गुरुवार, 4 फ़रवरी 2010

आभासी संसार का होलिका दहन

जो आ रही है वह ब्लॉगरी प्रारम्भ करने के बाद की मेरी पहली होली होगी। छोटे समयांतराल में ही मैंने हिन्दी ब्लॉगरी को समृद्ध होते देखा है - एक से बढ़ कर एक नगीने जुड़ते रहे हैं। इस आभासी संसार में उत्सव भी तो होने चाहिए। होली आ रही है, क्यों न यहाँ भी मनाएँ ?
आप को पता ही होगा कि होलिका दहन के दिन शरीर में उबटन लगा कर उसकी झिल्ली (छुड़ाया हुआ भाग) होलिका के साथ जला दी जाती है।मंगल कामना रहती है कि घर के हर सदस्य के सारे दु:ख दर्द भस्म हो जाँय।
.. ब्लॉगरी को घर परिवार मानने से कई वस्तुनिष्ठ लोगों को आपत्ति हो सकती है लेकिन फागुन बयार शास्त्रीयता की परवाह ही कहाँ करती है ! जैसे घर के सदस्यों में होता है, मन में ढेर सारा अवसाद का कूड़ा इकठ्ठा हो गया है। कतिपय चर्चाएँ,टिप्पणियाँ और लेख आप के लिए कष्टकारी रहे होंगे। दिख ही रहा है कि बात अब न्यायालय के द्वार पहुँचाने की हो रही है। ऐसे में एक निवेदन है - उन लोगों से जो स्वार्थ वश भद्दी चर्चाएँ, लेख और टिप्पणियाँ करते, लिखते रहे हैं और उनसे भी जो इन सबसे सुलगते रहे हैं, कष्ट पाते रहे हैं - सारे छ्ल, अमंगल, दुर्वाद, कष्ट, क्रोध, आभासी संसार की होलिका में जला दें। उल्लास की नई हवा बह चले। 
पुन: आपसी संवाद की बसंती बयार बह चले।
इस पुनीत कर्म के लिए एक ई मेल पता सृजित किया गया है:
स्पैम से बचने के लिए चित्र में दिखाया गया है। आप को टाइप करना पड़ेगा। 
अपने सारे छ्ल, अमंगल, दुर्वाद, कष्ट, क्रोध इस पते पर भेज दें। उन्हें भेजने के साथ ही उनसे मुक्त हो जाँय। बढ़िया हो  कि जिनसे कष्ट है और जिन्हें कष्ट दिया है, उन्हें मेल, फोन द्वारा - "बुरा न मानो" कह कर हँस हँसा लें।
होलिका दहन के दिन इस आभासी संसार की आभासी होली जलेगी जिसमें सारी नकारात्मक बातों, भावनाओं को भस्म कर दिया जाएगा। कृपया गालियों को होलिका दहन  के दिन चौराहे पर गाने के लिए बचा कर रखें, उन्हें मेल न करें।
मेरे कविता ब्लॉग पर फाग महोत्सव जारी है। शुरुआत यहाँ से है, आगे भी रचनाएँ हैं और जारी भी रहेंगीं । आनन्द उठाते रहें - लेख, कविता, फाग गीत, बन्दिशों का भी और टिप्पणियों का भी। 

रविवार, 31 जनवरी 2010

गिरिजेश रिपोर्टिंग - मछली बाजार से ...

मछलियाँ - सम्भवत: एकमात्र जीव जिनके सान्निध्य में समूचे विश्व में मानव समाज की एक जाति ही बन गई - मछुआरे। दूर देश की यात्राओं में नदियों की भूमिका ने मछुआरों मल्लाहों को गरिमा दी। विश्व सभ्यता, इतिहास और साहित्य के विकास में मछलियों और मछुआरों का बड़ा योगदान रहा है। IMG222-01
आज के दौर में भी करीब रोज ही मन में आ ये पंक्तियाँ उसे जाने कैसा कर जाती हैं:
"एक बार फिर जाल फेंक रे मछेरे, जाने किस मछली में बन्धन की चाह हो !"
और फिर बर्मन दा का "ओ रे माझी... मेरे साजन हैं उस पार ..”
... भारतीय सन्दर्भ देखें तो वर्ण और  जाति व्यवस्था पर बड़ी रोचक बातें नज़र आती हैं। मत्स्यगन्धा धीवर कन्या के साथ नाव में पराशर का संयोग और जन्म कृष्ण काया, द्वीप के निवासी द्वैपायन का जो व्यास बना। ऋचाओं को संहिताबद्ध किया, अथर्वण परम्परा को त्रयी परम्परा में स्थान दिलाया और रच गया वह महाकाव्य जैसा फिर नहीं रचा जा सका - महाभारत।
... ब्राह्मण पिता और मछुआरिन माता के संयोग का सुफल द्वैपायन कुरुओं और भरतों की गर्वीली क्षत्रिय परम्परा के लिए नियोग द्वारा संतति देता है - पांडु और धृतराष्ट्र। अपने समय का सर्वश्रेष्ठ ऋषि बनता है - मछुआरिन का बेटा।  
कहाँ हो जाति और वर्ण शुद्धता के धुरन्धरों !
.. आज कृषि की वैश्य परम्परा अपनाए ब्राह्मण, क्षत्रिय, भूमिहार ... सब एक जाति हो गए हैं - खेतिहर।
मिल गए हैं कोइरी, कुर्मी, आभीर परम्परा से - बन गए हैं किसान।
एक दु:ख दर्द, एक खुशी, कमोबेश एक सा जीवन .. लेकिन 
3,13 की माला जपते हैं पंडित मार्तण्ड शुक्ल 'शास्त्री' ; सूर्य और चन्द्र से नाता जोड़ते हैं ठाकुर जनार्दन सिंह; कृष्ण भगवान के डी एन ए खोजते रहते हैं कन्हैया सिंह यादव और वृषल चन्द्रगुप्त की जन्मपत्री लिए घूमते हैं ज्वाला प्रताप मौर्य...
धन्य भारत भू ! जय हो !!

