सोमवार, 15 अप्रैल 2013

हीर पुखराज पूजा

कृष्णावतार शृंखला में कन्हैयालाल मुंशी को पढ़ते हुये मानव कृष्ण के प्रेमिल अवतार होते जाने को जाना। देवकी, यशोदा, शैव्या, सत्या, रुक्मिणी, कृष्णा ... इन सब पर छाया प्रेम, जाने कितने विविध रूपों में!

व्यास को अमर मानता वही लेखक इस युग की कालभूमि में रचे गये एक दूसरे उपन्यास ‘तपस्विनी’ में प्रेम की सान्द्रता का साक्षात्कार कराता है, एक स्त्री का प्रेम नायक में जरा जर्जर व्यास को उतारने का चमत्कार कर दिखाता है। सम्वेदनायें, प्रेम की गहनता, समर्पण उस अतीन्द्रिय भावभूमि में ले जाते हैं जहाँ चमत्कार विश्वसनीय हो जाते हैं, अतार्किक होते हुये भी सब कुछ बहुत प्यारा सा, वांछनीय लगने लगता है – इन गलियाँ दिल न दिमागाँ!  

अमृता प्रीतम ने साहिर को किस दृष्टि से, किस भावभूमि में देखा, सुना और जिया, जाने इमरोज और अमृता किन तंतुओं को बुनते रहे; पता नहीं लेकिन उस देस जाने पर भीगना हो ही जाता है, तब भी जब कि यह इश्क़ अपने टाइप का नहीं लगता!

अमृता की दीवानी हरकीरत हक़ीर हीर अनुभूतियों के ठाँव चलती राँझड़ा के लोक में पहुँचा देती है, जाने कौन है वो! मन में घुमंतू लोकगायक के स्वर उमड़ने लगते हैं:

  
छेजी तेरी सहू तेरा सो गिआ; मैं सच दी आख सुनाई...
दिल दरिया समुन्दरों डूँगा, कौन दिलाँ दी जाने?
बिचे बेरी, बिचे चप्पा, बीचे बंझ मुहाने!
चौदारी टबक बन्दे बिच बस गे, तम्बू वांगो ताने!
जे कोई ठाठ दिलाँ दी बुझे, हर दम खुशियाँ माने!


हरकीरत की कविताई में हीर की यह दीवानगी दिखती है - सुगन्धित चमेली फूली है, आ मेरे प्रियतम, चुन लो!

नंगे पिंडे चोटाँ मारिआँ, मेरी हुंदी नैन निमानी
जिहिआँ चोटाँ तन मेरे लाईआँ, तेरे इक लगे ताँ जाने!
...सुत्ता ही, ताँ जाग पिओ, चुगलाँ फल चमेली


हीर के ब्लॉग पर जाना माने उस पुकार को सुन पाना – कोई कहियो रे ...

गुमसुम खड़ी हवाएं 
दरारों से आहें भरती रहीं 
कोई रेत का तिनका 
आँखों में लहू बन जलता रहा 
घुप्प अँधेरे की कोख में 
वह दीया  जला लौट आती है 
किसी और जन्म की 
उडीक में .....!!


हृदय का स्पंदन 

आँख , कान श्वास -प्रश्वास
सब कुछ शून्य  मुद्रा में नि:शब्द है 
रात सुब्ह  के ब्रह्म मुहूर्त की प्रतीक्षा में बैठी  है 
वह आज पावन कुम्भ के जल से 
कर लेना चाहती है आचमन ...

पारुल ‘पुखराज’ अपने परिचय में कहती हैं - किसी नखत के मेघ हैं बेबखत बरसे जा रहे। कहते हैं कि अंगुली में पहना गया पीत पुखराज शुभ ले आता है लेकिन किसी ने उससे चाँद गढ़ नभ पर टाँक दिया हो तो? धरा पर अमृत बरसता है। उत्कृष्ट साहित्य, गीत, संगीत संकलनों के बीच बीदरी की बात देखिये:

beedaree

पारुल रेडियो पर भी हैं। कभी कभी अपनी कविताओं से पाठकों को महादेवी और प्रसाद जैसों की स्मृति करा देती हैं:

 praanpan

बंगलुरू में कार्यरत हैं ब्लॉगर पूजा उपाध्याय। विज्ञापन संसार में कॉपीराइटर पूजा का लेखन ऊपर की दो ब्लॉगरों से एकदम अलग है – चुलबुला, बिन्दास और अलग सा फ्लेवर लिये संजीदा भी। अपने पाँव जमाये जमाने को चुनौती सी देती एक स्त्री जिसे पढ़ना नव्य लेखन के नगीने देखने जैसा होता है। परिचय में कहती हैं:

 
Some people break rules...some make them...I belong to the second category. I love playing with words,they have been my friends for life. This blog is an extension of myself... Some day I will make a movie...or a couple of them...and write a book...and do so many things... I want to live my life...every moment of it...AND ON MY OWN TERMS

और उसके बाद पूछती भी हैं:
You're going to the moon! What did you forget to pack?

शायद ही ब्लॉग जगत में किसी स्त्री ने अपने प्रियतम पर वैसे लिखा होगा जैसे पूजा ने लिखा है! आप मुग्ध होते हैं और तभी चुपके से वह किसी वाक्य में चुनौती छोड़ देती हैं, सोचते होगे काश! ऐसी एक लड़की मेरी भी होती लेकिन ऐसी लड़की का पिता होना बहुत बड़ी कठिन...

