा मधुवा गए हैं, पवन कभी लहराता है तो कभी सिहराता है। 
घर में नया अन्न आ गया है, पूजन हो रहा है, मंगल गान है, क्रीड़ा है। मस्ती भरे वातावरण में राम जी जन्म लेते हैं! ढोल की ढमढम के साथ बधाई गीतों की धूम है।

सावन से न भादो दूबर, 
फागुन से ह चइत ऊपर 
गजबे महीना रंगदार रे चइतवा।

आम टिकोराइ जाला
महुवा कोचाइ जाला
रस से रसाइल रसदार रे चइतवा।

कबहू लहर लागे 
कबहू सिहर लागे 
किसिम किसिम बहेला बयार रे चइतवा।

गेंहू के कटाई होला
नवमी के पुजाई होला 
लेके आवे अजबे बहार रे चइतवा।

घरे घरे मंगल होला 
कुस्ती आ दंगल होला 
मस्ती से भरल मजदार रे चइतवा।

ढोल ढमढमाय लागे 
चइता गवाय लागे 
राम जी लिहलें अवतार रे चइतवा।

बाजे अजोधा में अनघ बधइया 
ए राम रामजी जनमलें 
दसरथ जी के अंगनइया।

बाजे चइत मास गावेला बधइया
ए राम रामजी जनमलें 
दसरथ जी के अंगनइया।


~~~~~~~~~~~~~
शृंखला के अन्य गीत 

लोक : भोजपुरी - 10: चइता के तीन रंग
लोक: भोजपुरी- 9: पराती, घरनियों का सामगायन
लोक: भोजपुरी- 8: कस कसक मसक गई चोली(निराला) और सुतलऽ न सुत्ते दिहलऽ(लोक)
लोक : भोजपुरी - 7: बोले पिजड़ा में सुगनवा बड़ऽ लहरी (अंतिम भाग)
लोक : भोजपुरी - 6: रोइहें भरि भरि ऊ... बाबा हमरो...भाग-1
लोक : भोजपुरी - 5 : घुमंतू जोगी - जइसे धधकेले हो गोपीचन्द, लोहरा घरे लोहसाई
लोक : भोजपुरी - 4 : गउरा सिव बियाह
लोक : भोजपुरी -3: लोकसुर में सूर - सिव भोला हउवें दानीऽ, बड़ऽ लहरीऽ।
लोक : भोजपुरी - 2 : कवने ठगवा - वसुन्धरा और कुमार गन्धर्व : एक गली स्मृति की
लोक:भोजपुरी-1: साहेब राउर भेदवा


बुधवार, 17 अक्टूबर 2012

अवधी चचा देखलेंs सास-बहू के झगरा आ कचपचिया गइल लामे

गर्मी की छुट्टियाँ हैं। एक किशोर क़स्बे से गाँव आया हुआ है। हर वर्ष की ग्रीष्म ऋतु उसके कल्पनाशील मस्तिष्क को विस्तार देती है। शाम का भोजन हो जाने के बाद जब बंगले की छ्त पर और दुआरे खुले में पुरुष वर्ग सोने के जुगाड़ कर लेता है और स्त्रियाँ मंडप की छत पर, तब दुआरे से पीता का जाने कौन सप्तक को छूता हुआ स्वर पूर्णिमा के चाँद को सिव के बियाह की कथा सुनाता है – अरे गउरा के जरि गइलें भागि हो, बर बागड़ भेंटइलें और नक्षत्र तक ठिठक जाते हैं।

अन्हार में किसी रोज पास के गाँव आया गायक कभी सोरठी बिरजाभार और कभी सीत बसंत देर रात तक गाता हुआ जाने कब सो जाता है। प्रात: की करुआती आँखों में उसके करुण स्वर की लाली चुगली करती रहती है – भउजी त रोवना हई, राति बड़ा रोवली... ए चाची जी, रुअरे नाहिं रोवलीं...हँ रे...।

किसी दिन जब अगल बगल की छतों से आती फरमाइशों पर पीता बबुआ लेहले जइह हमरो समान हो, टेरते हैं तो बीच में ही उन्हें बड़के चचा टोक देते हैं – तनि चुपा जा, लोग आइल बा, बतियावे के बा। किशोर को आश्चर्य होता है – अजीब देहाती लोगों से चचा की कितनी निभती है और वे भी कितना मान देते हैं! विचित्र हैं बड़के चचा!

वह किशोर से नक्षत्रों के बारे में बताने को कहते हैं। छत पर लेटे किशोर की आँखों में समूचा ब्रह्मांड छितरा होता है। वह केवल सप्तर्षि, पंचपांडव, ध्रुव, व्याध, वृश्चिक, महासर्प, हाइड्रा और झुलनिया यानि कृत्तिका को पहचानता है लेकिन उसने तारों के जीने मरने के बारे में पढ़ रखा है, उसने पढ़ रखा है कि कैसे धूल से पिंड बनते हैं, कैसे उनके पेट में हमेशा आग दहकती रहती है – रौरव नरक जैसी और वे पगलाये करोड़ो योजन योजन भर भर दूर रहते हुये ध्रुव के चक्कर लगाते रहते हैं। वह प्रकाश वर्ष को उन अनपढ़ बुजुर्गों के लिये बताता है। उनकी हूँ हाँ की उसे परवाह नहीं होती, उसे पता होता है कि उस नीम अन्धेरे में चचा फूल कर कुप्पा हो रहे होते हैं – देखलs, हमरे लइका के!

वह उन लोगों को कहानियाँ भी सुनाता है जिनके केवल स्टेज भर पता होते हैं। बाकी वह अपनी कल्पना शक्ति से जोड़ लेता है ठीक वैसे ही जैसे आठवीं घंटी में काले मोती की लम्बी कहानी में एक सैनिक और राजकुमारी की लगन गाथा को विस्तार देता, आगे बैठी लड़कियों की आँखों से टपकते आश्चर्य को देखता रहता है! लेकिन उस अन्धेरे में वह किसी का चेहरा नहीं देख पाता। वह उन्हें पिता से सुनी उपनिषदों की कहानियाँ भी सुनाता है लेकिन उनमें अपने पास से कुछ नहीं जोड़ता। प्रतिप्रश्न पर अक्सर उसे कहना पड़ता है – भोर परि गइल! वे लोग हँसते हैं – बिस्भोर हो जाला कथ्था कहानी में! वह सोचता है भला विस्मृति का तद्भव बिस्भोर कैसे हो सकता है? विस्मृति+भ्रम?