... बंगाली लोग कहते हैं मछली खाने से दिमाग तेज होता है। उपर की बातें बड़के भैया के निमंत्रण पर उत्तर प्रदेश मीन महोत्सव में खाई गई मछली से उपजी दिमागी तेजी से आई हैं। हमार कउनो कसूर नाहीं । ... हम तो बंगाली दादाओं की बात के कायल हो गए हैं लेकिन दाल में सुम्हा मछली पका कर तो नहिंए खा पाएँगे। 
कल डा. अरविन्द मिश्र जी के निमंत्रण पर मोतीमहल लॉन, लखनऊ में आयोजित मीन महोत्सव में मैं सपरिवार गया था। भव्यता, विविधता और व्यवसायिकता देख कर हम लोग दंग रह गए। माया मैम की लाठी का असर हो या साल में एक बार ही सही, जग जाने की परम्परा का पालन हो, लग गया कि राज्य सरकार के अधिकारियों में दम है। ये बात और है कि वहाँ से लौटने के बाद घटित दुर्घटना ने उन्हें गरियाने का मौका दे ही दिया और एक बार फिर मैं अपने पूर्वग्रह के किले में बन्द हो गया – ये सब बस वैसे ही हैं। 
- वैसे दम कुछ ही लोग लगाते हैं और बाकी ?
- बस 'जोर लगा के हंइसो हंइसो' कहते रहते हैं जब कि असल में अपने दम को स्वयं और आका के दमदमी टकसाल में सिक्के जमा करने के लिए बचा रखते हैं।
पूर्वांश की अनुभूति बड़के भैया को मंच संचालन करते देख कर हुई। उत्तरांश की अनुभूति उस समय हुई जब हम फिश फ्राई और कबाब भकोस रहे थे। (दाईं ओर के चित्र को देखिए, भैया भी खड़े हैं। न, न... शाकाहारी हैं - कुछ ऐसा वैसा न सोच लीजिएगा। मंच छोड़ कर बीच बीच में यह देखने आ रहे थे कि हम लोग ठीक से काँटा निकाल कर खा रहे हैं कि नहीं ? :)    
एक सज्जन टाई धारी ऑफिसर खुलेआम किसी ठीके की बावत दो लाख रुपयों की माँग एहसान जताते कर रहे थे।
मोबाइल पर दूसरी तरफ से क्या कहा जा रहा था, यह तो नहीं पता लेकिन जब उन्हों ने किसी मंत्री जी की बात कर आवाज धीमी की और पेंड़ के नीचे चले गए तो हलाल होते जाने कितनी जानों का खयाल कर मैं बाल्मीकि हो गया और उतर आया उत्तर अंश अनुष्टप।
.. तो आयोजन भव्य था। तरह तरह के स्टाल और शामियाने लगे थे। कृत्रिम लघु झरने, भाँति भाँति के अक़्वेरियम, मछलियों और झिंगों के संरक्षित शरीर, ग्लास, स्फटिक के बने हुए मत्स्य मॉडल, फिश फार्मिंग की जानकारी देते सरकारी और प्राइवेट स्टाल, मछली पालन के विविध आयामों की जानकारी देती हुई संगोष्ठी जिसमें इतर राज्यों से आए वैज्ञानिक भी थे और लखनऊ के आस पास से आए तमाम किसान, मछुआरे भी...पंडालों और तम्बुओं की भव्यता वी आइ पी विवाह सी छटा बिखेर रही थी।
दूर बैठे लोगों को वैज्ञानिकों द्वारा बताई जा रही काम की बातें दिखाई सुनाई दें, इसके लिए दो बड़े आकार के एल सी डी मॉनिटर तक लगे हुए थे मय ध्वनि विस्तारण यंत्र। राज्य सरकार की तरफ से लोगों को फिश फ्राई, फिश कबाब और अस्थिविहीन मत्स्य व्यंजनों का सुस्वादन कराने के लिए स्टाल भी लगा था जिसमें ताजा माल बनते हुए, देखते हुए आप रसास्वादन कर सकते थे।
ब्लड प्रेशर नापने और मधुमेह की घरेलू मॉनिटरिंग के लिए इलेक्ट्रॉनिक यन्त्र बेंचती फर्म थी तो यूरोपियन स्टाइल की बंशी का प्रदर्शन करते गँवई उद्यमी भी थे। ओझवा को बताना है कि हमरे उसके ऊ पी में यह सब मिलता है। हैट लगा कर केवल फोटो न खिंचवाए बल्कि बलिया की गंगा किनारे बैठ थोड़ी मछली भी मार लिया करे। बहुत हुईं ये गणित और इंवेस्टमेंट बैंकिंग की बातें !