पढ़िये एक अम्ल का माफीनामा:
aml

_____________________
308040_182672258536863_30951698_n

अब तक:
प्रतिभा शिल्प

हीर पुखराज पूजा
आगे:
शैल शेफाली रश्मि
अनु अल्पना
अर्चना आराधना
वाणी रचना
shiv

शुक्रवार, 12 अप्रैल 2013

प्रतिभा शिल्प

इस देश में सेकुलरिज्म वैसे ही है जैसे सब्जियों में टमाटर। उत्तर भारत में दोनों कमबख्त बात बेबात और दाल तरकारी में आदतन डाल दिये जाते हैं, कभी तड़के के रूप में तो कभी पूरे कॉंसेप्ट का कबाड़ा करते हुये।
कई दिनों पहले सेकुलरिज्म के प्रदूषण से दुखी मैं ब्लॉग जगत में ऐसे ही भटक रहा था कि
प्रतिभा सक्सेना के ब्लॉग लालित्यम् के आलेख वाह टमाटर आह टमाटर पर पहुँच गया। पढ़ने के पश्चात मेरे मन में हुआ बिंगो! यही तो सेकुलरिज्म है! कहना न होगा कि मैं इनके लेखन से भयंकर प्रभावित हो गया।

tamatar

आगे पढ़ने पर इनके परास का पता चला और एक अकादमिक के प्रति जो गहन आदर भाव होना चाहिये वह उमगता पगता चला गया। द्रौपदी पर उपन्यास हो या पात्र भानमती के माध्यम से चुटकियाँ, इनकी लेखनी सिद्धहस्त है।
इनकी प्रतिभा बहुआयामी है। शिप्रा की लहरें ब्लॉग पर लोरी, दोहे, सोरठे और विविध काव्य मिलेंगे तो लोकरंग में विवाह गीत, बटोहिया, बाउल के फ्लेवर। मन: राग में लम्बी कविताओं के छ्न्दमुक्त और छन्दबद्ध उदात्त सौन्दर्य के दर्शन होते हैं तो स्वर यात्रा में शब्दों के संगीत सुनाई देते हैं। गद्य और पद्य में समान रूप से सिद्धहस्त प्रतिभा जी मौन साधिका हैं और गम्भीर पाठकों के लिये सरस्वती की निर्झरिणी!

शिल्पा मेहता अभियांत्रिकी क्षेत्र से हैं और जीवन समुद्र के किनारे रेत के महल बनाती हैं। अपने लेखन को जिन दो और खंडों में इन्हों ने बाँट रखा है, वे हैं - आराधना और गणित और विज्ञान। आराधना पर धर्म, विज्ञान और दर्शन से सम्बन्धित सामग्री है, गणित और विज्ञान तो नाम से ही स्पष्ट है।

इनके अतिरिक्त भी इनकी बहुआयामी प्रतिभा का अनुमान इनके लेखों के शीर्षक देख कर ही लगाया जा सकता है।  

ret_ke_mahalनिरामिष आन्दोलन हो या धर्म, पूर्वग्रहों के तर्क हों या तार्किक दिखते पूर्वग्रह - टिप्पणियों और बहस में दिखते शिल्पा जी के अकादमिक विश्लेषण अनूठे होते हैं। अपनी बात दृढ़ता और निर्भीकता के साथ रखती हैं, पॉलिटिकल करेक्टनेस के चक्कर में घुमाती फिराती नहीं।
इनके द्वारा रची जा रही सरल रामायण आम जन के लिये गेय है। पूर्वाग्रह और सभ्यता, शासन, क़ानून व्यवस्था की लेखमालायें गहरी अंतर्दृष्टि का परिचय देती हैं। न्यूरल नेटवर्क और अन्य गणित एवं विज्ञान विषयक आलेख हिन्दी ब्लॉगरी में एक रिक्त से स्थान की पूर्ति कर रहे हैं।

बहुआयामी प्रतिभासम्पन्न ये दोनों शिल्पी ब्लॉगर ऐसे ही सक्रिय रहें, हम सबको अपने नियमित लेखन से समृद्ध करते रहें; यही कामना है।

308040_182672258536863_30951698_n

अगले अंकों में:
हीर पुखराज पूजा
शैल शेफाली रश्मि
अनु अल्पना
अर्चना आराधना
वाणी रचना
shiv

गुरुवार, 11 अप्रैल 2013

नववर्ष

आज नववर्ष का पहला दिन है - विक्रमी संवत 2070 के प्रथम मास चैत्र के शुक्ल पक्ष की पहली तिथि यानि प्रतिपदा। आदि काल से ही सूर्य की आभासी गति और ऋतुओं के सम्बन्ध को मनुष्य जानता समझता चला आया है। भारत के मनीषि प्राकृतिक व्यवस्था को बहुत उदात्त रूप में देखते थे और उसे एक अर्थगहन नाम दिया – ऋत। रीति-रिवाज की 'रीति' भी इसी ऋत से आ रही है।
ऋत व्यवस्था में किसी निश्चित कालावधि को उसमें निश्चित बारम्बारता में होने वाले परिवर्तनों, जलवायु और दैहिक प्रभाव लक्षणादि के आधार पर 'ऋतु' नाम दिया गया। शस्य यानि कृषि का सम्बन्ध भी ऋतु चक्र से है। भारत में छ: ऋतुयें पायी गयीं - वसंत, ग्रीष्म, वर्षा, शरद, शिशिर और हेमंत। इनमें वसंत पहली ऋतु थी।
इस ऋतु में वनस्पतियाँ पुराने वसन यानि पत्तियों रूपी वस्त्र का अंत कर नये धारण करती हैं। समूचे जीव जगत में नये रस का संचार होता है इसलिये इस समय को नवरसा भी कहा गया। घास पात तक फूलों से लद जाते हैं इसलिये वसंत कुसुमाकर भी कहलाता है। वैदिक युग में वसंत से प्रारम्भ हुआ एक वर्ष संवत्सर कहलाता था। अथर्ववेद के तीसरे मंडल की संवत्सर प्रार्थना में नववर्ष प्रारम्भ का बहुत ही  अलंकारिक वर्णन है जिस पर विस्तार से चर्चा फिर कभी।
samvatsar