कभी खर्राटे लेते, कभी जगते चचा या उनके कोई साथी गुजरे जमाने की, गाँव जवार की भूली बिसरी घटनायें छेड़ देते हैं। लोग चचा के बाऊ यानि किशोर के बाबा का नाम बड़े आदर से लेते हैं और बाबू जी विचित्र से उत्साह से उनके बारे में बताते हैं। किशोर के मन में कोई कॉपी खुल जाती है और बेतरतीब विचित्र सी लंठई भरी गाथायें लिखाती चली जाती हैं। उन कथाओं में मानुख, प्रेत, बरम बाबा और चुड़ैलें भी, एक ही काल और स्थान आयाम में होते हैं वैसे ही जैसे पुराने युगों में ऋषि और देवता। पुरखों के विचित्र विचित्र कारनामें, पड़ोस के गाँवों में भी वैसे ही बजरलंठ।

बड़के चचा सीधे कहते हैं प्रेत, चुड़ैल, देव कुलि खाली दिमागी बहम होलें और वे एक ठंढी रात का किस्सा छेड़ देते हैं जब वह ऊँख मिल में गिराकर अकेले लौट रहे थे। उनका किस्सा उस जिन्न के मिथक को छिन्न भिन्न कर देता है जो कटहरिया चौराहे पर कई लोगों को आग के घेरे में नाचता दिखा करता है! वे कोई परहेज नहीं करते – अरे, अब लइका झँटउर हो गइल बा!

किशोर का उत्सुक मन दो संस्कारों में गढ़ता जाता है। एक ओर शिक्षित, अनुशासन प्रिय और अध्ययनशील पिता तो दूसरी ओर बाऊ की उंगली पकड़ अन्धेरे में घूमते नन्हें बने बड़के चचा। आश्चर्य नहीं कि कभी कभी वह अकेले ही सरेह में जाने कितनी दूर भटक आता है। वह विलियम ब्लेक की कविताओं और पीता के लोकगीतों में बराबर का रस पाता है।...

... बड़ा हो कर, दो बच्चों का बाप हो जाने के बाद वह एक बार कोणार्क गया। लौट कर आने के बाद उसने पाया कि वह फिर से वही किशोर हो गया है और अब भटकने के लिये ज्ञान के राजमार्ग हैं, समय की गति को झुठलाता अंतर्जाल है और वे पुस्तकें भी हैं जिन्हें खरीदना कभी उसके वश में नहीं था। वह भटकने लगा – इतिहास, साहित्य, पुरातत्त्व, गल्प, स्थापत्य, ज्योतिष, गीत संगीत, पांडुलिपियाँ, सनकी लोग...वह अपने अनुभव और अपनी खोजें लिखने लगा। बड़के चचा तो नहीं रहे लेकिन इस बार अंतर्जाल के चचा ने पूछ लिया:

पतोहू उवाच –

हन्नी हन्ना उई आयें, कचपचिया गई दूर।

का सास हांड़ी ढगढोरू, कांछ-पोंछ गयें घूर।

(
रात में बहुत देर हो गयी है। देर से उगने वाले तारे हन्नी हन्ना उग आये हैं और कचपचिया तारामण्डल बहुत ऊपर चढ़ चुका है। सास जी क्या मुझे देने के लिये हांड़ी टटोल रही हो। उसको तो कांछ-पोंछ कर मैं घूरे पर डाल आयी हों।) बहुत ही मार्मिक है सासों द्वारा पतोहू को सताये जाने और भोजन तक ठीक से न देने का दृश्य! :-(

चलो, ढ़ूंढ़ निकालो हन्नी-हन्ना-कचपचिया को!...

... अंग्रेजों ने प्राचीन भारत की तमाम सम्पदाओं और उपलब्धियों को ढूँढ़ निकाला।  अंग्रेज/यूरोपीय विद्वानों और धर्मांतरण एजेंटों ने वह काम कर दिखाया जो सदियों से नहीं हुआ था। मैक्समूलर, कनिंघम, जेम्स प्रिंसेप, विलियम जोंस आदि में से कई ने तो अपार कष्ट झेलते हुये अपना जीवन तक होम कर दिया। इस अवधी कहावत में वर्णित तारों और नक्षत्रमंडलों की पहचान के लिये बाइबिल के अवधी अनुवाद से स्पष्ट और लगभग पूर्ण सूत्र मिल जाते हैं। हालाँकि स्वयं प्राचीन हिब्रू भाषा और उसमें वर्णित शब्दों की आधुनिक पहचान के लिये किये जा रहे कर्म अपने आप में वृहद शोध की सामग्री प्रस्तुत करते हैं जो बहुत ही रोचक है लेकिन अपनी आदत के विपरीत मैं अबकी अपने काम से काम रखूँगा J (फिलहाल)।

ayyub_38_31_awadhi

job_9_9_awadhi
amos_5_8_awadhi

 pleiades-300x199कचपचिया का वर्णन ओल्ड टेस्टामेंट के प्रकरण जॉब 9:9, अमोसkimah 5:8, अय्यूब 38:31 में मिलता है। पुरानी हिब्रू भाषा में इस तारासमूह का नाम किमा: है। उल्लेखनीय है कि गुच्छे में दिखते इस समूह के लिये बहुवचन विसर्ग (:) का प्रयोग संस्कृत की तरह ही हुआ है। अंग्रेजी अनुवाद करते एक अनुवादक ने seven stars और बाकियों ने   Pleiades यानि कृत्तिका (सप्तमातृका) का प्रयोग किया है। वास्तव में इस समूह में अनेकों तारे हैं जिनमें नौ तो थोड़े प्रयास के साथ पहचाने जा सकते हैं और छ:/सात तो एकदम साफ दिखते हैं। इन्हीं संख्याओं को लेकर सात बहनों या छ: मातृकाओं के मिथक गढ़े गये।

पुरानी हिब्रू के सात तारों को लेकर समस्या यह रही कि सप्तर्षि यानि Great Bear और व्याध यानि Hunter तारामंडलों में भी सात सात तारे ही होते हैं लेकिन अन्य सन्दर्भों से यह समस्या सुलझा ली गई। पहले के आलेख में मैं ऋचाओं के दर्शन के समय सप्तमातृका [या छ: कृत्तिकाओं सहित शिवपुत्र कार्तिकेय] के महत्त्व का संकेत दे चुका हूँ।