.. खेतिहर लोग अब मछुआरे बन रहे हैं। एक और खामोश क्रांति ? बाभन, ठाकुर, अहिर, चमार ...में मछुआपन भी जुड़ रहा है। .. मूँछ पर ताव देते ठाकुर साहब 5 किलो का रोहू उपजाए हैं। .. सामाजिक तनुता के बढ़ने की प्रक्रिया बहौत धीमी होती है।
IMG227-01
IMG226-01बड़ी बड़ी गोभियों को देख तो हम बौरा गए
मूली का साइज देख भन्ना भी गए !
हरे देसी टमाटर और आलुका के क्या कहने !





 


बड़के भैया के साथ हम सपरिवार - प्रदर्शनी पंडाल में।
Picture 115
Picture 115 Picture 113
अब आप जरा नीचे के इन फोटुओं को भी देख लें।


(1)IMG219-01
IMG217-01 (2)

(3) IMG221-01
IMG224-01 (4)

(5) IMG228-01
(1) मेरे सुपुत्र महोत्सव स्थल पर
(2) प्रदर्शनी में दिखाया गया दीवार पर लगाया जा सकने वाला एक झरना
(3) इस जाल को आप ने चँवर खेतों में लगा देखा होगा!
(4) झींगे ही झींगे
(5) बाप रे ! इतनी बड़ी मछली !
कठपुतली नृत्य का भी आयोजन था लेकिन उसे छोड़ हम लोग वापस आ गए। कुछ अतिथि आने वाले थे। सम्भवत: किसी ईश्वर ने मेरे लिए यह देखना तय कर रखा था कि गड्ढे में भैंस कैसे गिरती है और तब आपदा से निपटने को मज़दूरों की तरफ से कैसे नेतृत्व सामने आता है !  
IMG230-01मीन महोत्सव में प्रदर्शित बहुत सी वस्तुएँ हम गरीबों की जेब से बाहर थीं लेकिन एक छोटा फिश पॉट और चार छोटी गोल्ड फिश हमलोग खरीद लाए। कोई आवश्यक नहीं कि बड़ी खुशियों के लिए बड़े और महँगे आधार ही हों ...छोटी छोटी खुशियों को सहेजती ज़िन्दगी गुनगुनी हो जाती है - आज की खिली धूप की तरह। IMG234-01
मछलियों को अक़्वेरियम के पानी से एकदम घर के पानी में नहीं डाला जाता। तापमान के अंतर से मिनटों में वे मर जाती हैं। विधि यह है कि घर का पानी फिश पॉट में भर कर मछलियों  को मय पुराने पानी और पॉलीथीन पॉट में रख दें। दो घंटों में धीरे धीरे जब दोनों ओर का तापमान समान हो जाता है तो मछलियाँ भी अनुकूल हो जाती हैं। फिर पॉलीथीन को निकाल कर उन्हें फिश पॉट में डाल दीजिए। देखिए कैसे तैर रही हैं !
 हाँ, हम फिश फ्राई खाते हैं और मछली पालते भी हैं - घर के सदस्य की तरह। दोनों में अंतर है।
.. सोच रहा हूँ कि मन के भावुक अक़्वेरियम से अपने को निकाल कर इस दुनिया की धार में छोड़ दूँ तो तापमान के अंतर से कहीं मेरा वह सब कुछ मर तो नहीं जाएगा जिसकी बदौलत मैं इतना खुश रहता हूँ ?