उत्तरी गोलार्द्ध की पुरानी सभ्यताओं ने जाना कि वर्ष में जिन दो दिनों में दिन और रात बराबर होते हैं उनमें से एक वसंत ऋतु में पड़ता है। काल के पहेरू पुरोहितों ने नवरस के इस दौर को उत्सवों और अनुष्ठानों का रूप दे दिया। चूँकि इस विषुव दिन का सटीक प्रेक्षण आसान था और फसलों के कटने पर अन्न भी घर में आता था जिससे ढेरों आर्थिक व्यापार भी जुड़े थे, इसलिये जनता ने भी इसे स्वीकार किया और इस दिन से नया वर्ष और उसके आसपास के कालखंड में उससे जुड़े उत्सव प्रारम्भ होने लगे।
वैश्विक प्रसार वाले आज के ईसाई ग्रेगरी सौर कैलेंडर में यह दिन 20 मार्च को पड़ता है।
भारत गणतंत्र के आधिकारिक राष्ट्रीय शक संवत का पहला दिन चैत्र 1 भी वसंत विषुव के अगले दिन से प्रारम्भ होना निश्चित किया गया जब कि पुराने समय में कभी सूर्य मेष राशि में प्रवेश करता था।

ग्राफिक्स आभार: http://www.carnaval.com/precession/
ग्राफिक्स आभार: http://www.carnaval.com/precession/
20/21 मार्च को वसंत विषुव मान कर राष्ट्रीय शक संवत को 22 मार्च के दिन से प्रारम्भ होना तय किया गया हालाँकि पृथ्वी के घूर्णन अक्ष की लगभग 26000 वर्ष लम्बी आवृत्ति वाली एक गति के कारण इस दिन अब सूर्य मीन राशि में होता है। आगे के कुछ सौ वर्षों में यह खिसकन कुम्भ राशि पर  पहुँच जायेगी।
 
ग्राफिक्स आभार: http://www.carnaval.com/precession/
सन् 1582 में हुये ईसाई कैलेंडर संशोधन में  गिनती के 11 दिन कम कर दिये गये। उसके पहले जो नववर्ष 1 अप्रैल को मनाया जाता था, उसे 1 जनवरी से प्रारम्भ किया जाने लगा। कैलेंडर संशोधन के बाद भी जिन लोगों ने 1 जनवरी के बजाय 1 अप्रैल को ही नववर्ष मनाना जारी रखा उन्हें तिरस्कार स्वरूप 'मूर्ख' संज्ञा दी गई और April Fool की परम्परा प्रचलित हुई जिसने बाद में वसंत विषुव पर्व से जुड़े मोद मनाने की पगान विधियों से जुड़ कर एक दिन के उत्सवी नयेपन को जन्म दिया।
ईसाई कैलेंडर पूर्णत: सौर गति पर आधारित है जब कि भारत  का पारम्परिक पंचांग आदि काल से ही सूर्य और चन्द्र दोनों गतियों से निर्धारित होता रहा। दिन में चलते दिखते सूर्य के पथ को रात के आकाश  में 27  तारासमूहों (नक्षत्रों) में बाँट दिया गया। सौर पंचांग वालों ने इसे 12 भागों यानि राशियों में बाँट रखा था। दोनों की संगति बैठाने में 12 महीनों के नाम 27 नक्षत्रों में से उन 12 के आधार पर रखे गये जिन पर कि पूर्णिमा के दिन चन्द्रमा होता था जैसे चित्रा (spica) पर हो तो चैत्र, विशाखा पर हो तो वैशाख आदि। मास निर्धारण की दो पद्धतियाँ प्रचलन में आईं - अमांत और पूर्णिमांत। अमांत यानि अमावस्या के दिन महीने का अंत, पूर्णिमांत यानि पूर्णिमा के दिन। इनके अनुसार वसंत ऋतु (Spring) का विस्तार आधा फागुन+चैत्र+आधा वैशाख या चैत्र+वैशाख तक होता है। पारम्परिक पंचांग के महीने चन्द्र आधारित होने के कारण इसमें लम्बी कालावधि में वसंत विषुव की राशियों पर खिसकने से जुड़ी नाम निर्धारण वाली समस्या नहीं है। इसमें हर तीसरे वर्ष अधिकमास के संयोजन द्वारा वर्ष के अंतर को भी समायोजित कर लिया जाता है साथ ही यह भी सुनिश्चित रहता है कि किसी भी महीने की पूर्णिमा के दिन चन्द्रमा उसके नाम से सम्बन्धित नक्षत्र राशि में ही होगा।  
ईसाई कैलेंडर, भारतीय पंचांग, महीने, ऋतुयें और प्रमुख पर्वों का यह इस्कॉन संस्था द्वारा दिया गया ग्राफिक्स संकलन उपयोगी है:  
calendar2
वसंत को दिया गया महत्त्व उल्लेखनीय है कि संवत्सर या वर्ष के प्रारम्भ और अंत इसी ऋतु में रखे गये हैं। फाल्गुन का होलिका दहन भोजपुरी क्षेत्र में 'सम्हति फूँकना' कहलाता है। सम्हति संवत का ही बिगड़ा रूप है। यह दहन प्रतीकात्मक रूप से जाते हुये संवत का है जिसमें मन और देह के सारे मैल जला दिये जाते हैं। अगला दिन रंगपर्व नये रंग से अस्तित्त्व रँगने का प्रकृति से जुड़ा विधान है। चन्द्रमा के एक पक्ष यानि चौदह दिनों के अंतराल के पश्चात शुक्ल पक्ष के प्रारम्भ में होने वाला नवरात्र आयोजन आगामी वर्ष के लिये स्वयं को तैयार करने का तप आयोजन है। रबी की फसल का अन्न घर में आ जाता है तो राम जी की कृपा से आये नये अन्न के स्वागत में रामरसोई सजती है रामनवमी के दिन जब कि नये आटे से बने व्यंजन पहली बार खाये जाते हैं। वैदिक युग के नये सत्र आयोजन भी ऐसे ही पुरोहित, कृषक और व्यापारी वर्ग द्वारा संयुक्त रूप से किये जाते थे। दुर्गा पूजा की परम्परा की साम्यता ढूँढ़े तो हम पाते हैं कि स्त्री शक्ति की कल्पना अथर्वण संहिता की संवत्सर प्रार्थना में भी है।
 