ईसा से लगभग 2300 वर्षों पहले वर्ष प्रारम्भ का संकेत देता महाविषुव कृत्तिका नक्षत्र के निकट था। नक्षत्र और तारे कृत्तिका की परिक्रमा करते थे। इस कारण उस समूह की सात ललनायें बहुत ही प्रिय थीं और उनकी प्रशंसा में ही ऋषि दीर्घतमा ने ऋचायें गढ़ीं। इस नक्षत्र को लेकर गढ़े गये मिथक पीढ़ी दर पीढ़ी बढ़ते रहे। गाँवों के स्वच्छ और शुद्ध अन्धकार वाले खुले आकाश में कृत्तिकायें बहुत ही सुन्दर और स्पष्ट दिखती थीं – सुन्दर स्त्रियों के समूह जैसी।

619-00904370wउनकी साम्यता किसी भोजपुरी ग्रामबाला ने अपनी झुलनी (नाक का आभूषण) से कर प्यारा सा नाम दिया – झुलनिया।

कृत्तिका शब्द कर्तन यानि काटे जाने वाले अस्त्र की साम्यता से आया है। आकाश में इसका आकार ऐसा ही दिखता है। भोजपुरी में कहते हैं – काटि देहलसि कच्च से! कदाचित ‘कचपचिया’ कृत्तिका और लोकवाणी में काटने की ध्वनि ‘कच्च’ से विकसित हुआ है। विचित्र ही है कि तमिल परम्परा में सात ऋषियों की पत्नियों की प्रतीक कर्तिगइ या वेदों की सात ललनाओं या कार्तिकेय की पालनहारी ममतामयी छ: कृत्तिकाओं की पहचान काट देने वाले यंत्र से की जाय! मिथक और कथायें ऐसे ही गड्डमगड्ड होती हैं।

अंतरिक्ष में कृत्तिका नक्षत्र वृषभ और मेष राशि के बीच में दिखता है।  

कृत्तिकाओं का स्वामी देव अग्नि है। ध्यातव्य है कि शिव के तेज को पहले अग्नि ने धारण किया और उसके बाद कृत्तिकाओं ने उसे स्कन्द रूप में पाला पोषा, बड़ा किया। वही स्कन्द अन्धकार प्रतीक असुरों का नाश करने वाला कार्तिकेय हुआ। यह किसी खगोलीय घटना का संकेत है, ठीक वैसे ही जैसे एक खास दिन उगते सूर्य के ठीक पहले वहीं भोर में प्राची दिशा में क्षितिज पर चन्द्र दिखाई देता है। शिव उस सूर्य के प्रतीक हैं जो अपने मस्तक पर चन्द्र को धारण करता है। वह दिन एक पर्व होता है। आप बता सकते हैं कौन सा?  

अब जब कि कचपचिया की पहचान कृत्तिका नक्षत्र या छ: कृत्तिकाओं या देहाती झुलनिया या सात बहनों या सप्तमातृकाओं से हो चुकी है तो पता करते हैं कि उस दुखियारी बहू ने या उससे सहानुभूति रखने वाले देवर ने कब उन दो पंक्तियों को रचा होगा?

गाँवों में शारीरिक श्रम जीवन लय को तय करता है। किसान और उनकी घरनियाँ दिन भर या तो बाहर खेत में खटती हैं या डाँड़ गोयँड़ें। दिन भर की थकी शरीर किसी विशेष अवसर के अतिरिक्त रातों में बहुत देर तक नहीं जग सकती। बिजली के प्रकाश की अनुपस्थिति में रातें अधिक करिखही यानि काली और जल्दी गहन हो जाने वाली होती हैं। मवेशियों का डिनर भी साँझ के झुटपुटे के आसपास ही सम्पन्न हो जाता है। उसके बाद बस भोजन कर सो जाना होता है। ऐसे में भोजन मिलने में यदि रात के आठ, नौ बज जायँ तो बहुत बड़ी बात हो जाती है। कुआर(आश्विन, लगभग अक्टूबर) माह से कचपचिया पूरब दिशा में साँझ की बेर अधिक हो जाने पर दिखती है और उसके बाद चढ़ती जाती है। ऐसा दिसम्बर यानि लगभग अगहन मास तक होता रहता है। पूस जाड़ तन थर थर काँपा की स्थिति में आकाश निहारने की सुध नहीं होती। वैसे भी रात में धुन्ध रहती है। कउड़ा (अलाव) के धुयें मारे ठंड के आसमान में लटके रह जाते हैं, तारे साफ नहीं दिखते।

गीत रचने वाली बहू कोठा अमारी में तो रहती नहीं! लेकिन पूरब या पूरब उत्तर के शुभ कोने की ओर मुखातिब अपने फुसौला घर से वृक्षों के ऊपर चढ़ आई कचपचिया को आसमान में देख सकती है। मानुख आँख की ऊँचाई देखने की स्वाभाविक पराश क्षैतिज के ऊपर नीचे मिला 100 अंश के आस पास होती है। उसके बाद देखने के लिये सिर ऊपर उठाना पड़ता है।  ‘कचपचिया गई दूर’ तब कहा जायेगा जब कृत्तिका यानि कचपचिया क्षितिज से 50 अंश ऊपर हो।

कातिक या अगहन का महीना है। घर के सभी जन खा पी चुके हैं। रात के आठ नौ बजे बजे तक भी भोजन न मिलने पर कुछ नवेली सी दुल्हन रसोई के बर्तन निहारने गई है। उनमें कुछ न पा मारे क्रोध के छूटा जूठा पोंछ पाछ घूरे पर फेंक आई है। बुजुर्ग सास की पहली नींद टूटी है तो बहू को भोजन देने की सुध आई है लेकिन उसे पता है कि कुछ बचा नहीं, फिर भी रसोई में जा खटर पटर करती है तो बहू मारे झुँझलाहट में कहती है:

हन्नी हन्ना उई आयें, कचपचिया गई दूर।

का सास हांड़ी ढगढोरू, कांछ-पोंछ गयें घूर।

ऐसा संयोग बनता है आज कल के दिनांक 30 नवम्बर को रात में लगभग 8:30 बजे। अपने अपने गाँव के खा पी सुत्ता पर जाने के समय को देखते हुये आप इसे एकाध महीने इधर उधर कर सकते हैं।

देखिये, इस समय अवध क्षेत्र में लखनऊ के आस पास नभ में आकाशगंगा के किनारे कचपचिया की स्थिति। उसके नीचे हैं देवगुरु वृहस्पति। यह दृश्य आज कल भी आकाश में दिखता है। प्रकाश प्रदूषण के बाद भी कल मैं वृहस्पति से साक्षात हुआ। आप भी प्रयास कीजिये।

 kachpachiya

सप्तमातृकाओं के विपरीत आचरण करने वाली, भावी कृत्तिका के क्षुधा की आग को शांत न करने वाली सास और कचपचिया के दूर जाने के साथ हन्नी हन्ना के उग आने की त्रासदी भी है। हन्नी हन्ना कौन हैं?