शनिवार, 30 जनवरी 2010

... गई भैंस गड्ढे में

नगरपालिका, जल संस्थान वगैरह के गड्ढों को मैं इस देश की छाती के नासूर मानता हूँ। ये गड्ढे भारत के प्रशासन को चलाते लोगों की सम्वेदनहीनता के मवाद सँजोते हैं और गन्धाते रहते हैं। ये गड्ढे आम नागरिक की सहिष्णुता और कष्टसह्य प्रकृति को उजागर करते हैं। हमारे उन्नत राष्ट्र होने की गाड़ी इन्हीं में फँसी पड़ी है।
ये हैं इसलिए हैं - बँगलों में चाँदी के तम्बू तले बाँसुरी बजाते कृष्ण कन्हैया; भयानक ठंड में पॉलीथीन के आशियाने में ठिठुरते मजदूर; राशन की लाइन में खाँसते बुजुर्ग; खेलने पढ़ने की उमर में घरों में काम करती लड़कियाँ;  चन्द रुपयो की नौकरी में शोषित होते हमारे जवान; आत्महत्या करते किसान ..... भारत की यह जैव विविधता इन गड्ढों की बदौलत अक्षुण्ण है।
वेतन की स्केल से कैसे भी न नापी जा सकने वाली समृद्धि की ऊँचाई इन गड्ढों की गहराई से अपनी उठान लेती है।
गड्ढे बताते हैं कि हम कितने भ्रष्ट हैं।
मेरा पड़ोसी गड्ढा मेरे तमाम प्रयासों जैसे नेट शिकायत, पत्र, रजिस्टर्ड पत्र, टेलीफोन, फॉलोअप के बावजूद पिछले आठ महीनों से वैसे ही है। इस देश में अगर व्यक्ति जागरूक है तो या तो वह आत्महत्या कर लेगा या हत्या कर देगा । और कोई रास्ता भी नहीं है। मैं इस कथन द्वारा अपनी जागरूकता को लगाम लगाता रहता हूँ। ... All is well, All is well … लेकिन आज मेरी आशंका सचाई में बदल गई। उस बिना चैम्बर के खुले सीवर मैन होल में एक भैंस गिर गई। जिन मजदूरों को हम जागरूक लोग रस्टिक कहते हैं, उन लोगों ने बिना किसी अपील के स्वत: आ कर प्रयास कर भैंस को बाहर निकाला। नीचे चित्रों में देखिए । ऐसा उन लोगों ने इसलिए किया कि वे लोग 'विशिष्ट श्रेणी के आम' नागरिक हैं - पर दु:ख कातर। संतोष हुआ कि  पॉलीथीन के आशियाने में ठिठुरते बिहारी मजदूरों में संवेदना जीवित है।
30012010 30012010(001)
30012010(002) 30012010(003)
30012010(004) 30012010(006)
हिंसक प्रसन्नता भी हुई कि जो अहिर मेरे तमाम बार कहने पर भी अपनी भैंसों को खुले छोड़ मेरे पौधों का नाश करता रहा, उसे आज सबक मिला। नहीं, वह गरीब नहीं है - बाइस लाख की जमीन में भैंसियाना खोले हुए है बड़े साहब का जिनके बँगले में चाँदी के तम्बू तले बाँसुरी बजाते हैं कृष्ण कन्हैया। कन्हैया जी को भोग के लिए शुद्ध दूध दधि चाहिए।
हाथी के दाँत नहीं अब हजारो हाथियों के संगमरमरी बुतों की शक्ल में हजारो करोड़ पानी में बहाए जाते हैं लेकिन एक सीवर के मैनहोल को ढकने के लिए धन नहीं है।तंत्र नहीं है। जन नहीं हैं। सीवरों के मैनहोल ढक्कन कागजों में लग कर दीमकों द्वारा खाए जा चुके हैं। इन सीवरों का पानी कहीं नहीं जाता, इन धनपशुओं के भगवान को स्नान कराने के लिए प्रयुक्त होता है।   
.. क्या होता अगर उस गड्ढे में कोई मनु संतान गिर गई होती ! जो किसी की हँसती बिटिया होती, किसी का लाल होता !!
क्या इस समय मैं ऐसे पोस्ट लिख रहा होता ? थाने के चक्कर लगा रहा होता या हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट का इंतजार कर रहा होता। मुझमें कहीं अभी संवेदना जीवित है लेकिन उन हरामखोर मक्कारों का क्या करें जिनके मुर्दाघरों में मवाद पल रहा है  ...

शनिवार, 23 जनवरी 2010

पुरानी डायरी से -11 : ... मैं बूढ़ा हो गया ...

22 मई 1992, समय:__________                                                          .... मैं बूढ़ा हो गया ...



सुबह सुबह आज 
दाढ़ी बना रहा था।
थोड़ा सा एकांत देख
बीवी ने कहा
सुनते हो, बिटिया सयानी हो गई है
कहीं बातचीत तो करो ! 