img1130403059_1_1
पश्चिम भारत में यह दिन वृहद आयोजन का होता है और इसे गुड़ी/ढी पड़वा कहते हैं। 'पड़वा' संस्कृत के प्रतिपदा का ही प्राकृत 'पड्डवा/वो' से हो कर आया रूप है। प्रकृति के विभिन्न स्वादों को मिश्री, नीम पत्ती, आम्र मंजरी के रूप में इकठ्ठा कर जरी के रंगीन कपड़े में बाँस के सिरे पर बाँध दिया जाता है। उसके ऊपर फूलमाला और चाँदी, ताँबा या पीतल का लोटा उलट कर रख दिये जाते हैं। सौभाग्य आगमन के सूचक इस प्रतीक 'गुढी' को ऊँचाई या खिड़की पर प्रदर्शित किया जाता है। कोंकण क्षेत्र में यह प्रतिपदा यानि पड़वा 'संसर पाडवो' नाम से मनायी जाती है। 'संसर' संवत्सर का अपभ्रंश है।  
 सिन्धी लोग चैत्र माह में शुक्ल पक्ष के पहले चन्द्र दिन को 'चेटि चाँद' नाम से मनाते हैं। कश्मीरी पंडित नवरस का यह उत्सव 'नवरेह' नाम से मनाते हैं।
  दक्षिण में यह पर्व 'उगाडि' या 'युगाडि' नाम से मनाया जाता है जो कि संस्कृत 'युगादि' यानि युग के प्रारम्भ का द्योतक है।
उल्लेखनीय है कि 'युग' शब्द का प्रयोग संवत्सर के लिये भी होता है। यहाँ युग का संकेत वर्ष में छ: छ: महीने के  उन दो अर्धांशों से है जिनमें सूर्य क्रमश: उत्तरायण और दक्षिणायन होते हैं। वैदिक युग में पाँच वर्ष का काल युग कहलाता था।  
कालांतर में ज्योतिष गणना में वृहस्पति और शनि गतियों के संयोग ने संवत्सरों को नाम देने का चलन प्रारम्भ किया। बारह राशियों के चक्र को पूरा करने में वृहस्पति को 12 वर्ष लगते हैं जब कि धीमे यानि शनै: चलने वाले शनैश्चर शनि को 30 वर्ष। इनका लघुत्तम समापवर्त्य (LCM – Lowest Common Multiple) है - 60। हर साठवें वर्ष वृहस्पति और शनि वर्ष की प्रारम्भ राशि मेष पर एक साथ होते हैं, इसलिये 60 संवत्सर नामों का चक्र चलता है। वाराहमिहिर के पहले तक यह चक्र 'विजया' नाम से प्रारम्भ होता था, उनके बाद 'प्रभाव' नाम से प्रारम्भ होने लगा। वर्ष  2070 वि. का नाम है 'पराभव'। 

इस वर्ष समस्त अशुभ का पराभव हो। नववर्ष आप के लिये मंगलमय हो। 
img1130404065_1_2
__________
ॐ
एक पुराना लेख यह भी : नवरसा 
__________

सोमवार, 1 अप्रैल 2013

जाना ही नहीं चाहिये था!