आप लोग अनुमान लगाइये। कल मिलते हैं उनकी पहचान के साथ। 

(अगले भाग के लिये यहाँ क्लिक करें)                                                   (जारी)

रविवार, 8 अप्रैल 2012

लोक : भोजपुरी -11: कन्यादान गीत - कवन गरहनवा पापा रउरा पर लागे?

बैसाख का शुक्ल पक्ष खरमास की समाप्ति ले आयेगा और सतुआनि के दिन से लगन खुल जायेगी। यह समय विवाह के लिये शुभ मुहुर्तों को लायेगा। हिन्दू विवाह पद्धति में कन्यादान एक बहुत ही पवित्र प्रथा मानी गई है जो कि आधुनिक पितृसत्तात्मकसमाज में स्त्री की अधिकारघोषयुक्त दखल के साथ ही बहुत ही विवादास्पद भी हो गई है। तर्क यह हैं कि क्या स्त्री सम्पत्ति है जिसका दान कर दिया जाय? एक वयस्क को दान देने का अधिकार दूसरे वयस्कों को कैसे? और यह भी कि यह स्त्री को सम्पत्ति से बेदखल करने के षड़यंत्रों का प्रस्थान विन्दु है। स्त्रीवादी तो यही कहेंगे कि हिन्दू विवाह दिव्यता के बोझ तले स्त्री और उसके अधिकारों को कुचलने और उसे आजन्म शोषित प्रताड़ित बनाये रखने का एक षड़यंत्र भर है!
समाज की विकृतियों को देखें तो ये सारे तर्क अपने स्थान पर सत्य हैं लेकिन मुझे यहाँ यह नहीं बताना है कि क्या सही है, क्या ग़लत? मुझे जो प्रचलित है और उसके पीछे जो तर्क या कुछ और हैं, उन्हें समझने का प्रयास लोकगीत की भावभूमि में करना है।
हिन्दुओं में हर मंगल अवसर के लिये गीत हैं जिन्हें पुरुष नहीं स्त्रियाँ गाती हैं। शुभ अवसरों पर प्रसन्नता की अभिव्यक्ति वे गीत गा कर करती हैं। विवाह का अवसर बहुत ही व्यापक होता है। महीनों पहले से तैयारी प्रारम्भ हो जाती है। संझा पराती, मटिकोड़वा, पितरनेवतनी, बरनेत, कन्यादान, बिदाई आदि आदि हर अवसर के लिये अलग अलग गीत और सभी अर्थगहन। यदि इन गीतों के बोलों पर ध्यान दिया जाय तो अचरज होता है। सीमाओं में बँधी घरनी कितनी सुन्दरता, सादगी और भावप्रवणता के साथ इन अवसरों पर अपने मन की बात कहती आई है! दम्भी पुरुष यदि ध्यान दे तो घर का वातावरण और सुघर हो जाय लेकिन उसे बाहरी संसार के प्रपंचों से कहाँ मुक्ति?
हिन्दू समाज धर्मबुद्धि से संयोजित रहा है। स्मृतियों में विवाह विच्छेद की परिस्थितियाँ और विधियाँ वर्णित हैं लेकिन बात बहुत बिगड़ जाय तब ही वरना विवाह माने जन्म जन्मांतरों का सम्बन्ध ही होता है। यहाँ विवाह संविदा न होकर समाज को चलाने वाले गृहस्थधर्म का प्रस्थानविन्दु है। ब्रह्मचारी, वानप्रस्थी और संन्यासी, ये सब गृहस्थ के आश्रित हैं। वह धर्मधुरी है जिसकी शक्ति का आश्रय ले समूचा समाज चलता है, सृष्टि चलती है। आश्चर्य नहीं कि हिन्दू विवाह संस्था तमाम मामलों में अनूठी है – कोई मंगल कार्य बिना पत्नी से गाँठ जोड़े पूरा नहीं होता, अकेले की पूछ नहीं! यह उनका सम्मान है जो घर और बाहर दोनों को साध कर जीवन की पावन परम्परा को प्रवाहित रखने में अपना योगदान देते आये हैं, उनका सम्मान है जो समाज को धारण किये हैं। वे मूर्तिमान धर्म हैं।
इतनी उदात्त संकल्पना को आकार कैसे मिले? स्वभावत: विवाह एक बहुत ही जटिल कर्म भी हो जाता है जिसमें समाज के सभी वर्गों को सम्मिलित किया जाता है। इस कारण ही लोक में कई रंग और वैविध्य दिखते हैं। एक के भी बिना काम पूरा नहीं होता। परोक्ष रूप से सभी साक्षी बना लिये जाते हैं और उन्हें इसका भान भी नहीं होता। असल साक्षी कौन होता है? अग्नि। दंड और न्याय विधान विवाद की परिस्थिति में भले अन्य साक्षी ढूँढ़ ले और मान्यता दे दें लेकिन धर्म तो यही कहता है कि पवित्र अग्नि को साक्षी मान कर तुम दोनों आज पति पत्नी हुये। स्त्रियाँ भी यदि अपने गीतों में बुला कर रखती हैं तो कुलदेवता, कुलदेवी, ग्रामदेवता, अन्य देवता और पितर। चाहे अग्नि हो या ये सब – कौन गवाही देने आयेगा? यह सूक्ष्म नकार स्थूलता का नकार है जो इस संस्था को दिव्यता प्रदान करता है।
पाणिग्रहण के समय मंडप में कन्या का भाई, माता पिता और ब्राह्मण होते हैं और बाहर उन्हें घेरे हुये कन्या पक्ष के लोग। मनबढ़ई में दुल्हे के मित्र भले आ धमकें लेकिन वे होते अनाहूतो प्रविशति ही हैं। वरपक्ष की ओर से मात्र एक व्यक्ति होता है – स्वयं दूल्हा। इस कारुणिक प्रसंग को उसे अकेले दिखाने के पीछे गहन मनोविज्ञान है। उसकी संवेदनाओं को जगाकर सर्वदा के लिये स्मृति में सुरक्षित कर देने का आयोजन है – धर्मपत्नी ने निज गृह को तज बहुत बड़ा त्याग किया है, उसका आजीवन सम्मान होना चाहिये। इसका दायित्त्व केवल तुम पर है!