उसी पल 
शीशे में कनपटी के बाल सफेद हो गए।
चेहरे की झुर्रियाँ उभर कर चिढ़ाने लगी मुँह । 
आँखें धुँधली हो गईं।
उसी पल
मैं बूढ़ा हो गया।
... मेरे भीतर कुछ टूट गया। 

शनिवार, 16 जनवरी 2010

बाउ और मरा हुआ सिध्धर -2 : लंठ महाचर्चा

ममहर में खलिहान पहुँचते ही आदतन गाड़ा पर से बाउ कूद पड़े। गाड़े को मामा के दुआर की तरफ ले जाते बैलों को देख बाउ बुदबुदाए,
” जानल बूझल  गलती मानुख करेला, डंगर नाहीं। जानते बूझते भी गलती मनुष्य करता है, बैल नहीं।“
पिपराइच की मंडी में गुड़ की लदनी करते बाउ बैलों को लीक पकड़ा सो जाया करते थे, मजाल क्या कि बैलों ने कभी भी पहुँचने या लौटने में गलती की हो! अधराति एक बार जब उनकी नींद टरक के भोंपा से खुली तो देखा कि टरक और गाड़ा आमने सामने खड़े थे और बीच डगर बिसाल निलबाछा मरा पड़ा था। उस दिन डलएबर ने बैलों की खूब तारीफ की थी।  खड़े हुए बैलों की चमकती आँखें नहीं दिखी होतीं तो काने टरक के साथ अनहोनी निश्चित थी।...
   खलिहान पर इकठ्ठे लोगों को पयलग्गी करते ही उनकी नज़र परबतिया के माई पर पड़ी। शायद उसी समय उसने भी बाउ को देखा था – लगा कि सुखरिया की कटी मूड़ी हवा में तैरती आ रही है,टप टप खून।
गोरा, सुदर्शन मुस्कुराता सुखरिया !
काला कुरूप अट्टाहस करता बनमानुख  - लाल लाल आँखें ज्यों रात में धू धू कर जलती बखारें...renu
सुखरिया, बनमानुख , मुसकान, अट्टाहस, सुखरिया, अट्टाहस, बाउ, मुस्कान, अट्टाहस  – हा, हा, हा,....
 परबतिया के माई के चेहरे का रंग उतरता चला गया ।
झाड़ा फिरने निकला पेचिश का मरीज सोहिता रिक्शा वाली दिल्लगी सुनने के बहाने बहोरना के साथ उस समय वहीं खड़ा था। उसके चेहरे की पल भर में उतरी रंगत दिखी और फिर बाउ!
रक्कतसोख बरमराछस !! 
इस तरह से आदमी की रंगत बदलती उसने आज तक न देखी थी। परेत, बरमराछ्स की सुनी हुई कथाएँ यकायक याद हो आईं और लगा कि पेट में धनकुट्टी चलने लगी हो !  हाथ में हरदम रहने वाला पानी भरा लोटा छूट जमीन पर ढुलक ढुलक बह चला और खड़े खड़े वहीं धोती में ही
छेरने लगा।
बहोरना तो मारे बदबू के नाक पर गमछा लगाए हट गया – धुत्त इयार, ई का धत्त दोस्त, ये क्या ?
सबको भारी अचरज में डालते हुए परबतिया के माई अपने घर की ओर भाग चली। जिसके लिए दस कदम भी एक साँस चलना मुहाल था, वह ऐसे दौड़े जा रही थी जैसे
पँचई की रेस लगी हो!
मधया तो मुँह बाए कभी अपना रिक्शा देख रहा था तो कभी बाउ को ! अचानक पीपल के पत्ते कुछ अधिक ही डोलने लगे थे ।
बरमराछस !
उस शाम घर घर पुरानी बातें नमक मिर्च कलेवा हो गई थीं ।