उस घर में चोरियाँ अधिक होती हैं जिसमें प्रार्थनायें अधिक पढ़ी जाती हैं, डकैतियाँ भी खूब पड़ती हैं! प्रार्थी को आँसू भले भले न लगें उसे भले अवश्य लगते हैं जिसकी स्तुतियाँ गाई जाती हैं।
सोचता हूँ कि किसी क्षण समूचे ब्रह्मांड में खिल रही मुस्कानों को इकठ्ठा कर उस घर में ले जाऊँ और कहूँ कि कोई बात नहीं, आँसुओं को बहने दो, अपना आँचल पसारो और इन्हें ले लो। कल की तुम्हारी प्रार्थना और उल्लासमयी होनी चाहिये लेकिन हो नहीं पाता, कुछ चोरियाँ आकस्मिक मृत्यु से भी अधिक अवसाद छोड़ जाती हैं।
जब सब हट जाते हैं तो उस कोने में जा खड़ा होता हूँ जहाँ एक निर्वात यथावत सधा है इसके बावजूद कि तमाम साँसें वहाँ पूरक भर कर छोड़ी गईं। तमाम प्रशंसाओं के बाद भी अभिनय तो अभिनय ही होता है, सोचता हूँ कि घर पहुँच कर सहानुभूतियाँ कितनी उन्मुक्त हँसी हँसती होंगी!
निर्वात मुझसे भी सामान्य नहीं होता हालाँकि मैं सच में अनुभूतिमय हूँ।  कोई भीतर कहता है- तुम समर्पण में झुकते नहीं, तुझमें  अहंकार हर पल रहता है। उसका तना ऐसे झंझावातों में केवल टूटने के लिये होता है। मैं असहमत होता हूँ और कहता हूँ कि केवल प्राकृतिक होना और सच में परदुखकातर होना ही पर्याप्त होना चाहिये। एक के भी ऐसे होने से सब भर जाना चाहिये।
वह उत्तर देता है - यह केवल सद् इच्छा भर है जो मात्र मिथकों में वस्तु रूप लेती है। अच्छी है, जीना आसान कर देती है लेकिन उसके आगे बाँझ होती है।
असहमतियों और तीखी नोक झोंक के बाद किनारे चुपचाप बगल में बैठता हूँ। मौन के उन क्षणों में आम बौराते हैं, गेहूँ के खेत पकते हैं, पक्षी चहकते हैं, हवायें मलयानिल होती हैं - सब चुराये जाने के लिये! ... ऐसा बहुत कुछ होता है केवल इसलिये कि मुझमें वह अब भी है जो तुम्हारे भीतर के उस से खिंचता है।
अपना खिंचना और यूँ चुकना सहा नहीं जाता, निर्वात का सूनापन कहा नहीं जाता। औपचारिक उदासी ओढ़ लोकाचार निभा कर चला आता हूँ।
लगता है कि जाना ही नहीं चाहिये था! 
2013-03-29-207

रविवार, 31 मार्च 2013

जतिगो सम्हति - अंतिम भाग

(पिछले भाग से आगे)

(4)

उस साल की होली के बाद जब जुवा नाग दुबारा गाँव वापस आया तो अकेला नहीं था, उसके साथ उसकी विवाहिता सोमा भी थी। घर पहुँच कर उसने दुआरे ही माँ बाप से कहा – मुझे जो ठीक लगा, किया और आप लोगों को भी बिना किये ही उसका मौका दे देता हूँ। आज से इस घर से मैं खुद बाहर होता हूँ। आप लोग कई गँवई मुसीबतों से बच जायेंगे।

जिन लोगों ने देखा सुना उनकी मानें तो पंडित पंडिताइन दोनों ऐसे चुप रहे जैसे उनमें पहले से ही सहमति बन गई थी। आशुतोष पांडेय और सोमा नाग ने अपनी पलानी चमटोली में बनाई। खरहरा पंडित ने नागिनबासा नाम दिया और गाँव में वे नाग नागिन नाम से प्रसिद्ध हुये। दोनों ग़ायब होते तो महीनों पता नहीं चलता। उनकी संदिग्ध हरकतों से खरहरा पंडित में दुविधा ने प्रवेश किया – सबजन कि बहुजन? आ कि कमनिस्ट?  

अहिरटोली के जुवा वर्ग ने एक बार चँचरा काट कर तसदीक भी कर लिया कि उनके यहाँ सिवा कुछ किताबों और अलमुनिया भँड़सा के कुछ नहीं था। बाकी गाँव के हिसाब से असतोसवा जैसा पतित इतिहास में पैदा नहीं हुआ। इतिहास माने पुरनियों को याद रह गईं गाँव जवार की बिसभोरी बातें!

उस साल एक और ऐतिहासिक घटना हुई – सम्हति न रखी गयी और न जली। सभी जातियों की घरनियों ने अपने अपने सँवागों को जी भर कर कोसा और देह से छूटी बुकुवा झिल्ली को दूसरे गाँव की सम्हति में फेंक आने के लिये अपनी अपनी औलादों को दौड़ा दिया। बीते सालों की आस कि अंत समय अपने गाँव भी जल ही जायेगी, उस साल न फली।

सुबह का उजाला हो ही रहा था कि चमटोली की ओर से धुँआ उठा। हल्ला होने पर जब वहाँ लोग इकट्ठे हुये तो देखा कि नागिनबासा धू धू कर जल रहा था। असतोसवा जाने कौन सी भाषा में चिल्ला रहा था जिससे सिर्फ यह अनुमान लगाया जा सकता था कि होली के दिन गाँव में पुलिस आयेगी और अपनी बेंत को सबके गुह से तृप्त करेगी।

“किसने किया यह?”

यह प्रश्न सबकी जुबान पर तो नहीं लेकिन मन में अवश्य था। निरगुन ने फुसफुसा कर छ्ट्ठू से कहा – खुदे फूँक दिये होंगे सब। नागिन को देखो, कैसे घूर रही है!

“खुदे काहें?”

“असतोसवा सम्हति के बिरोध में तो था ही, क्या पता अब होली को भी बन्द करवाना चाहता हो?”

छ्ट्ठू से रहा नहीं गया, सुनाई पड़ने वाली आवाज़ में बोल पड़ा – तुम्हारे जैसा चूतिया भी इतिहास में कभिये कभार पैदा होता है! 

कानाफूसी को नोट करते हुये सीरी ने निर्लिप्त भाव से खरहरा को देखा, दो मित्रों की आँखों ने बातें की और बीच के मौन मुस्कान ने पुष्टि की कि नागिन पेट से थी!