कन्या एक घर छोड़ दूसरे के घर जा रही है, अनजान अपरिचित परिवेश को अपना बनाने जा रही है, दूजे की संतति को आगे बढ़ाने जा रही है, उसके देवों और पितरों के आह्वान के लिये होता बन कर जा रही है और अपना अब तक का सब कुछ छोड़ कर जा रही है! इतना बड़ा त्याग और साथ में उससे कई गुना बड़ा दायित्त्व! उसे भान कैसे हो? कोई शपथ काम करेगा? वह तो तब काम करेगा न जब टूट पूर्ण हो जाय? बन्धन में कैसा निर्वाह? तो राह क्या हो?
वह सम्पत्ति नहीं, कलेजे का टुकड़ा है – माँ बाप बेच तो सकते नहीं कि चलो यह चीज आज तक मेरी थी, तुमने मूल्य दिया, अब तुम्हारी हुई? बोल वचन में तो इतनी गुरुता ही नहीं होती कि बस कह दें और काम हो जाय!  तो राह क्या हो?
माता पिता दान करते हैं – सबको दिखते हुये भी गुप्तदान की गरिमा लिये हुये कन्यादान। जाओ तुम्हें दान दिया! अब तुम्हारा हमारा आगम सम्बन्ध गौण हुआ, अब तुम पर हमारा कोई अधिकार नहीं, तुम दूसरे परिवार की हुई। वह तुम्हारा सर्वस्व है।
वधू अनकहे संकेतों को बखूबी समझ जाती है और वर भी समझ जाता है कि कोई स्थूल साक्षी नहीं, कोई मूल्य नहीं, यह दान तो अनमोल है। धर्म विधि से सम्पत्ति का विभाजन भी यहीं हो जाता है – कन्या का अब नैहर की सम्पत्ति में कोई अधिकार नहीं। उसे गृहस्थ परम्परा के वाहक, स्वयं उसके माता पिता, ने वयस्क होने पर दान दे सम्पत्ति से वंचित कर दिया। उनके दिये उपहार ही उसका स्त्रीधन होंगे और वह वरपक्ष की सम्पत्ति की अधिकारी होगी ठीक वैसे ही जैसे उसकी माँ अपने ससुराल में है। कोई भी दो स्थानों की सम्पत्ति पर अधिकारी नहीं हो सकता। 
बिनटूटी जलधार गिराता भाई पाणिग्रहण के समय जैसे यह जता देता है कि हमारा तुम्हारा सम्बन्ध अब इस पानी की धार जैसा ही रहेगा। तरलता रहेगी, अटूट प्रवाह रहेगा लेकिन यहाँ की धरती पर अब केवल मेरा अधिकार रहेगा, तुम्हारा अधिकार अब कहीं और है!
स्त्री के लिये विशिष्टता यहीं आती है कि वह निज गृह छोड़ दूसरे के घर जाती है। यदि पुरुष विवाह के पश्चात स्त्री के घर को विदा होता तो सम्भवत: उसके लिये भी यही सब होता। ऐसी परिपाटी न हो तो न कोई जटिलता रहे और न तर्कविलास को तमाम मुद्दे! आज कल हो रहा है न? माता पिता कहीं और और मियाँ बीवी की दुनिया कहीं और – एकदम अलग थलग। इस दबाव में धीरे धीरे ये सभी विधान घिस जायेंगे लेकिन अभी समय है।
इतना बड़ा कांड हो जाय और करुणा न हो, हो ही नहीं सकता। अनिवार्यत: इस अवसर के गीत रुला देते हैं। सहज, अर्थसम्प्रेषक, भोले, तर्कातीत गीत – स्त्रियों ने सबकी भावनाओं को इन गीतों में अभिव्यक्ति दी है। जामाता को दसवाँ ग्रह बताया जाता है। दुष्ट ग्रह अपने घर में हो तो और बली हो जाता है। मेरी मौसिया सास जी मेरे यहाँ आईं तो मैंने मौके का लाभ उठा कन्यादान गीत का अनुरोध कर डाला। उनका स्वास्थ्य कुछ ठीक नहीं था फिर भी निजगृहव्याप्त दुष्ट ग्रह का मान रखते हुये उन्हों ने गाया।
इस गीत में उल्लास भरे घर की तैयारी है, कभी स्त्रीधन रहे दहेज की भयानक कुरीति के बोझ तले दब कर नीचे हो गये पति की दुर्दशा है, सब कुछ चुपचाप स्वीकारती पुत्री का दुख है – माँ बेटी तो आपस में सब कह सुन रो लेती थीं लेकिन प्रस्थान के पूर्व के अवसर पर जो इतना गरिमामय और मर्यादापूर्ण धर्म वातावरण बना है उसमें पिता से पुत्री कहे तो क्या कहे? माँ की ओर से स्त्रियाँ पिता और पुत्री की बातचीत को बयाँ करती हैं। अंत आते आते इतनी कारुणिकता आ जाती है कि सप्तपदी के अग्निकुंड की दाहकता पिता के हृदय में पहले ही व्याप्त हो जाती है, गीत अचानक ही समाप्त हो जाता है – कहने सुनने को कुछ बचा ही नहीं!  