(उ)
अपनी झोंपड़ी में पहुँच परबतिया के माई ने
चेंचरा लगा दिया। चेंचरा पीटती मधया की आवाज फैलती रही। उसकी मैभा महतारी सरापती विलपती अपने बेटे को खींचती घर ले गई – “मुँहझौंसी कुटनी ! रेक्सा पर घुम्मे खतिरा भेस बनवले रहलि हे एतना दिन । कलमुँही, कुटनी! रिकशे पर घूमने के लिए इतने दिनों से भेष बनाए थी..” । फिर किसी ने कुछ कहना उचित नहीं  समझा – बिहाने देखल जाई सुबह देखी जाएगी ।
जिस मरद से इतने बरस
घिरना ही घिरना रही, जिसका गला काटते एक पल भी नहीं सोचा, जिसको सुखरिया कह कर बुलाते आज तक शरम नहीं आई, काला पानी की सजा के दौरान भी जिसकी याद में एक आँसू तक न गिरा था वह आज क्यों ... ? ऐसा क्या था इस बनमानुख में जो कत्ल की रात बिना सोचे समझे उसकी बात मान अपने मरद को ही काट डाला था? कैसा भी था , आपन मनई था !
परबतिया की लाज और उसको मार से बचाने के लिए टाट फाड़
परगट हुए बाउ याद आए, साथ ही फिर याद आया सिर कटा दुआरे सुलाया गया सुखरिया ! फूट फूट कर रोते जमीन पर गिर पड़ी । देह में इतना दाहा, इतनी गरमी जैसे उस दिन बखारें जल रही थीं .... परबतिया के माई ने सारे कपड़े शरीर से नोच कर फेंक दिए।
मरा हुआ सुखरिया इतने दिनों के बाद बदला ले रहा था !
(ऊ)  
स्तब्ध हुए थे बाउ और फिर पहचान भी गए थे। ...  मामा से पूरी कहानी सुनते सुनते जाने कब आँख लग गई।  
अधराति नींद खुली तो पाया कि तकिया के दोनों और नमी थी। आँखें अभी भी नम सी थीं। बेचैनी हुई और बाहर निकल परबतिया के माई की झोपड़ी की ओर चल पड़े।
झोपड़ी में रोशनी थी। चेंचरे से छ्न छन कर दिखती रोशनी -
लपर लपर। बाउ ने धीमी पहचान वाली आवाज लगाई – मामी!
जैसे पुकार का कोई असर ही न पड़ा हो। थोड़ा और नजदीक आने पर हिचकियों की आवाजें आने लगी थीं ।  जमीन पर बैठ कर चेंचरे के थोड़े
फरकोर हिस्से पर आँख लगाई । ये क्या ? एकदम उघारे थुलथुल काया जमीन पर बैठ विलाप कर रही थी – कोई आवाज नहीं, बस हिचकियाँ । लय में झोंटा खोले सिर उपर ले आती फिर जमीन से छुआती।
ह हँ – ढेबरी की लौ बुझने को होती 

ह हँ – ढेबरी की लौ जी उठती ... 
अधेड़, देह पर लदर लदर मास लिए एकदम नंगी औरत ! - बाउ एक क्षण को जुगुप्सा से भर उठे थे लेकिन फिर जैसे सब कुछ जी उठा। यहीं तो ... ! कटी हुई मूड़ी – मरा हुआ सुखरिया।
वापस जाने का मन न हुआ। जमीन पर ही लेट गए -  ठीक उसी जगह ।
थोड़ी देर में ढेबरी भी बुझ गई लेकिन हिचकियाँ सुनाई दे रही थीं । बाउ दुबारा सो गए।

(ए)
महतारी की नजर बँचा मधया सुबह अपने काकी के घर आया तो पाया कि अभी तक चेंचरा बंद था। 
काकी काकी पुकारता चेंचरा देर तक पीटता रहा तब कहीं चेंचरा खुला। काकी बाहर आई – उसकी आँखें सूजी थीं और चेहरा बेरंग। हिकारत से उसे देखते बोली,

”का बिहाने बिहाने बजर डरले बाड़े ? भागु इहाँ से क्या सुबह सुबह शोर कर रहे हो, भगो यहाँ से!”
आज तक काकी ने उससे इस तरह बात तक नहीं की थी - भगाना तो नामुमकिन था। लेकिन आज ..!
उदास सा वह अपने घर वापस चला गया। परबतिया के माई के शरीर में सुखरिया की लाश जल रही थी। शरीर में जाने कहाँ से इतनी जान आ गई थी कि चलने फिरने के लिए किसी सहारे की जरूरत नहीं रही।  लेकिन वह जलन । ताप बढ़ता गया और फिर उसके मुँह से जाप सा निकला – सुखरिया, सुखरिया .... पहले बुदबुदाहट फिर सुनाई दे सके वैसी आवाजें लय के साथ –
मरल सुखरिया, मरल सुखरिया, मरल सुखरिया ....
गाँव मे बात फैल गई – मधया के काकी पगला गइलि बा, उसे अब कोई परबतिया के माई नहीं कहता था ।
बाउ ने सुना लेकिन हाल पूछने नहीं गए। रात का देखा नजारा अभी भी दिमाग पर हाबी था – अपशकुन सा।   मन ही मन तय किया कि सुत्ता पड़ने के बाद रोज परबतिया के माई के दुआरे जा कर सोया करेंगे।
(ऐ)
रात की बेला। ढेबरी की लपर लपर । हिचकियों की आवाज। बाउ ने झाँका ।
आज भी परबतिया के माई उसी अभिचार में लगी थी लेकिन शरीर पर कपड़े थे। जाने क्यों बाउ ने संतोष की साँस ली और सो गए।
भिनसारे से कुछ पहले अचानक जोर की आवाज से नींद खुली तो देखा कि थुलथुल औरत तेज कदमों से गाँव के बाहर जा रही थी। चुपचाप पीछे लग लिए।
बसगित से बाहर आते ही परबतिया के माई दौड़ चली। बाउ पीछे पीछे इस तरह लगे रहे कि उसको पता न चला। पोखरे के किनारे आ कर थोड़ी देर खड़ी बड़बड़ाती रही – मरल सुखरिया,
जरल सुखरिया, मरल सुखरिया .... और अचानक छपाक से पोखरे में कूद गई। आव न देखा ताव बाउ ने भी छ्लाँग लगा दी।
उसे पोखरे से बाहर निकाला तो बेहोश थी ।  दोनों बाहों में उसे उठाया तो लगा कि उसके शरीर में कुछ
तड़फड़ा रहा था। जो शरीर देखने में इतनी भारी लगती थी, असल में उसमें वजन जैसा कुछ था ही नहीं।
उसकी बेहोश देह को बाहों में उठाए बाउ चोरों की तरह गाँव में जब वापस आए तो अभी अँधेरा था। चुपचाप उसे झोपड़ी में लिटाया और मामा के घर चले गए।