छ्ट्ठू को महातम कोइरी के क़त्ल के बाद आई पुलिस की याद हो आई। जाने क्यों भीतर तक थरथराहट भर गई।

(5)

थानेदार बल्लभ पाल को लेकर गाँव में पहले से ही कंफ्यूजन था - गड़रिया है या बबुआन? चूँकि इस मामले में किसी को भी मुलजिम नहीं कहा जा सकता था और कोई भी मुलजिम हो सकता था और ले दे के एक झोंपड़ा ही फूँका गया था जिसके रहवासी ‘भारत के मूल निवासी वर्ग’ से नहीं आते थे इसलिये पुराने इतिहास को देखते हुये बल्लभ पाल की जात जानने का यह बहुत ही उपयुक्त अवसर था क्यों कि कोई खतरा था ही नहीं! गाँव प्रसन्न था।

महातम हत्याकांड में अपने सीनियर के साथ अब के थानेदार पाल भी आये थे। इतने हरामी गाँव से होली के दिन घटना की सूचना मिलने पर एक दिन भी चुप नहीं रहा जा सकता था – क्या पता उस कांड की कोई कड़ी ही हाथ लग जाय! पाल को अच्छी तरह से वह दिन याद है...

 

...सीरी के दुआरे पिटे तुड़े बाभन बबुआन इकट्ठा थे। सब चुप थे। थानेदार यादव जी की बातों का जवाब या तो सीरी देता या हरख पाँड़े।

“क्या हुआ था?”

“अइसहीं ...मारपीट”

“उसी जमीन के लिये न जिसके कारण मर्डर हुआ है?”

“साहब, टैम तो वही था लेकिन जमीन का कोई मामला नहीं था।“

“भोंसड़ी के क्या सब ऐसे ही तुड़े तुड़ाये खड़े हैं?”

“देखिये साहब, गाली गुप्ता न दीजिये। जैसा कि कहा है – यह केवल संयोग है कि मारपीट उसी दिन हुई लेकिन मामले दो थे। इधर जो मारपीट हुई वह इसलिये हुई कि किसी के घर में कोई घुसा था। इज्जत आबरू का मामला है, सबने सलट लिया है, इससे अधिक हमलोग कुछ न बता पायेंगे।“

“अभी चार को थाने ले जा कर रगड़ना शुरू करेंगे तो सब बकने लगेंगे। बताते हो या?”

इस प्रश्न के उत्तर में सीरी बाबू ने अपना मोबाइल हाथ में ले लिया – आप जैसा उचित समझें, करें। सम्पर्क और भी हैं और आप की उगलवाई बकचोदी को कोरा बकवास साबित करने के सूत्र भी। हासिल कुछ नहीं होगा, पुलिस प्रशासन की बदनामी जरूर होगी। रही बात पिटाई की तो जैसे उतनी सही वैसे और भी सह लेंगे। कोइटोले से कोई किसी बाभन बबुआन का नाम ले ले तो फिर से आ जाइयेगा। हमलोग यहीं हैं।

 

धमकाने के बाद यादव जी कोइटोले गये जहाँ पुलिस के जवान पहले से ही फील्ड वर्क में लगे थे। एक स्वर में सबने अहिरटोली के जुवाओं का नाम लिया लेकिन यहाँ भी लेकिन लग गई!

कोई एक या दो नाम न बता कर टोली के सब पर इलजाम लगाया गया। मामला ऐसा समझ में आया कि भीड़ में दो पक्षों के बीच लाठियाँ चलीं और उन्हीं में से कोई एक लाठी प्राणघातक साबित हुई। मजे की बात यह कि जिस छ्ट्ठू यादव के ऊपर कब्जे का इलजाम था, वह उस दिन गाँव में था ही नहीं! इसकी तसदीक हर टोली ने की।

थानेदार यादव जी ने ग़ैर इरादतन हत्या का केस बना कर अहिरों को बचाने का  मन बना लिया – थोक में गिरफ्तारी और तुड़ाई। बाद की बाद में। हर टोली पट्टी से कुल मिला कर बाइस जन पकड़े गये जिनमें अधिकतर पहले से ही घायल थे। दुआर पर सीरी और खरहरा के दुस्साहस दिखाने और चालाकी बघारने का दंड बाभन और बबुआन टोली के जुवा बर्ग ने खास बेंतों के रूप में भोगा। तुड़इया तो खैर सबकी हुई। महीनों बाद जमानतें एक एक कर हुईं और मुकदमा शुरू हुआ, सबने राहत की साँस ली – केस का तो अब रामे मालिक।  महातम की मुसमात में कितना दम? और यादव जी तो अपनी जात बिगाड़ने से रहे!...

 

... “साहब! नमस्ते... कहाँ आज होली के दिन?”

खरहरा पंडित के अभिवादन से पाल वर्तमान में गिर पड़ा। उसने बुरा सा मुँह बनाते हुये पूछा – गाँव के बाहर रहते हो क्या बे? साले, हमें शौक चढ़ा है तुम लोगों का दर्शन करने का?

गाली की कोमलता और तड़क में कमी से पंडित ने अनुमान लगाया – गड़रिया ही है। प्रकट में बोल पड़ा – अरे साहब! ऐसी छोटी सी बात पर आप भी अंग्रेजी के चक्कर में आ गये!

“अंग्रेजी?”
“हाँ, नगवा आप के यहाँ जा कर अंग्रेजिये बोला होगा तभी तो आ पहुँचे!”

“नगवा! कौन नगवा?”