2012-02-12-002

गाई के गोबर अँगना लिपाई गजमति चउका पुराई जी
चउका पर बइठीले बेटी के पापा धीया करीलें कन्यादान जी
काँच ही बाँस के मड़वा छवइले गजमोतियन झालर लगाई जी

जँघिया पर बइठेली बेटी दुलारी मोतियन आँसू बहाई जी
गोदिया में बइठेली बेटी दुलारी मोतियन आँसू बहाई जी

सब केहु बइठेले लाल जजिमवा मोरे प्रभु कुस के चटाई जी
एतना दहेज देइ नीच हो गइनीं सत्रु के धिया मति होस जी

कवन गरहनवा पापा लागे दुपहरिया हे कवन गरहनवा भिनुसार जी
कवन गरहनवा पापा रउरा पर लागे कब दल उग्रिन होस जी

सूरज गरहनवा बेटी लागे दुपहरिया हो चन्द्र गरहनवा भिनुसार जी  
तोहार गरहनवा बेटी हमरा पर लागे जब दल उग्रिन होस जी

कथि बिनु पापा हे खिरवो न सीझे कथि बिनु हुमवो न होस जी
कथि बिनु पापा हे सग्र अन्हार कथि बिनु धर्म न होस जी

दूध बिनु बेटी हो खिरवो न सीझेला घिव बिनु हुमवो न होस जी
पुत्र बिनु बेटी हो स्वर्ग अन्हार धिया बिनु धर्म न होस जी

डलवा में काँपेला दूब अछतिया हे कलसा गंगा जल पानि जी
धिया लिहले काँपीलें बेटी के पापा हे कइसे करीं कन्यादान जी

कास पितल करति मोह न लागे हे, सोनवा कइल नहिं जास जी
धियवा के दान करत हिरदया में लहरे जइसे अगिनिया के कुंड जी  
 

“गाय के गोबर से आँगन लीप दिया है और चौक की पुराई गजमति सरीखी है। चौके में बैठ कर बेटी के पापा कन्यादान कर रहे हैं। उन्हों ने कच्चे बाँस का मंडप छवाया है जिस पर गजमुक्ताओं सी झालर भी लगवाये हैं। पिता की जाँघ पर बैठी दुलारी बेटी आँसुओं के मोती बहा रही है। (बेटियाँ कच्ची होती हैं, जिनमें पक कर घर बनाने की क्षमता होती है – कच्चे बाँस का मंडप यह सन्देश देता है और हरियाली लिये भी होता है कि होने वाला सम्बन्ध जीवंत रहे। परम्परानुसार बेटी को पिता की जाँघ पर बैठना होता है लेकिन उपवास और विछोह के दुख के दुहरे बोझ से उसकी स्थिति ऐसी हो जाती है कि गोद में सँभालना पड़ता है, वैसे ही जैसे बचपन में। यौवन आने के साथ पिता को ले जो स्वाभाविक संकोच रहता है वह इस अवसर रह ही नहीं पाता)।
बेटी की माँ अपने पति की स्थिति देख कहती है – आज बाराती जन और सभी सगे सम्बन्धी तो लाल रंग के भव्य जाजिम पर बैठे हैं लेकिन मेरे पति कुश की चटाई पर बैठे हैं। कितने कष्ट सह दहेज की व्यवस्था किये! इतना दहेज देकर भी नीचे हो गये हैं जैसे अपनी पुत्री ही शत्रु सरीखी हो गई हो! बेटी इस स्थिति को समझती है, कैसे कहे? पिता को ढाँढ़स कैसे बँधाये?
लोक की दृष्टांत परम्परा में वह पूछती है – पापा! दुपहर में कौन ग्रहण लगता है और भोर में कौन सा? आप के ऊपर कौन सा ग्रहण लगा है, आप कब मुक्त होंगे?
पिता उत्तर देता है – दुपहर में सूर्यग्रहण लगता है और भोर में चन्द्रग्रहण। मेरे ऊपर तो बेटी! तुम्हारा ग्रहण लगा है, तुमसे उऋण होऊँ तो मुक्ति हो।
यह धर्म व्यवस्था के प्रति लोक आक्रोश है। तुम इस परिपाटी को पवित्र और सब शुभ कर्मों का मूल बताते हो न? अरे यह ग्रहण है ग्रहण! देखो तो सही बाप बेटी का क्या हाल हो रखा है? पुत्री न हुई, शत्रु सरीखी हो गई, ग्रहण लगाती दुष्ट छाया हो गई! धिक्कार है तुम्हारी इस परिपाटी पर!
बेटी आगे पूछती है – पापा! खीर किसके बिना नहीं पकती? हवन किसके बिना नहीं होता? किसके बिना स्वर्ग भी अन्धेरे जैसा होता है? किसके बिना धर्म का होश ही नहीं रहता?