(ओ)
परबतिया के माई की पगलाई बढ़ गई थी। झोंटा लहराए अस्त व्यस्त कपड़ों में वह अकेले गाँव में घूमने लगी, वही बुदबुदाहट, बड़बड़ाहट – मरल सुखरिया, जरल सुखरिया ....    
किसी ने कुछ दिया तो खा लिया नहीं तो बस बहुत धीमे धीमे घूमना और जपना ! आश्चर्य था कि बाउ के पास नहीं गई। उसकी देह
बस्साने लगी। दिन चढ़ते चढ़ते बदबू इतनी तेज हो गई कि उसके पास खड़े होना भी मुहाल हो गया।
और शाम होते होते बच्चों और बड़ों को मनोरंजन का एक साधन मिल गया ।
उसको घेर कर नाक पर हाथ धरे बच्चे लकार लेने लगे 
“मार बढ़नी काकी बसइलि का ?” मर परे, काकी बदबू मार रही है क्या ? 

मनचले जवान पूरा करने लगे
“ काका मुअवलि डेरइलि का ?” काका की जान लेते डरी थी क्या?

अधिक बरस नहीं बीते थे, सुखरिया अत्याचार और शोषण का खलनायक था जिसकी मौत पर सबने मौन उत्सव मनाया था। आज चन्द क्षणों के मनमनसायन के लिए वह ‘काका’ हो गया था। उसकी मौत से सहानुभूति जताते लोग जीवित काकी के दु:खों से निस्संग मजा लेने में व्यस्त हो रहे थे।  हाय रे जन!
बाउ ने जाना सुना और बेचैन हो गए। उस बदबू का क्या कारण हो सकता था ? कहीं मन में अपराधबोध सा घर कर गया। उनके आने से इस ‘मर्दानी’ औरत की दु:ख यातनाएँ काटने के बाद सुखी हो चली जिन्दगी फिर नरक हो गई थी।
... उनको देखते ही परबतिया के माई का दौड़ पड़ना ... अचानक पागलपन - मरल सुखरिया, जरल सुखरिया ... नंगी हो स्यापा करती अधेड़ औरत ... पोखरे में कूदना ... बेहोश थुलथुल देह में वह अजीब सी तड़फन ... और बदबू । इनका आपस में  क्या सम्बन्ध हो सकता था?  उस रात बाउ सो नहीं पाए।

भोर में आँख लगी तो सपना देखा – हाथ मे सड़ी गली मछली लिए परबतिया के माई घर घर घूम रही थी, इसे कहाँ फेंकूँ ? लोग पागल से  हँस रहे थे। अचानक उसने बाउ के हाथ में रख दिया – बाउ ने देखा तो मछली की जगह सुखरिया का सिर था। नींद खुल गई । फिर नींद आई तो पोखरे में डूबती परबतिया के माई दिखाई दी ।
(औ)