“हे, हे, हे ...अरे साहब! नहीं जानते? इस गाँव में असतोसवा को नाग कहा जाता है। दिल्ली से एक ठो नागिन बझा के लाया, महतारी बाप को लात मार कर घर से बाहर हो गया। बाभन की औलाद जाने किस जाति की घरैतिन कर के चमटोली में रहता है। सब तर त्यौहार को ढोंग पोंग कहता है और सभी सबरनों को यूरिया नस्ल। ... गाँव में तो कल सम्हति भी नहीं जली! किसी का घर कोई क्यों फूँकेगा, वह भी बिहाने बिहाने? नागिन पेट से है साहब! रात में रखी दीया ढेबरी गिर सिर गई होगी। फुसऊ घर में कितनी जान?”

“ठीके कहता है। तुम लोग हो ही ऐसे हरामी! ... उसने सम्हति नहीं जलने दिया? उसकी बीवी पेट से है?”

‘मेन पाइंट से बहक गया! सरवा पक्का गड़रिया है’ - पंडित मन ही मन अपने अनुमान की पुष्टि से प्रसन्न हुआ। प्रकट में बोल पड़ा – अरे! वह क्या खा के रोकेगा भला? आप तो जानते ही हैं पुराना कांड! तभी से सब उचाट हो गया। सीरी भाई जैसे तैसे कर के जलवा देते थे लेकिन इस साल तो वह भी फेल हो गये। मेरी बात पर भरोसा न हो तो असतोसवा और उसकी औरत से खुदे प्राइवेट कर लीजिये।

थानेदार पाल को जल्दी थी। उसने नाग नागिन जोड़े से पूछ्ताछ की, अपने तरीके से गर्भ की सूचना की पुष्टि कर उसने उन्हें समझाया कि हो सकता है किसी ने कुछ न किया हो, किसी और कारण आग लग गई हो। सतर्क रहने की हिदायत दे चलने से पहले उसने उन्हें ‘हैप्पी होली’ भी बोला।

छिप कर सुनते सीरी बाबू ने हैप्पी सुना और पक्का समझ गये कि यह पाल तो वो वाला है!

छ्ट्ठू ने पंडित की वह सराहना शुरू की कि कोई सुनता तो उनके अपोजिट पार्टी में होने का विश्वास ही नहीं करता।

(6)

खटिया का ओनचन छोड़ खरहरा पंडित और सीरी बाबू अपने अपने मनधुन में टहलते अब तक थोड़ी दूर निकल आये थे। दिन डूब रहा था। देर का मौन पंडित ने तोड़ा – तो क्या होगा इस साल? सम्हति रखी जायेगी कि नहीं?

सीरी बाबू ने देखा कि वे दोनों उस तिराहे पर खड़े थे जहाँ से अलग अलग टोलों को रास्ते फूटते थे। उन्हों ने बगल की बँसवारी से कइनबाँसा तड़का लिया। कमर से छूरी निकाल उसका टूटा सिरा पैना किया और हुमच के कोने में अपने खेट में गाड़ दिया – गड़ गई सम्हति!

पंडित चौंके,“यह क्या? ... अपने खेत में? हर साल के बिमारी”

“तो तुम्हारे में गाड़ दें? कहीं न कहीं जमीन पर ही गड़ेगी न? पुरनियों को मरने पर अपने खेत में फूँक दिया जाता है और बाद में जगह जोता जाती है। इसमें कैसा भेद?”

बगल में रखे पतहर के दो बोझे दोनों ने उठा कर वहाँ जमा दिये।

लौटते हुये पंडित ने पूछा – लेकिन इससे होगा क्या? लोग तो शामिल होने से रहे!

“क्यों नहीं शामिल होंगे? सब परपंच के बाद भी गाँव के लोग सुख दुख में शामिल होते ही हैं। सम्हति भले न जले, होली में भेंट मुलाकात मनावन होती ही है। सम्हति को टेंशन का एक बहाना बना लिया है लोगों ने। असो जतिगो सम्हति होगी – हर जाति की अपनी अपनी।“

पंडित इस प्रस्ताव पर भौंचक्के थे।

अगले दिन सीरी बाबू के दुआर पर मीटिंग हुई – सब जाति जुटी। कोई निष्कर्ष न निकलता देख सीरी बाबू ने समाधान दिया – हम खुद ही हर टोले की अलग सम्हति का बाँस सुभीता से गड़वा देंगे। बाकी उस टोली पर निर्भर करता है कि उसे बढ़ाये और फूँके या रहने दे। अपने अपने जाति की सबको ऐंठन है। इस जमाने में सब सबरन हैं और सब सूद। कोई नहीं जलेगी तो मेरे खेत वाली तो जलेगी ही। देखी जायेगी कि लोग शामिल होते हैं या नहीं!

सम्हति जैसा छुद्र मामला भी इतना जटिल हो सकता है! केदार कोइरी को समझे में नहीं आ रहा था।

दिन बीतते गये। गड़े बाँस सूखते गये लेकिन सम्हति बढ़ाने को किसी ने एक तृण भी नहीं रखा। दहन की साँझ भी आ पहुँची तो चिंतित खरहरा पंडित सीरी के दुआर पहुँचे। सीरी ने उन्हें आश्वासन दिया – मौका मोकाम देख लिया है। रात में काम हो जायेगा। घर घर साइत का सन्देसा पहुँचवा दो।

दहन के पहले ही सब लोग खा पी कर पटा गये लेकिन पूरे गाँव के पेट में जैसे उत्सुकता की आग लगी हुई थी। बाकी सब जगहों को छोड़ लोग बस उस तिराहे की ओर ध्यान लगाये हुये थे – क्या होगा?