यह लोकोपनिषद की प्रश्न परम्परा है जिसमें एक साथ ढाँढ़स, सँभाल और यथार्थ तीनों हैं। गा रही हैं स्त्रियाँ, पूछ रही है बेटी।
उत्तर देता पिता तीनों का साक्षात्कार कर लेता है – दूध के बिना खीर नहीं बनती। घी के बिना हवन नहीं होता। पुत्र के बिना स्वर्ग भी अन्धेरे जैसा होता है और पुत्री के बिना धर्म का होश नहीं होता।
घर में पवित्र अग्नि है, चावल है, शर्करा है लेकिन बिना दूध के खाद्य पायस नहीं बनेगा। नये घर को जाती मेरी पुत्री वहाँ पूर्णता लायेगी। वह अन्न को क्षुधा शांत करने लायक बनायेगी – वह दूध सरीखी होगी- पोषक और पालक। वह गृहस्थ परम्परा की अग्निशाला में घृत आहुति जैसी होगी। उसके बिना कोई पवित्र कार्य सम्पन्न नहीं होगा। उसके तप से, उसकी संतानों से घर आगे बढ़ेगा। बिना संतानों के स्वर्ग भी अन्धेरा है और धर्म का तो ध्यान ही नहीं रहता।
ऐसी पुत्री से धर्म का निर्वाह होता है। पुत्र भले स्वर्ग में स्थान दिला दे लेकिन धर्म तो कन्या से ही होता है, उसके दान से ही होता है कि नया घर बसता है।
सारा सँजोया संयम और ज्ञान यह सोचने पर हवा हो जाते हैं कि दुलारी बेटी घर से जा रही है! पिता की स्थिति डाल में काँपते दूब अक्षत और काँपते गंगाजल जैसी हो गई है। दूब, अक्षत और गंगाजल ये तीन पवित्र तत्त्व भी विछोह के दुख का भार सँभालने में सहायक नहीं हैं। गोद में पुत्री को लिया पिता काँप रहा है – अपनी पुत्री का दान कैसे कर दूँ? उसे अपनी सारी सम्पदा काँसा पीतल की तरह लगती है जब कि पुत्री सोने सरीखी। उसके हृदय में जैसे आग का कुंड प्रज्वलित हो गया है जिसमें सब कुछ भस्म हुआ जा रहा है। (जाओ मेरी सोना बेटी! यह आग तुम्हें कुन्दन बनाये।)“
____________________________

बुधवार, 28 मार्च 2012

लोक : भोजपुरी - 10: चइता के तीन रंग

चैत माह रबी फसल का माह है। महीनों के श्रम के फल के घर पहुँचने का माह है। ऐसे में कृषि प्रधान लोक में उत्सव न हो, हो ही नहीं सकता! प्रकृति भी ऐसे में नवरसा जाती है। पेंड़ पौधों से लेकर मनुष्यों तक सबमें नवरस का संचार होने लगता है, वायु दिशा बदल देती है, शुष्क हो जाती है। देह में मीठा मीठा दर्द उभर आता है और मन? फागुन में वसंतोत्सव मना कर नेह बन्धनों को प्रगाढ़ कर चुका मन अब फल चखने की तैयारी में लग जाता है। इच्छायें गर्भिणी हो जाती हैं। बागीचों के आम बौरा चुके होते हैं। ऐसे में आती है रामनवमी। ‘राम जी की दुनिया राम जी के खेल’ मानने वाली कृषि संस्कृति तो नमक को भी रामरस कहती आई है! उनके जन्म के बहाने फसल के घर आने का उत्सव आयोजन क्यों न हो जाय!
रामनवमी की रात का पूजन नये गेहूँ या जौ की बनाई पूरियों और हलवा से होता है। कुछ तो जेनेटिक हस्तक्षेप और कुछ ऋतुचक्र की विचलन – अब गेहूँ बैसाख में ही हो पाता है लेकिन पकती हुई बालियों से नया अन्न निकाल कर पुराने में मिला नया पुरान पूजन कर लिया जाता है। मकर संक्रांति से प्रारम्भ हुये अन्न उत्सव का समाहार नये अन्न से बनी नवमी की नौ रोटियों से होता है:
खिचड़ी के खीच खाच, फगुआ के बरी
नवमी के नौ रोटी, तब्बे पेट भरी।
संक्रांति पर्व के मिश्रित अन्न, होली की बड़ी और नवमी की नौ रोटियों के बिना पेट कैसे भर सकता है भला? अब जो ढोल झाल निकलते हैं, उनमें जो उत्साह दिखता है उसका रंग कुछ और ही होता है। चैत माह में चैता, चैती और घोटा गाये जाते हैं। इन्हें अर्धशास्त्रीय पद्धतियों में भी गाया जाता है लेकिन मैं यहाँ लोकरूप ही प्रस्तुत करूँगा।
इन गीतों के बोलों में प्राय: मिलन के पंचम स्वर बोलती कोयल का घर उजाड़ने की बात होती है। कोयल जो अपना घर नहीं बनाती, लोक में घरवाली हो जाती है जिसकी बोली सुन कर या तो सइयाँ सेज छोड़ कर खेत की ओर चल देता है और मिलन पूर्णता नहीं पा पाता या कोयल के स्वर में एक विरहन का आलाप माना जाता है जो कि एकदम नहीं सुहाता। वक्रोक्ति या उलटे ढंग से बात कहने की लोकशैली के दर्शन चैत माह के गीतों में होते हैं। नागर लोग भले कोयल की बोली को सर्वदा वांछित मानते रहें, गाँव की कोइलर तो घरनी सी है जिसकी मधुरता कभी कभी अति मीठेपन के कारण ही नहीं सुहाती। अरे भाई! यह मौसम तो टटका टिकोरे की खटाई, मजूरे से तिताई और पसीने की लुनाई का मौसम है, इसमें मिठाई का क्या काम? तब जब कि समूची सृष्टि ही नवरस से प्रफुल्लित होती है, बगीची तक ‘लरकोर’ यानि संतानवती हो जाती है; प्रिय मिलन की मादक इच्छा की अभिव्यक्ति होने लगती है। पैर नृत्य में अपने आप ही थिरक उठते हैं।
चैता या चइता मुझे पुरुषराग लगता है जिसकी संगी स्त्रीरागधारी चैती है। किसान बदलते मौसम, बड़े होते और उजास उड़ेलते दिन, फलवती होती बगिया – सबका अनुभव करता है और उसे लगता है जैसे अन्धेरे में प्रकाश टपकने लगा हो! प्रीत की डोर लगा मन पतंग हो उड़ उड़ आसमान छूने लगता है। देखिये तो सलेमपुर वासी गिरिधर करुण के गीत को गोरखपुर विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में सलेमपुर के ही राणा सिंह ‘मेघदूत पूर्वांचल में’ प्रस्तुति में कैसे गाते हैं और क्या खूब गाते हैं!