सिर भारी था। एक बहुत ही उटपटांग निर्णय लेने के बाद बाउ दुविधा में पड़े थे। आखिरकार बैलों को खिला कर गाड़ा नाध कर खलिहान पर खड़ा कर आए । वापस आ मामा से बातें करने लगे:
”मामा एगो कार करेके बा। परबतिया के माई के दु:ख नाहिं देखल जाता।“ मामा, एक काम  करना है। परबतिया के माई का दु:ख नहीं देखा जा रहा।
”हँ, बताव।“ हाँ, बताओ।
”बताइब नाहिं। खरिहाने गाड़ा खड़िया देहेले बानी। अगर कुछ ऊँच नीच भइल त ओनहे से अपने गाँवे चलि जाइब । फेर कब्बो एइजा नाहिं आइब।“ बताऊँगा नहीं। खलिहान पर बैलगाड़ी खड़ी कर दी है। अगर कुछ ऊँच नीच हुई तो उधर से ही अपने गाँव चला जाऊँगा। फिर कभी यहाँ नहीं आऊँगा।
बाउ की बात पहेली सी लगी लेकिन कुछ तो अपने इस विचित्र भांजे का स्वभाव और कुछ बाउ के चेहरे का भाव, मामा सिर हिला कर रह गए।
(अं)
... खलिहान पर परबतिया के माई को घेरे लोग मनमनसायन में व्यस्त थे - मार बढ़नी काकी बसइलि का ?, काका मुअवलि डेरइलि का ?
वहीं पीपल के पेंड़ तले  मधया उदास आँखों से नजारा देख रहा था।
बाउ को लगा कि समय आ गया। चुपचाप गाड़ा को वहाँ ले गए, खडा किए और कूद कर घेरे में घुस गए।
परबतिया के माई बड़बड़ा रही थी – मरल सुखरिया .... बाउ ने उसके पेट और छातियों को झकझोरा जैसे मांस की पर्तों से कुछ निकालने की कोशिश कर रहे हों और फिर सामने से उसकी कमीज को उठा दिया – गला सड़ा गन्धाता एक सिद्धर जमीन पर गिरा। चिढ़ाना बन्द हो गया। उपस्थित लोग अवाक रह गए!  सरेआम उघर गई! मारे लाज के परबतिया के माई वहीं बैठ गई।
… बुदबुदाना बन्द हो गया था। आँखें मुँदीं थीं। चेहरे पर ऐसे भाव जैसे किसी और दुनिया को देख रही हो – अजीब सी बदबू लिए सुखरिया का सिर धू धू कर जल रहा था । सिर राख हुआ और बदबू खत्म हो गई। ...
... आँखें खुलीं तो सबने देखा काकी के चेहरे पर पुरानी रंगत लौट आई थी। अपार शांति।
काकी ने पुकारा,” अरे ए माधो ! रेक्शा ले आव घरे नाहिं जा पाइब।“
अरे माधो ! रिक्शा ले आओ, घर नहीं जा पाऊँगी।
मधया भागता  रिक्शा ले आया। काकी सवार हुई और बाउ को देख बोली,

” अरे भैने! तुहूँ आव बइठ। बड़ा बढ़िया बयार लागेला।“ अरे भांजे! तुम भी आओ बैठो। बहुत अच्छी हवा लगती है।   
बहोरना बोल पड़ा,” अरे काकी, फेर न ढिमिला जइह।“
अरे काकी, फिर न रिक्शे से नीचे जमीन पर लुढ़क जाना!
भौंचक्के से उपस्थित लोग लुगाई जोरों से हँस पड़े।

... बुढ़वा पीपल के पत्ते जोर जोर से डोल रहे थे। (प्रसंगांत) 
____________________________________________________________________________
शब्द संपदा:
(1) ममहर - मामा का घर (2)गाड़ा  बैलगाड़ी (3) लीक - सड़क (4) अधराति - अर्धरात्रि(5) टरक के भोंपा - ट्रक का हॉर्न(6) बिसाल निलबाछा - विशाल नर नीलगाय (7) डलएबर - ड्राइवर(8) काने टरक - ऐसा ट्रक जिसकी एक हेडलाइट न जल रही हो (9) पयलग्गी - अभिवादन(10) मूड़ी - सिर (11) झाड़ा फिरने - मलत्याग करने हेतु खेत की तरफ निकलना (12) रक्कतसोख बरमराछस - रक्तशोषी ब्रह्मराक्षस (13) छेरने लगा - दस्त होने लगे (14) पँचई की रेस - नागपंचमी की दौड़  (15) चेंचरा - चीरे हुए बाँस से बना झोंपड़ी का दरवाजा (16) सरापती - शाप देती (17) घिरना - घृणा (18) आपन मनई - गृहस्वामी (19) परगट - प्रकट (20) लपर लपर - लपलपाती (21) फरकोर - झिर्री (22) उघारे - नंगी (23) मरल - मर गया (24) बसगित - बस्ती (25) जरल - जल गया (26) तड़फड़ा - तड़पने के अर्थ में प्रयुक्त (27) बस्साने लगी - बदबू आने लगी (28) मनमनसायन - मनोरंजन (29) सिद्धर -एक प्रकार की छोटी मछली, उससे भी छोटी को सिधरी कहते हैं। 
_______________________________________________________________________________
  
लंठ महानिष्कर्ष:
हर युग, हर समाज में ऐसे लोग रहे हैं जिन्हों ने दूसरों जैसा ही देखा सुना लेकिन सोचा और किया - अलग ढंग से। इन साहसी लोगों ने वह सोचने का खतरा उठाया जिसके पास दूसरे फटक भी नहीं सके। .. तमाम वर्जनाओं और जड़ता से मुक्ति पा उन्हों ने जब अपनी सोच को कार्यरूप दिया तो चमत्कार हुए।