समय होने पर सीरी बाबू ने अपने तीनों बेटों को उठाया। खरहरा पंडित को मिला कर कुल पाँच जन तेलियापट्टी की ओर चुपचाप चल दिये – सम्हति में चोरी का पतहर न पड़े तो कैसी सम्हति? पाँचो ने खामोशी से एक एक बोझा उठा लिया। कुछ पल ही चले होंगे कि पीछे से चोर, चोर और गालियों की आवाजों के साथ अनेक कदमों के दौड़ने की आहटें जुवा हो गईं। पाँचो ठिठके और सीरी कुछ समझ पाते कि उनके बेटों में से दो तो अपने अपने बोझ पटक भाग पड़े। बचे तीनों ने अपने बोझ वहीं पटके और खड़े हो गये।

लानटेन, टार्च की रोशनी में तीनों ने देखा – घेरने वालों के हाथों में लाठियाँ चमक रही थीं।

सीरी बाबू बोल पड़े – सबको पता है कि मैंने सबके लिये सम्हति गड़वाई थी। मैं चाहता तो पतहर भी रखवा कर अपनी सम्हति तो जला ही देता लेकिन चोरी और गाली की रस्म का क्या होता? अब दोनों पूरी हो गईं। हमलोग खड़े हैं, मारना हो तो मारो या चाहे जो करो, भागेंगे नहीं। बस सम्हति जलनी चाहिये।

निरगुन तेली आगे थे लेकिन चुप रहे। जुलमिया निकल कर सामने आया – घर छाने के लिये जुटा कर रखा था लेकिन अब तो यह पतहर मसान की चीज जैसा हो गया। जो करना हो करिये। हम से तो मार पीट नहीं हो पायेगी।

पंडित को हिम्मत बँधी तो बुद्धि ने वाणी पाई – ले जायेगा कौन पाँच बोझा, आदमी बस तीन?

जुलमिया ने अवसर का लाभ उठाया – छिनरो के छौंड़े चोरी करें, मारि डरे भागि परें... सर र र र र....

समवेत स्वर के सर र र र का उत्साह था और अन्धेरा भी – जिस बात पर आँखों में खून उतरना था, उस पर सीरी के होठों पर आ उमगी मुस्कुराहट को किसी ने नहीं देखा। तेलियापट्टी के पाँच जवानों ने बोझे उठा लिये।    

लुकारों के प्रकाश में जब सभी तिराहे पहुँचे तो चारो ओर लोग जमा थे। हर आदमी ने अपनी जात से अलग जात वाले को नोटिस में लिया और मनों में सामूहिक स्वीकार हुआ कि पूरा गाँव जमा था। बहोरन बाबू आग लगाने चले कि एक स्त्री स्वर से सब चौंक गये – थामो! होली हम जलायेंगे।

नागिन यानि सोमा? ऐसा कैसे? असतोसवा के मेहरारू? असतोसवा कहाँ है? ....होली जलाने जनानी? यह कैसे हो सकता है? जाने कौन जाति?

सीरी बाबू को लगा कि मौका दुरुस्त है, सबको सम्बोधित हो बोल पड़े – सम्हति में जात पात, छूत छात, मरद मेहरारू सब माफ! लगा लेने दिया जाय।

हाथ में लुकारा ले सोमा ने गोद के बच्चे को खरहरा पंडित को थमाया – आशुतोष दिल्ली गया है, रहता तब भी आज उसे घसीट ले आती लेकिन हमारे यहाँ गाली गलौज नहीं होता है। इस साल आप लोग भी न कीजिये, बस इस साल।

सम्हति की आग धधक उठी। पहली लपट को देखने से बचने को मुँह दूसरी ओर किये लोगों ने जब मुँह वापस फेरा तो जलती होली के प्रकाश में खड़ी बुलन्द आवाज में बोलती सोमा कुछ और ही लगी – पिछले साल अपनी झोपड़ी में आग मैंने खुद लगाई थी। हमारे यहाँ मानते हैं कि जिस गाँव में होली नहीं जलती उसका सत्यानाश हो जाता है। अपने गाँव का ऐसा कैसे होने देती?
रुक कर उसने पंडित की गोद में रोते अपने बच्चे की ओर इशारा किया - उस समय तो यह भी पेट में था!
 

भीड़ पर जैसे बिजली गिरी थी, सन्नाट हो गई!

कुछ न समझ पाने पर भकुवाये पंडित ने गोद के बच्चे को हल्के से उछाल कर जयकारा लगाया – बोलो होलिका मइया की .... लोगों ने सन्नाटा तोड़ा – जय!

... जाने कितने प्रश्न पीछे छोड़ती रहस्यमयी नागिन अन्धेरे में लुप्त होती चली गयी। लौटती भीड़ के उत्साह के कारण उस साल पहली और आखिरी बार गाँव में तीन होलिकायें और जलीं।

सीरी बाबू की खोंपी पुन: स्वाहा हुई लेकिन अबकी वह उलझे हुये थे और उदास भी – असतोसवा जानेगा तो सोमवा के साथ जाने किस तरह पेश आयेगा?                                         

निरगुन को ऐतिहासिक चूतिया कहने की साल भर पहले की गयी ग़लती की माफी छ्ट्ठू यादव ने यूँ माँगी – झूठ थोड़े है बनिये के दिमाग वाली कहावत!

निरगुन को ऐसी कोई कहावत पता नहीं थी लेकिन प्रकट में गुर्राये – जात मत बिगाड़ो, तैलंग बंस का दिमाग कहो।

छ्ट्ठू चुप्प!

(समाप्त)