चुवत अन्हरवे अँजोर हो रामा चइत महिनवा

अमवा मउरि गइलें नेहिया बउरि गइलें

देहियाँ टूटेला पोरे पोर हो रामा चइत महिनवा ॥१॥

उड़ि उड़ि मनवा छुवेला असमनवा

बन्हल पिरितिया के डोर हो रामा चइत महिनवा ॥२॥

अँखिया न खर खाले निंदिया उचटि जाले

बगिया भइल लरकोर हो रामा चइत महिनवा ॥३॥

हरपुर नवका टोला के केदार की टोली तो सजनी के सजने के उत्साह को खेत, बारी, हल, बैल सब बेंच कर गहना गढ़ाने की बात कह बयाँ करती है। सँवरने की स्त्री इच्छा पति के स्वरों में ग़जब ढंग से अभिव्यक्ति पाती है। सजनी को साजन से इतना प्यार चाहिये और साजन को भी इतना प्यार उड़ेलना है कि अयुक्ति की इंतहाँ हो जाय! जिन हल, बैल, खेतों के कारण उत्सव मनाने लायक अन्न घर में आया, उन्हें ही बेंच कर इस चैत महीने गहना गढ़ा दो! और तो और यह घर ही बेंच दो जिसकी मैं घरनी हूँ!! अब क्या कहें ऐसी इच्छा पर! 
(रिकॉर्डिंग की खराब क़्वालिटी के लिये खेद है। बन्दे ने गाया था बहुत सुन्दर और बहुत मन से लेकिन मैं ही ठीक से रिकॉर्ड नहीं कर पाया। मेरी अनुभवहीनता के कारण ऐसा हुआ। सॉफ्टवेयर से भी कुछ खास सुधार नहीं हो पाया। )
राग का अतिरेक हो तो मन उच्छृंखल हो ही जाता है। नये जमाने के इस चइता में बिहार के महेश खेसारी जो गाते हैं, उसकी गढ़न देखिये।
प्रेमिका अपनी बहन के साथ गेहूँ की पकी फसल काट रही है (हार्वेस्टर अभी भी सर्वसुलभ नहीं हो पाया है!) नवरस रसायनों के कारण देह में पीर है, ऊपर तेज धूप है जिससे देह की कोमल त्वचा कड़ी हो गई है, पसीना देह के उभारों में गतर गतर पैठ परेशान किये है और कट चुके गेहूँ के पौधे की जो खूँटियाँ खेत में छूट गई हैं, वे पैर में चुभ रही हैं। न बैठा जाता है और न उठा। झुक झुक काटने के कारण कमर में दर्द है। ऐसे में काटा जाने वाला गेहूँ मुट्ठी में नहीं समाता। वह कहती है कि मेरी देह में तो महुवा भर गया है, दीदी! मुझसे कटिया नहीं हो पायेगी। विश्राम के बहाने उसे प्रिय मिलन की आस जो है। गायक बैसाख की उस गरम हवा के झँकोरे को भी नहीं भूलता जिसके कारण सजनी का मन सूखे पुआल जैसा हो आग जोहने लगा है जब कि कामकुम्भों से लोर टपक रही है। देह की ऊष्मा, फसल की ऊष्मा और मौसम की ऊष्मा - प्रेमी इन सबको बयाँ कर रहा है और स्वराभिनय से मिलन की उच्छृंखल कामना को भी व्यक्त कर रहा है। खेत में तो वह भी साथ में काम में लगा है लेकिन जमाना जालिम है, क्या करे? फसल कटाई से लेकर गोदाम में रखे जाने में हुई लसर फसर तक अपनी छिपी कामना को व्यक्त करता प्रेमी अपनी संगी के सारे कष्टों और उनसे मुक्त हो किसी की प्रेमिल छाँव में छँहाने की उत्कट इच्छा को व्यक्त करता है – बस एक कामना है कि अतिश्रम और धूप के कारण काली पड़ चुकी देह को बगीचे में तुम्हारी छाँव में विश्राम दूँ।
इस गीत में रागोत्सव मनाने को सबका आह्वान है। टन टन जीने की शुभेच्छा के साथ तेजू को बुलावा है, जनार्दन को बुलावा है और रामसूरत को भी बुलावा है। इसमें छोटू बाबा हैं, पत्रा देख साइत बताने वाले पवन बाबा हैं (गरमाया पवन मिलन का मुहुर्त बताने वाला पंडित हो गया है!), दिल्ली जा बसे प्रवासियों की भी बात है जो परशुराम बाबा को महेश भैया के साथ गाँव गाड़ा छोड़ महानगर आने को प्रेरित करते रहते हैं। गायक संक्रामक उल्लास में समूचे गाँव को समेट लेता है – चाहे पसन्द करें या न करें!
इस गीत में केदार के गाये चइता में ढोलक का साथ देते स्वर उहूँ, उहुँ, उइ, उइ का रूप उच्छृंखल हो ‘आउ’ के रूप में हर अंतरे के पहले आता है – सुरतक्रीड़ा के नागर स्वर उह या आउच का लोकरूप। इसमें जो जीवन्तता आ गई है, वह अन्यत्र दुर्लभ है।
चढ़ल जवानी हमार भइल बा महुवा
अब न कटाई दीदी हमरा से गँहुवा
बथे कलाई हम चूर चूर न धरातारे मूठी
दिदिया रे! बड़ा गड़ता खूँटी।

जरता चाम घाम लागता बड़ा
देहिया मुलायम सारा भइल जाता कड़ा
भइल बइमान हमार धुपे में बेना
सुखत नइखे हमरा देह के पसेना
कुहले बदन हमार कोर कोर
हम बइठीं ना ऊठीं
दिदिया रे! बड़ा गड़ता खूँटी।

डाँड़ में दरद होला काटिं जब निहूर के
गोड़वो में चूभे बड़ा रहिलें सिहूर के
लारा पुआर भइल जातालें मनवा
गरम ताव झोंकताने पवनवा
जोबन से चुवतलें लोर लोर
अब देबे ना छूटी
दिदिया रे! बड़ा गड़ता खूँटी।

लागल तारास एगो ईहे बा ईच्छा
महेस खेसारी सँघे बइठीं बगीचा
लसर फसर भइल चाचा गोदाम में
अब नाहिं मन हमार लागता काम में
करिया हो गइल देह गोर गोर
बड़ा फेंक त लूटीं
दिदिया रे! बड़ा गड़ता खूँटी।